शादी, त्योहार और अन्य विशेष मौकों पर बनने वाली डिशेज में दाल मखनी भी शामिल होती है। इसे मक्खन, मलाई और सुगंधित मसालों के साथ पकाया जाता है, जिससे इसका जायका बहुत ही मजेदार होता है। यह उत्तर भारत की स्वादिष्ट और लोकप्रिय डिश है। हालांकि कई लोगों को यह शिकायत रहती है कि घर में बनाने पर इसमें बाजार जैसा स्वाद नहीं आता है। इसके पीछे कुछ आम गलतियां जिम्मेदार हो सकती हैं। इन गलतियों की पहचान करके यहां बताई गई आसान रेसिपी की मदद से आप रेस्टोरेंट जैसी दाल मखनी घर पर बना सकते हैं।
सामग्री
उड़द- 200 ग्राम
राजमा- 100 ग्राम
जीरा- 1 चम्मच
लौंग- 2-3
टमाटर- 2
काली इलायची- 1
दालचीनी- एक इंच
तेज पत्ता- 1
अदरक-लहसुन का पेस्ट- 2-3 चम्मच
नमक- स्वादानुसार
दाल मखनी बनाने की विधि
साबुत उड़द दाल और राजमा को पांच-छह घंटे तक भिगो लें। इसके बाद इन्हें प्रेशर कुकर में अच्छी तरह उबालें और ठंडा होने के लिए छोड़ दें। इस बीच, मिक्सर में टमाटर डालकर उसका पेस्ट तैयार कर लें। इसी तरह अदरक-लहसुन का पेस्ट भी बना लें। अब एक कड़ाही में मक्खन गरम करें। आंच को मध्यम-धीमी रखें। फिर जीरा, लौंग, काली इलायची, दालचीनी और तेज पत्ता डालें। इसके बाद बारीक कटा हुआ प्याज डालें। इसे करछी से लगातार चलाते हुए भूनें। फिर अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें और इसे तब तक भूनें, जब तक इसकी कच्ची महक गायब न हो जाए। इसके बाद टमाटर का पेस्ट , हल्दी और लाल मिर्च पाउडर मिलाएं। इस मिश्रण को धीमी से मध्यम आंच पर तब तक भूनें, जब तक कि यह किनारों से तेल छोड़ने न लगे। अब उबली हुई उड़द दाल और राजमा इसमें डाल दें। साथ ही आवश्यकतानुसार पानी मिलाएं। इसे बिना ढके धीमी आंच पर पकाएं। जब दाल गाढ़ी होने लगे, तो उसमें नमक डालें और साथ ही तीन-चार चम्मच मलाई डाल दें। फिर इसमें कसूरी मेथी और बारीक कटा हुआ हरा धनिया मिलाएं। अब दाल मखनी बनकर तैयार है। थोड़ा ठंडा होने पर इसे चपाती, नान या चावल के साथ परोसें।
दाल मखनी से जुड़ी आम गलतियां
- उड़द दाल और राजमा को बहुत कम समय के लिए भिगोते हैं, जिसकी वजह से दाल उबलते समय अच्छी तरह नहीं गलती है। दाल और राजमा को करीब 6-8 घंटे पानी में भिगोकर रखें और कुकर में 5-7 सीटी आने तक उबालें। इससे दाल अच्छी तरह पक जाएगी।
- दाल मखनी उबालते समय उसके ऊपर काला पानी तैरता है, जिसे कई लोग हटाते नहीं है। रेस्टोरेंट स्टाइल में दाल मखनी बनाने के लिए दाल को उबालने के बाद उसके ऊपर आने वाला हल्का काला पानी निकाल दें। इससे दाल ज्यादा स्वादिष्ट बन सकती है।
- जल्दी खाना बनाने के चक्कर में कई लोग दाल को तेज आंच पर पकाते हैं, जिससे उसका स्वाद प्रभावित हो सकता है। इसलिए दाल को हमेशा धीमी आंच पर धीरे-धीरे पकने दें। दाल मखनी में बाजार जैसा स्वाद चाहिए तो खट्टे टमाटर को जरूर डालें। इससे दाल का स्वाद और रंग दोनों बेहतर हो सकता है।
