बेडरूम घर का वह हिस्सा होता है जहां दिनभर की थकान के बाद आराम करने के लिए जाते हैं। अच्छे मूड और बेहतर नींद के लिए दीवारों का सही रंग, सजावट और कमरे का व्यवस्थित होना बेहद जरूरी है। बेडरूम के पीछे की दीवार की तो लोग अच्छे से सजावट कर देते हैं, लेकिन कई बार उसके सामने वाली दीवार को ऐसे ही खाली छोड़ देते हैं। अगर यह दीवार खाली और साधारण दिखाई देती है तो पूरा कमरा थोड़ा फीका लग सकता है। अगर आप अपने बेडरूम के सामने वाली खाली दीवार को बेहतर तरीके और कम खर्च में सजाना चाहते हैं, तो यहां से आइडिया ले सकते हैं।
1- फोटो फ्रेम से सजाएं दीवार
बेडरूम के सामने वाली खाली दीवार को सजाने के सबसे बेहतरीन तरीकों में से एक वहां पर फोटो फ्रेम लगाना है। इनमें आप परिवार, दोस्तों, छुट्टियों के किसी खास पल की तस्वीरों को अलग-अलग आकार में फ्रेम में लगाकर एक छोटी गैलरी तैयार कर सकते हैं।
2- शीशे से दें कमरे को आकर्षक लुक
कमरे को आकर्षक और खुला लुक देने के लिए खाली दीवार पर शीशे लगा सकते हैं। इसके लिए आप खाली दीवार पर एक बड़ा गोल मिरर लगाकर उसे खूबसूरत लुक दे सकते हैं। शीशे ऐसी जगह लगाएं जहां उन पर खिड़की से आने वाली प्राकृतिक रोशनी पड़ सके। इससे कमरे में रोशनी और खुलापन महसूस हो सकता है।
3- वॉलपेपर से बदलें लुक
बेडरूम की सामने वाली दीवार को खूबसूरत बनाने के लिए आप वॉलपेपर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। बाजार में कई तरह के डिजाइन और रंगों में वॉलपेपर उपलब्ध हैं। आप अपनी पसंद के अनुसार फूलों, पत्तियों, ज्यामितीय आकृतियों या हल्के टेक्सचर वाला वॉलपेपर चुन सकते हैं। मार्केट में सेल्फ-एडहेसिव वॉलपेपर भी मिलते हैं, जिन्हें दीवार पर चिपकाना आसान होता है।
4- लकड़ी की शेल्फ लगाएं
बेडरूम के सामने खाली दीवार को सजाने के लिए छोटी फ्लोटिंग शेल्फ लगा सकते हैं। बाजार में कई तरह की शेल्फ उपलब्ध हैं। इन्हें दीवार पर लगाकर छोटे पौधे, किताबें, फोटो फ्रेम, सजावटी शोपीस और छोटी घड़ी रख सकते हैं। सुंदर डिजाइन के लिए दो या तीन शेल्फ भी अलग-अलग ऊंचाई पर लगा सकते हैं।
5- बोहो लुक
मैक्रेमे और बोहो स्टाइल की सजावट भी लोग खूब पसंद करते हैं। अपने बेडरूम के सामने वाली दीवार को भी आप यह लुक दे सकते हैं। इसके लिए सूती रस्सी, जूट, लकड़ी के मोतियों और धागों की मदद से खूबसूरत मैक्रेमे वॉल हैंगिंग लगा सकते हैं।
6- पुराने दरवाजे या खिड़की के फ्रेम से करें सजावट
अगर घर में कोई पुरानी खिड़की का फ्रेम रखा है, तो उसे भी सजावट में इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए उसे अच्छी तरह साफ करें और जरूरत के अनुसार पेंट या पॉलिश कर दें। इसके बाद इसमें छोटे फोटो फ्रेम, कृत्रिम फूल या सजावटी लाइट्स लगाकर दीवार पर टांग दें। इससे कमरे को एक विंटेज लुक मिलेगा।
7- घड़ी से करें सजावट
खाली दीवार को आकर्षक बनाने के सबसे अच्छे तरीकों में से एक है वहां एक बड़ी सजावटी घड़ी लगा दें। खाली दीवार पर आप लकड़ी, धातु या हल्के रंगों वाली घड़ी लगा सकते हैं। इसके आसपास दो छोटे फोटो फ्रेम या सजावटी वॉल पीस लगा देने से कमरा और खूबसूरत नजर आने लगता है।
यह भी पढ़ें
दीवाली पर नहीं चाहते ज्यादा तामझाम, तो इन 3 तरीकों से लगाएं लाइट्स
