कामकाजी लोगों के लिए सबसे बड़ी समस्या रात का खाना बनाने की रहती है। दरअसल, दिनभर की थकान के बाद घर वापस लौटने पर इतनी हिम्मत नहीं होती कि किचन में घंटों खड़े होकर खाना तैयार किया जाए। ऐसे में लोग कई बार बाहर से भोजन ऑर्डर करके खाना पसंद करते हैं या फिर किसी ऐसे भोजन की तलाश करते हैं जो झटपट तैयार हो जाए। लगातार बाहर का भोजन खाने से बचना चाहिए, क्योंकि कई बार इसे स्वादिष्ट बनाने के लिए अधिक तेल और मसालों का इस्तेमाल किया जाता है, जो सेहत के लिए फायदेमंद नहीं होते हैं।
अगर आप भी ऐसे भोजन की तलाश कर रहे हैं जो झटपट तैयार हो जाए तो रात के समय हरे मूंग दाल का चीला ट्राई कर सकते हैं। मूंग दाल को पौष्टिक और हल्का भोजन माना जाता है। पोषक तत्वों की बात करें तो इसमें प्रोटीन, फाइबर, आयरन, फोलेट, मैग्नीशियम, पोटैशियम और बी-विटामिन्स जैसे कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसे शाकाहारी लोगों के लिए प्रोटीन का एक बेहतरीन स्रोत माना जाता है।
रात में हरे मूंग दाल का चीला खाने का फायदा यह है कि ये हल्का होता है और साथ ही पेट को लंबे समय तक भरा रखने में भी मदद करता है। हालांकि, यह ध्यान देने की जरूरत है कि इसे कम तेल में पकाएं। सबसे अच्छी बात यह है कि आपको चीला बनाने में किचन में ज्यादा देर खड़ा नहीं होना पड़ेगा। यह झटपट तैयार होने वाली रेसिपी है। साथ ही अगर आप इसके साथ इन दो चटनियों में से कोई एक बना लें तो इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है। अब आइए जानते इसकी आसान रेसिपी:
Also Read
झारखंड में कैसे बनाते हैं रुगड़ा की सब्जी, इस तरह बनाएं स्वादिष्ट
हरी मूंग दाल चीला बनाने के लिए सामग्री (4-5 चीला बनाने के लिए)
आधा कप हरी मूंग दाल (4-5 घंटे तक या रात भर भिगोई हुई)
2 मध्यम आकार के प्याज बारीक कटा हुआ
1 मध्यम आकार का टमाटर बारीक कटा हुआ
1-2 हरी मिर्च बारीक कटी हुई
स्वादानुसार नमक
जरूरत के अनुसार पानी
1-2 मध्यम आकार की गाजर बारीक कटा हुआ
2 चम्मच बारीक कटी हुई शिमला मिर्च (वैकल्पिक)
100 ग्राम कद्दूकस किया हुआ पनीर (वैकल्पिक)
आधा चम्मच भूना जीरा पाउडर (वैकल्पिक)
एक चुटकी हल्दी
जरूरत के अनुसार तेल या घी
हरी चटनी के लिए सामग्री
आधा कप धनिया पत्ती और इसका एक चौथाई पुदीना
स्वादानुसार नमक
5-6 लहसुन की कलियां
टमाटर की चटनी
1-2 मध्यम आकार के टमाटर
5-6 लहसुन की कलियां
नमक स्वादानुसार
हरी मूंग दाल चीला बनाने का सबसे आसान तरीका
सबसे पहले सारी सब्जियों को बारीक काट कर एक प्लेट में रख लें। अब मूंग दाल को छानकर अतिरिक्त पानी निकाल दें। मूंग दाल को मिक्सर में डालकर पेस्ट तैयार कर लें। अगर बैटर ज्यादा गढ़ा लगे तो थोड़ा पानी डालकर इसे ठीक कर लें। बैटर न ज्यादा गाढ़ा होना चाहिए और न ही पतला। अब इस बैटर में सारी सब्जियों और मसालों को डालकर अच्छी तरह मिला दें।
अब एक नॉन-स्टिक या भारी तले वाले तवे को गैस पर रखकर मध्यम आंच पर गर्म कर लें। अब तवे पर घी या तेल लगाकर 2-3 चम्मच बैटर डालें और उसे अच्छी तरह फैला दें। ऊपर से कद्दूकस किया हुआ पनीर डालें और चीले को नीचे से सुनहरा होने तक पकाएं।
जब एक तरफ से सुनहरा और कुरकुरा हो जाए तो, इसे दूसरी तरफ पलटकर 2-3 मिनट तक पका लें। जब ये दोनों तरफ से अच्छी तरह पककर सुनहरा हो जाए तो समझ लें कि आपका गरमागरम पौष्टिक डिनर तैयार है।
चीला बनाते समय ही चटनी की भी तैयारी कर लें, इससे आपका समय बचेगा। अगर हरी चटनी बना रहे हैं, तो मिक्सी में सारी चीजें डालकर इसे अच्छी तरह पीस लें। वहीं, टमाटर की चटनी के लिए सभी सामग्री को मिक्सर में डालकर दरदरा पीस लें। इससे स्वाद थोड़ा बेहतर लगता है।
अब गरमागरम चीले को एक प्लेट में निकालकर हरी या टमटार की चटनी के साथ परोस सकते हैं। इस तरह आप 15 से 20 मिनट में एक पौष्टिक और स्वादिष्ट रात का खाना तैयार कर सकते हैं।
Also Read
साबूदाना खाकर बोर हो गए हैं, तो व्रत में ट्राई करें शकरकंद की टिक्की
