हिंदू धर्म में सावन के महीने का काफी विशेष महत्व है। इस दौरान शिव भक्त शिवालयों में महादेव की पूजा-पाठ करते हैं और साथ ही शिवलिंग का जलाभिषेक करते हैं। सावन के महीने में लोग मांस-मदिरा से दूर रहते हैं और सात्विक भोजन करते हैं। इसके साथ ही बाहर के भी खाद्य पदार्थों से बचने की सलाह दी जाती है। दरअसल, आयुर्वेद के अनुसार सावन में बारिश जमकर होती है और बरसात के समय पाचन तंत्र धीमा हो जाता है, जिसके चलते हल्के भोजन करना चाहिए और तली-भूनी चीजों से दूर रहना चाहिए।

साधारण भोजन करते-करते कई बार बाहर का कुछ क्रिस्पी और कुरकुरा खाने का मन करने लगता है। ऐसे में लोग अक्सर समोसे, पकोड़ी और अन्य तली-भूनी चीजों खा लेते हैं। लेकिन आपकी ये टेंशन खत्म हो सकती है, क्योंकि तीन ऐसे क्रिस्पी स्नैक्स हैं, जिन्हें आप घर पर आसानी से मिनटों में तैयार कर सकते हैं।

सूजी वेजिटेबल कटलेट

सामग्री

1 कप सूजी
आधा कप दही
1 छोटी गाजर बारीक कटी हुई
आधा बारीक कटी शिमला मिर्च
1 छोटा प्याज, बारीक कटा
1 मध्यम उबला आलू
1 हरी मिर्च बारीक कटी
2 बड़े चम्मच हरा धनिया
1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक
नमक स्वादानुसार
आधा छोटा चम्मच जीरा पाउडर
एक चुटकी गरम मसाला
आधा छोटा चम्मच चाट मसाला
सेंकने के लिए 2-3 चम्मच तेल

बनाने की आसान विधि

सूजी और दही में पानी मिलाकर गाढ़ा मिश्रण तैयार कर लें। इसे 10-15 मिनट ढककर रख दें और फिर सारी सब्जियां डालने के बाद आलू, नमक, जीरा पाउडर, चाट मसाला और गरम मसाला अच्छी तरह मिला दें। अब मिश्रण से छोटे गोल कटलेट तैयार कर लें। इसके बाद तवे पर थोड़ा तेल डालकर कटलेट को मध्यम आंच पर दोनों तरफ से 3-4 मिनट तक सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें। इसे आप हरी चटनी, इमली की चटनी और दही के साथ परोस सकते हैं।

कॉर्न चीज बॉल्स

सामग्री

1 कप स्वीट कॉर्न
2 मध्यम उबले आलू
आधा कप कद्दूकस किया हुआ चीज
आध कप ब्रेड क्रम्ब्स
2 बड़े चम्मच कॉर्नफ्लोर
1 बारीक कटी हरी मिर्च
आधा छोटा चम्मच चाट मसाला
आधा छोटा चम्मच से भी कम लाल मिर्च पाउडर
तलने के लिए तेल
स्वादानुसार नमक

बनाने की विधि

स्वीट कॉर्न को हल्का मैश करके इसमें उबले आलू, चीज, हरी मिर्च, चाट मसाला, लाल मिर्च और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब मिश्रण में कॉर्नफ्लोर मिलाकर छोटी-छोटी बॉल्स तैयार कर लें। हर बॉल को ब्रेड क्रम्ब्स में अच्छी तरह लपेटें और तेल गर्म करके बॉल्स को मध्यम आंच पर सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तल लें। इसे आप हरी चटनी या दही के साथ परोस सकते हैं।

पनीर पॉपकॉर्न

सामग्री

250 ग्राम पनीर छोटे क्यूब्स
आधा कप चावल का आटा या बेसन
1/4 कप कॉर्नफ्लोर
1 कप ब्रेड क्रम्ब्स
1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
आधा छोटा चम्मच गरम मसाला
आधा छोटा चम्मच चाट मसाला
तलने के लिए तेल
स्वादानुसार नमक

बनाने की विधि

चावले के आटे, कॉर्नफ्लोर, अदरक-लहसुन पेस्ट, लाल मिर्च, गरम मसाला और नमक मिलाकर गाढ़ा बैटर तैयार कर लें। पनीर क्यूब्स को बैटर में डुबोकर ब्रेड क्रम्ब्स में लपेट लें। अब गर्म तेल में पनीर को मध्यम आंच पर सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तल लें। पनीर पॉपकॉर्न को आप सॉस, हरी चटनी या दही के साथ परोस सकते हैं।

यह भी पढ़ें
कभी खाई है खट्टी-मीठी इमली राइस, साउथ में इस तरह बनाते हैं ‘पुलिहोरा’