मुंह से बदबू आने की समस्या कई लोगों को होती है। कभी-कभी प्याज, लहसुन या दूसरी चीजें खाने के बाद मुंह से बदबू आने लगती है। लेकिन अगर लगातार सांसों से बदबू आती है, तो इसकी वजह दांतों या मसूड़ों से जुड़ी परेशानी भी हो सकती है। क्या आप या आपके घर में भी कोई इस समस्या से परेशान है। मेडिकल भाषा में सांसों की इस बदबू को हैलिटोसिस (Halitosis) कहते हैं। ब्रश करने के बाद भी मुंह से लगातार बदबू आती है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
इसकी वजह दांतों में सड़न, मसूड़ों की बीमारी या जीभ पर गंदगी जमना हो सकती है। कुछ मामलों में साइनस या टॉन्सिल का संक्रमण, सांस से जुड़ी बीमारियां, डायबिटीज, लिवर और किडनी की समस्याएं, पेट में एसिड बनने की परेशानी और कुछ दवाएं भी इसकी वजह बन सकती हैं।
इंडियन डेंटल एसोसिएशन के मुताबिक, दांतों के बीच फंसे खाने के कणों को ठीक से साफ न करने पर मुंह में बैक्टीरिया पनप सकते हैं। ये बैक्टीरिया खाने के कणों को तोड़ते हैं, जिससे सल्फर वाले कंपाउंड बनते हैं और सांसों से बदबू आने लगती है। ऐसे में मुंह की सफाई का ध्यान रखना जरूरी है। इसके साथ ही कुछ घरेलू तरीके भी आजमाए जा सकते हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में।
नमक के पानी से करें कुल्ला
मुंह की बदबू कम करने के लिए आप नमक के पानी से कुल्ला कर सकते हैं। इससे मुंह में फंसे खाने के कुछ कणों को बाहर निकालने में मदद मिल सकती है। इसके लिए एक गिलास गुनगुने पानी में थोड़ा नमक मिलाएं। अब इस पानी को करीब 30 सेकंड तक मुंह में घुमाकर कुल्ला करें और फिर बाहर थूक दें। हालांकि, नमक के पानी से कुल्ला करना ब्रश और दांतों के बीच की सफाई का विकल्प नहीं है। मुंह की अच्छी तरह सफाई के लिए रोजाना ब्रश करना और दांतों के बीच फंसे खाने को साफ करना भी जरूरी है।
नींबू के रस से बनाएं माउथवॉश
नींबू में सिट्रिक एसिड होता है। यह मुंह में लार बनने को बढ़ावा दे सकता है, लेकिन नींबू का रस सीधे दांतों के संपर्क में आने से उनकी ऊपरी परत को नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए नींबू का रस पीने, छिलका चबाने या इसे पानी में मिलाकर कुल्ला करने को मुंह की बदबू का पक्का इलाज नहीं मानना चाहिए। मुंह का सूखापन सांसों की बदबू की एक वजह हो सकता है। ऐसे में पर्याप्त पानी पीना और मुंह की सफाई का ध्यान रखना जरूरी है।
दालचीनी के पानी से करें कुल्ला
दालचीनी में कुछ ऐसे तत्व पाए जाते हैं, जिन पर बैक्टीरिया के असर को लेकर अध्ययन किए गए हैं। इसकी खुशबू सांसों की बदबू को कुछ समय के लिए छिपा सकती है। अगर आप इसे आजमाना चाहती हैं, तो पानी में थोड़ी दालचीनी उबालकर ठंडा कर लें। इसके बाद पानी को छान लें। आप दालचीनी की छड़ी चबा भी सकते हैं। हालांकि मुंह की बदबू खत्म होने का पक्का प्रमाण नहीं है।
ज्यादा फल और सब्जियां खाएं
सेब, गाजर और सेलेरी जैसी कुरकुरी चीजें चबाने से मुंह में लार बनने में मदद मिलती है। लार खाने के छोटे कणों को हटाने और मुंह को नम रखने में मदद करती है। इससे मुंह का सूखापन कम हो सकता है, जो सांसों की बदबू की एक वजह है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। मुंह की बदबू के कारण और उसे दूर करने के तरीके व्यक्ति के अनुसार अलग-अलग हो सकते हैं। घरेलू उपायों को दांतों की सफाई या डॉक्टर की सलाह का विकल्प न मानें। अगर मुंह से लगातार बदबू आती है, तो डेंटिस्ट से संपर्क करें।
