प्यार और करियर में से किसी एक को चुनने की बात आए तो आप क्या करेंगे? करीब एक दशक पहले रणबीर कपूर ने आलिया भट्ट से कुछ ऐसा ही सवाल किया था। उस वक्त दोनों की लव स्टोरी ठीक से शुरू भी नहीं हुई थी, लेकिन आलिया का जवाब उनकी सोच को साफ तौर पर दिखाता था। शादी, करियर और अपने फैसले खुद लेने को लेकर दोनों के बीच दिलचस्प बात हुई थी।

करीब एक दशक पहले हुई ऐसी ही एक बातचीत में रणबीर ने आलिया से पूछा था कि क्या वह ऐसे व्यक्ति से शादी करेंगी, जो उन्हें एक्टिंग नहीं करने देना चाहता हो। आलिया ने बिना किसी झिझक के इसका जवाब दिया था और साफ कर दिया था कि वह अपने करियर को लेकर किसी तरह का समझौता नहीं करना चाहेंगी।

यह बातचीत उस समय की है जब आलिया भट्ट इंडस्ट्री में अपनी जगह बना रही थीं। रणबीर कपूर तब तक एक स्थापित अभिनेता बन चुके थे। निर्देशक इम्तियाज अली के साथ एक प्रमोशनल बातचीत के दौरान दोनों ने प्यार, शादी और करियर को लेकर बात की थी।

रणबीर ने आलिया से पूछा था कि प्यार को लेकर उनका क्या नजरिया है। उन्होंने कहा था कि उस समय आलिया उन लड़कियों में से हैं, जिनके लिए उनका करियर सबसे ज्यादा जरूी है। इस पर आलिया ने बीच में ही कहा था कि वह पहले कभी प्यार में नहीं पड़ी हैं।

इसके बाद रणबीर ने उनसे पूछा, क्या वह ऐसे व्यक्ति से शादी करेंगी, जो उन्हें एक्टिंग नहीं करने देना चाहता हो?

आलिया ने तुरंत जवाब दिया था, “नहीं।”

उन्होंने आगे कहा था कि हो सकता है कि वह पूरी जिंदगी एक्टिंग न करें, लेकिन जब तक उनका मन होगा, वह एक्टिंग करना चाहती हैं। अगर कोई व्यक्ति उन्हें ऐसा करने नहीं देना चाहता, तो वह उन्हें नहीं चाहता। वह किसी और तरह के व्यक्ति को चाहता है और वह व्यक्ति आलिया नहीं हैं।

करीब एक दशक बाद क्या हुआ?

इस बातचीत के कई साल बाद आलिया और रणबीर ने 2022 में शादी कर ली। आलिया का उस समय दिया गया जवाब यह दिखाता है कि अपने करियर और फैसलों को लेकर उनकी सोच कितनी स्पष्ट थी।

लेकिन ऐसी बातचीत सिर्फ दो सेलिब्रिटीज के रिश्ते तक सीमित नहीं है। प्यार और करियर के बीच संतुलन बनाना आज कई कपल्स के लिए एक अहम मुद्दा है। ऐसे में सवाल यह है कि रिश्ते में एक-दूसरे के फैसलों का सम्मान कितना जरूरी है?

प्यार के साथ करियर का सम्मान भी जरूरी

मनोवैज्ञानिक रास्सी गुरनानी ने इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में बताया कि आलिया का जवाब रिश्ते में प्यार और करियर के बीच संतुलन से जुड़ी एक जरूरी बात सामने रखता है।

उनके मुताबिक, आलिया ने साफ कर दिया था कि अगर कोई व्यक्ति उनके काम को स्वीकार नहीं कर सकता, तो वह वास्तव में उन्हें नहीं चाहता। यह बताता है कि लंबे रिश्ते के लिए दोनों पार्टनर का एक-दूसरे के करियर और महत्वाकांक्षाओं को समझना कितना जरूरी है।

उनका कहना है कि सिर्फ प्यार होना हमेशा काफी नहीं होता। रिश्ते में एक-दूसरे के फैसलों के लिए सम्मान और समझ भी जरूरी है। अगर एक पार्टनर दूसरे से रिश्ते के लिए अपना करियर छोड़ने की उम्मीद करता है, तो आगे चलकर मन में नाराजगी हो सकती है।

वहीं, एक सपोर्टिव पार्टनर दूसरे व्यक्ति की व्यक्तिगत और प्रोफेशनल ग्रोथ को बढ़ावा देता है, उसे सीमित करने की कोशिश नहीं करता।

क्या महिलाओं से करियर को लेकर ज्यादा समझौते की उम्मीद की जाती है?

रणबीर का सवाल उस सोच की ओर भी इशारा करता है, जिसमें अक्सर यह माना जाता है कि महिलाएं अपने करियर को प्यार से ज्यादा महत्व देती हैं। मनोवैज्ञानिक के मुताबिक, ऐसी सोच महिलाओं पर बेवजह दबाव डाल सकती है।

उनका कहना है कि समाज में आज भी महिलाओं से उम्मीद की जाती है कि वे रिश्ते और परिवार के हिसाब से अपने प्रोफेशनल लक्ष्यों में बदलाव करें, जबकि पुरुषों से ऐसी उम्मीद कम की जाती है।

डिस्क्लेमर: यह लेख पब्लिक डोमेन में उपलब्ध जानकारी और जिन विशेषज्ञों से बातचीत की गई, उनकी राय के आधार पर तैयार किया गया है।