इनडोर प्लांट्स न सिर्फ घर को खूबसूरती को बढ़ाते हैं, बल्कि वातावरण को भी शुद्ध और ताजगी भरा रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। छोटे-बड़े इंडोर प्लांट्स कमरे की खाली जगह को आकर्षक बनाते हैं और नेचुरल लुक देते हैं। एरेका पाम भी इंडोर प्लांट्स में से एक है, जिसे ज्यादातर लोग लिविंग रूम या बेडरूम में रखना पसंद करते हैं। इसकी हरी-भरी और लंबी पत्तियां कमरे को और भी ज्यादा सुंदर बना देती हैं।
लेकिन कई बार एरेका पाम जल्दी सूख जाता है। अगर आपका भी एरेका पाम बार-बार सूख जाता है या घना नहीं हो पा रहा है, तो इसकी देखभाल के तरीके में थोड़ा बदलाव करने की जरूरत है। सही रोशनी, संतुलित पानी, समय-समय पर खाद और मिट्टी मिलने से एरेका पाम तेजी से बढ़ता है और हरा-भरा दिखता है। यहां पर 5 आसान टिप्स दिए गए हैं जिनकी मदद से आप एरेका पाम को सूखने से बचाने के साथ ही ज्यादा घना भी बना सकते हैं।
1- रोशनी का रखें ध्यान
एरेका पाम को तेज रोशनी की जरूरत होती है लेकिन सीधी धूप यह सहन नहीं कर पाता है। यह पौधा उजाले में अच्छी तरह बढ़ता है, लेकिन सीधी धूप इसकी पत्तियों को नुकसान पहुंचा सकती है। तेज धूप में रखने से पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं, किनारे सूख जाते हैं और पौधे की चमक कम हो जाती है। इसलिए इसे ऐसी जगह रखें, जहां भरपूर रोशनी मिले लेकिन धूप सीधे न पड़े। इसे सुबह की 1-2 घंटे की हल्की धूप दिखाना बेहतर होता है।
2- सही मिट्टी का चुनाव जरूरी
एरेका पाम को घना बनाए रखने और अच्छी ग्रोथ के लिए सही मिट्टी का चुनाव जरूरी होता है। अगर मिट्टी भारी या पानी रोकने वाली होगी, तो पौधे की जड़ें सड़ने लगती हैं और पत्तियां सूखकर झड़ने लगती हैं। इसलिए एरेका पाम के लिए हल्की, अच्छी ड्रेनेज वाली और पोषक तत्वों से भरपूर मिट्टी तैयार करें। मिट्टी बनाते समय लगभग 60% बगीचे की मिट्टी, 20% रेत या कोकोपीट और 15-20% जैविक खाद (कंपोस्ट या वर्मी कम्पोस्ट) मिलाएं। इस मिश्रण से मिट्टी में पानी का संतुलन बना रहता है, जड़ों को पर्याप्त हवा मिलती रहती है और पौधा तेजी से बढ़कर लंबे समय तक हरा-भरा रहता है।
3- कब करें मिट्टी की गुड़ाई
एरेका पाम के सही ग्रोथ के लिए मिट्टी को समय-समय पर हल्का ढीला करना जरूरी होता है। ऐसे में हफ्ते में एक बार मिट्टी की हल्की गुड़ाई इसके बेहतर ग्रोथ में मदद कर सकती है। इससे मिट्टी सख्त नहीं होती और जड़ों तक हवा आसानी से पहुंचती है। साथ ही पानी और पोषक तत्व भी अच्छी तरह जड़ों तक पहुंचते हैं, जिससे पौधा स्वस्थ रहता है।
4- पानी डालने का सही तरीका
एरेका पाम को ज्यादा पानी की जरूरत नहीं होती है। इसकी पत्तियों पर समय-समय पर हल्का पानी स्प्रे करना बेहतर होता है। इससे पत्तियां साफ, ताजी और चमकदार बनी रहती हैं। साथ ही पौधे को आवश्यक नमी भी मिलती रहती है। इसमें पौधे में पानी तभी देना चाहिए जब गमले के ऊपरी परत की मिट्टी सूख जाए।
5- कीड़ों से कैसे बचाएं
एरेका पाम की पत्तियों पर कीड़े, सफेद धब्बे या चिपचिपाहट दिखाई देने लगती है, जिससे पौधे की ग्रोथ प्रभावित होती है। ऐसे में इस पर नीम के तेल से हल्का छिड़काव कर दें। हफ्ते में एक बार या जरूरत के अनुसार पत्तियों के ऊपर और नीचे दोनों तरफ स्प्रे करने से कीड़े दूर रहते हैं।
डिस्क्लेमर: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए विशेषज्ञ से जरूर परामर्श करें।
Also Read
गमले की मिट्टी खराब होने के 5 संकेत, उन्हें ठीक करने के आसान तरीके
