शहरों में किचन गार्डन का ट्रेंड काफी तेजी से बढ़ रहा है। ताजी और केमिकल-फ्री सब्जियां उगाने के लिए लोग घर की छत, बालकनी या छोटे से आंगन का उपयोग कर रहे हैं। वहीं, बैंगन लोग मार्केट से खरीदकर लाते हैं, जिसे आप घर पर ही आसानी से गमले में उगा सकते हैं।

मिट्टी को करें तैयार

बैंगन को गमले में उगाने के लिए आपको सबसे पहले मिट्टी की जरूरत होगी। इसके लिए आप भुरभुरी और अच्छी जल-निकासी वाली मिट्टी ही लें। अगर आप बैंगन को गमले में लगा रहे हैं, तो 40 प्रतिशत बगीचे की मिट्टी, 30 प्रतिशत गोबर की सड़ी खाद या कम्पोस्ट और 30 प्रतिशत रेत या कोकोपीट मिला सकते हैं। मिट्टी को अच्छी तरह मिलाने के बाद इसे गमले में भरें।

गमले में लगाएं पौधा

गमले में बैंगन का पौधा आप सीधे नर्सरी से खरीदकर लगा सकते हैं। अगर आप बीज से पौधा उगा रहे हैं, तो किसी छोटे गमले में बीज डालें और हल्की सिंचाई करें। अब गमले को ऐसी जगह रखें जहां अच्छी धूप आती हो। इससे 10-12 दिन में पौधे तैयार हो जाते हैं। पौधे तैयार होने के बाद आप उन्हें बड़े गमले में लगा सकते हैं।

बैंगन के पौधे की देखभाल कैसे करें?

बैंगन को रोज कम से कम 5 से 6 घंटे की सीधी धूप की जरूरत होती है। ऐसे में आप गमले को छत या बालकनी में रख सकते हैं। हालांकि, पौधे में पानी डालते समय कुछ बातों का ध्यान जरूर रखें। दरअसल, अधिक पानी होने पर जड़ें खराब हो सकती हैं। बैंगन के पौधे में आप दो से तीन सप्ताह में जैविक खाद, वर्मी कम्पोस्ट या सरसों की खली का घोल डालें। इससे पौधे की ग्रोथ बेहतर होती है।