छोटे बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी को गर्मी के मौसम में आम का बेसब्री से इंतजार रहता है। जैसे ही बाजार में कच्चे और पके आम आने शुरू होते हैं, लोग इन्हें अलग-अलग तरीकों से अपनी डाइट में शामिल करते हैं। आम को सीधे फल के रूप में खाने के अलावा इसके शेक, जूस, आम पन्ना, अचार और चटनी जैसी कई स्वादिष्ट चीजें भी बनाई जाती हैं। खासकर कच्चे आम से बनने वाली खट्टी-मीठी चटनी गर्मियों में खाने का स्वाद कई गुना बढ़ा देती है।

आम की खट्टी-मीठी चटनी पराठा, पूरी, दाल-चावल, खिचड़ी या स्नैक्स के साथ बेहद स्वादिष्ट लगती है। कच्चे आम , गुड़ और खुशबूदार मसालों के मिश्रण से बनने वाली इस चटनी को बनाना काफी आसान है और इसका स्वाद भी लाजवाब होता है। इसमें कच्चे आम की हल्की खटास और गुड़ का बेहतरीन संतुलन होता है, जो इसे खास बनाता है। साथ ही जीरा, सौंफ और अन्य मसाले इसके स्वाद को और भी लाजवाब बना देते हैं। आइए जानते हैं इसकी बनाने की आसान विधि क्या है।

खट्टी-मीठी आम की चटनी में डाली जाने वाली सामग्री

2 मध्यम आकार के कच्चे आम, छीलकर कटे हुए (या आवश्यकतानुसार)
आधा कप गुड़
1 छोटा चम्मच सौंफ
1 छोटी चम्मच जीरा
आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
1 छोटा चम्मच काला नमक
आधा छोटा चम्मच साधारण नमक
आधा कप पानी
1 बड़ा चम्मच तेल

खट्टी-मीठी आम की चटनी में डाली जाने वाली सामग्री

सबसे पहले एक पैन लें और उसमें तेल गर्म करें। तेल गर्म होने पर उसमें जीरा और सौंफ डालें और हल्का चटकने दें।

अब इसमें कटे हुए कच्चे आम डालें और 2-3 मिनट तक भूनें। इसके बाद हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, काला नमक और साधारण नमक डाल दें।

सभी चीजों को अच्छे से मिलाएं ताकि स्वाद अच्छी तरह से मिल जाए। अब इसमें पानी डालें और आम के नरम होने तक पकाएं।

फिर इसमें गुड़ डालें, अच्छी तरह चलाएं और तब तक पकाएं जब तक गुड़ घुलकर चटनी गाढ़ी न हो जाए। गैस बंद करें और चटनी को थोड़ा ठंडा होने दें।

इसे साफ कंटेनर में भरकर रख दें, इससे चटनी ज्यादा समय तक सुरक्षित रहती है।

Also Read
कर्नाटक स्टाइल रागी आम्बली, देखें छाछ जैसी दिखने वाली इस स्वादिष्ट डिश की रेसिपी