भारत में कई ऐसे हिल स्टेशन हैं, जहां हर साल देश-विदेश से भारी संख्या में पर्यटक घूमने के पहुंचते हैं। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मिजोरम, नागालैंड और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों के प्रसिद्ध हिल स्टेशन पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय हैं। हालांकि, कई ऐसे खूबसूरत हिल स्टेशन हैं जो अब भी भीड़भाड़ से दूर हैं और बहुत कम लोगों की नजर में आए हैं। इन्हीं में से एक शोघी है जो अपने शांत वातावरण, मनमोहक वादियों और प्राकृतिक सुंदरता के लिए मशहूर है। यहां आप वीकेंड के मौके पर भी घूमने के लिए जा सकते हैं। शोघी का वातावरण न ज्यादा ठंडा रहता है और न ही गर्म।

कहां है शोघी

शोघी हिमाचल प्रदेश के मशहूर हिल स्टेशन शिमला से करीब 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यह एक छोटा हिल स्टेशन है, जो दिल्ली से करीब 370 किलोमीटर की दूरी पर है। दिल्ली से यहां पहुंचने में 6 से 7 घंटे का वक्त लग सकता है। यहां आप ट्रेन और बस से भी जा सकते हैं।

इसे मंदिरों का शहर भी कहा जाता है। यहां स्थित तारा देवी का लगभग 250 साल पुराना मंदिर है। मान्यता है कि यहां दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की हर मनोकामना पूरी होती है। यहां कई प्राचीन मंदिर भी हैं, जिसमें हनुमान जी और माता काली का भी मंदिर शामिल है। बादलों के बीच स्थित मंदिरों का नजारा बेहद ही मनमोहक होता है।

शोघी हिमाचल प्रदेश का एक छोटा सा बेहद खूबसूरत पहाड़ी कस्बा है। यह जगह अपनी शांत वादियों, देवदार और चीड़ के घने जंगलों, साफ वातावरण और कम भीड़भाड़ के लिए जाना जाता है। यह जगह चारों ओर से हरे-भरे जंगलों और पहाड़ियों से घिरी हुई है। सुबह के समय बादलों का पहाड़ों के बीच तैरना और सूर्योदय का नजारा बेहद आकर्षक होता है।

ट्रैकिंग भी कर सकते हैं

अगर आपको ट्रैकिंग का शौक है, तो एक बार शोघी जरूर जाना चाहिए। शोघी के आसपास कई छोटे ट्रैकिंग रूट और जंगल की पगडंडियां हैं, जहां घूमते हुए और हिमालयी पेड़ों और पक्षियों को करीब से देखा जा सकता है। यह जगह बर्ड वॉचिंग के लिए भी बेहतरीन मानी जाती है। यहां पर आप सेब और आलूबुखारा जैसे कई मौसमी पहाड़ी फलों के बाग भी देख सकते हैं।

घूमने का सबसे अच्छा समय

मार्च से जून तक यहां का मौसम काफी सुहावना रहता है और वादियों हरियाली से भरी रहती हैं। वहीं, जुलाई से सितंबर तक मानसून में बादलों और हरियाली का शानदार नजारा देखने को मिलता है। अक्टूबर से फरवरी तक यहां का मौसम काफी ज्यादा ठंड रहता है और कई बार आसपास के क्षेत्रों में बर्फबारी का नजारा भी देखने को मिलता है।

कैसे पहुंचे

सड़क मार्ग से जाना चाहते हैं तो शोघी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित है और शिमला से सड़क द्वारा आसानी से पहुंचा जा सकता है।
अगर आप ट्रेन से जाना चाहते हैं, तो सबसे पहले कालका पहुंचना होगा फिर वहां से शिमाल के लिए टॉय ट्रेन पकड़ सकते हैं। टॉय ट्रेन से सपर के दौरान प्राकृतिक के शानदार नजारे देखने को मिलते हैं। यहां का निकटतम हवाई अड्डा शिमला एयरपोर्ट है।

Also Read
खूबसूरत और शांत हिल स्टेशन है तीर्थन वैली, मन को मोह लेंगी आसपास की ये 5 जगहें