लोग अपनी पसंद के अनुसार जगहों का चुनाव करते हैं। किसी को पहाड़ों, तो किसी को समुद्र किनारे समय बिताना पसंद होता है। इतिहास से प्रेम करने वाले लोग उन ऐतिहासिक जगहों पर जाना ज्यादा पसंद करते हैं जहां उन्हें कला, विरासत और संस्कृति की जानकारी करीब से देखने को मिलती है। अगर आप किसी जीवंत संग्रहालय जैसा अनुभव करना चाहते हैं और इतिहास को करीब से महसूस करना चाहते हैं, तो कर्नाटक के ‘बादामी’ जा सकते हैं। यहां इसे जीवंत संग्रहालय कहना इसलिए उचित लगता है, क्योंकि बादामी में प्राचीन मंदिरों से लेकर गुफाओं तक को देखने और उनके बारे में जानने का मौका मिलता है। बलुआ पत्थरों से बनी ऊंची चट्टानें, पहाड़ियों के बीच शांत झील, चट्टानों को काटकर बनाए गए प्राचीन मंदिर और सदियों पुरानी मूर्तियां बादामी के इतिहास की कहानी बयां करती हैं। आइए जानते हैं बादामी कैसे पहुंचे और इतिहास प्रेमियों के लिए यहां क्या-क्या देखने लायक है।

बादामी की पहचान

यह वही बादामी है, जिसे प्राचीन समय में ‘वातापी’ कहा जाता था और प्रारंभिक चालुक्य शासकों की राजधानी हुआ करती थी। यहां आपको भारतीय मंदिर वास्तुकला का विकास करीब से देखने को मिलता है। इसकी पहचान यहां स्थित चार गुफा मंदिरों से हैं, जिन्हें लाल बलुआ पत्थर की पहाड़ियों को काटकर बनाया गया है। ये मंदिर 6वीं और 7वीं शताब्दी के माने जाते हैं। इन गुफाओं में हिंदू और जैन परंपराओं से जुड़ी मूर्तियां देखने को मिलती हैं। इनके स्तंभों, दीवारों और मंडपों पर की गई नक्काशी उस समय के कलाकारों की अद्भुत शिल्पकला को दर्शाती है।

गुफाओं में किसकी मूर्तियां हैं

पहली गुफा महादेव को समर्पित है, जहां उनके नटराज स्वरूप की प्रभावशाली मूर्ति देखने को मिलती है। दूसरी और तीसरी गुफाएं मुख्य रूप से भगवान विष्णु से जुड़ी हैं। यहां भगवान विष्णु के अलग-अलग रूपों और अवतारों को पत्थरों पर उकेरा गया है। तीसरी गुफा चारों में सबसे बड़ी और विस्तृत गुफाओं में से एक है। इसकी नक्काशी में वराह, नरसिंह, त्रिविक्रम और हरिहर जैसे स्वरूप देखने को मिलते हैं। चौथी गुफा जैन धर्म से संबंधित है, जहां भगवान महावीर और अन्य तीर्थंकरों की मूर्तियां देखी जा सकती हैं।

झील

गुफाओं के सामने अगत्स्य झील है, जिसके किनारे से बादामी के खूबसूरत दृश्य को देखा जा सकता है। झील के किनारे ही भूतनाथ मंदिर है जो भगवान शिव को समर्पित है। सूर्योदय और सूर्यास्त के समय जब इन लाल चट्टानों और मंदिरों पर सूरज की रोशनी पड़ती है, तो यहां का नजारा देखने लायक होता है।

किला

प्राचीन गुफाओं और मंदिरों को देखने के अलावा आप बादामी में किला भी घूम सकते हैं। यह पहाड़ी पर स्थित है और यहां से आसपास की चट्टानी पहाड़ियों, झील और बादामी शहर का खूबसूरत नजारा दिखाई देता है। इसके साथ ही किले के क्षेत्र में चालुक्य काल और बाद के ऐतिहासिक दौर से जुड़े अवशेषों को भी देखा जा सकता है।

ऐहोल

बादामी से करीब 35-36 किलोमीटर की दूरी पर स्थित ऐहोल भी घूमने जा सकते हैं। इतिहास प्रेमियों के लिए यह जगह बेहद खास हो सकती है, क्योंकि इसे अक्सर ‘भारतीय मंदिर वास्तुकला की प्रयोगशाला’ कहा जाता है। यहां अलग-अलग समय में बनाए गए 100 से अधिक मंदिर और स्थापत्य अवशेष देखने को मिलते हैं।

इसके अलावा आप महाकूट भी जा सकते हैं। यहां प्राचीन शिव मंदिरों का समूह है और मंदिर परिसर में प्राकृतिक जलस्रोत और कुंड भी हैं। महाकूट के मंदिरों का संबंध चालुक्य काल से माना जाता है।

कब जाना चाहिए

बादामी घूमने के लिए अक्टूबर से फरवरी का समय बेहतर माना जाता है।

कैसे जाएं

हवाई मार्ग: बादामी का सबसे नजदीकी एयरपोर्ट हुबली है, जो करीब 105 किलोमीटर दूर है। एयरपोर्ट से बादामी पहुंचने के लिए टैक्सी या कैब ली जा सकती है। हुबली के लिए बेंगलुरु, मुंबई और हैदराबाद जैसे शहरों से उड़ानें मिलती हैं।

रेल मार्ग: बादामी में भी रेलवे स्टेशन है, जहां ट्रेन से पहुंचा जा सकता है। यह स्टेशन बेंगलुरु, हुबली, विजयपुरा, सोलापुर और अन्य शहरों से रेल नेटवर्क से जुड़ा है। स्टेशन उतरकर स्थानीय ऑटो या टैक्सी से होटल और पर्यटन स्थलों तक पहुंचा जा सकता है।

सड़क मार्ग: सड़क से बादामी जाना भी अच्छा विकल्प है। बेंगलुरु से बादामी करीब 450 किलोमीटर दूर है। कर्नाटक के अलग-अलग शहरों से बादामी सड़क मार्ग से अच्छी तरह जुड़ा हुआ है।

यह भी पढ़ें
सुनहरे रंग में खिल उठते हैं पहाड़, हिमाचल की इन 7 जगहों पर देखें सूर्योदय का अद्भुत नजारा