बारिश का मौसम आते ही गरमा-गरम चाय और कुरकुरे स्नैक्स की याद आना लाजमी है। भारत के हर राज्य की अपनी खास मानसूनी डिश होती है और पश्चिम बंगाल भी इस मामले में पीछे नहीं है। बंगाली व्यंजनों में कई ऐसे पारंपरिक शाकाहारी तले हुए स्नैक्स हैं, जो चाय के साथ बेहतरीन स्वाद देते हैं। आइए जानते हैं ऐसे ही 9 लोकप्रिय बंगाली स्नैक्स के बारे में।
शिंगारा

शिंगारा बंगाल का मशहूर स्नैक है, जिसे समोसे का बंगाली रूप भी कहा जाता है। इसका कुरकुरा बाहरी आवरण मसालेदार आलू और मूंगफली की स्टफिंग से भरा होता है। इसे हरी चटनी और गर्म चाय के साथ खाना बेहद पसंद किया जाता है।
बेगुनी

बेगुनी पतले कटे बैंगन के स्लाइस को मसालेदार बेसन के घोल में डुबोकर डीप फ्राई करके बनाया जाता है। यह बाहर से कुरकुरा और अंदर से नरम होता है। इसे मुरमुरे (मुरी) और मसाला चाय के साथ परोसा जाता है।
मिर्ची भाजा

बड़ी हरी मिर्च को बेसन के घोल में लपेटकर डीप फ्राई किया जाता है। यह स्नैक तीखा, कुरकुरा और बेहद स्वादिष्ट होता है। बारिश के मौसम में चाय के साथ इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है।
पेयाजी

पेयाजी, जिसे प्याज पकौड़ा भी कहा जाता है, पतले कटे प्याज, हरी मिर्च और बेसन से तैयार किया जाता है। शाम की चाय के साथ यह बंगाल का सबसे पसंदीदा मानसूनी स्नैक है।
आलू चॉप

मसालेदार मैश किए हुए आलू की टिक्की या बॉल्स को बेसन के घोल में डुबोकर सुनहरा होने तक तला जाता है। बाहर से कुरकुरा और अंदर से मुलायम यह स्नैक बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है।
मोचर चॉप

मोचा यानी केले के फूल से बनने वाला यह पारंपरिक बंगाली स्नैक अपने अनोखे स्वाद के लिए जाना जाता है। मसालों के साथ तैयार किए गए कटलेट को डीप फ्राई कर कुरकुरा बनाया जाता है।
कोचुरी

कोचुरी एक तरह की स्टफ्ड पूड़ी होती है, जिसमें मसालेदार दाल या हरी मटर की भरावन होती है। इसे मसालेदार आलू की सब्जी के साथ परोसा जाता है और कई लोग इसे बारिश में चाय के साथ भी खाना पसंद करते हैं।
धनेपाता बोरा
धनिया पत्ती, बेसन और हरी मिर्च से तैयार ये छोटे-छोटे पकौड़े खुशबूदार और स्वादिष्ट होते हैं। हल्के और कुरकुरे होने की वजह से ये मानसून में चाय के साथ बेहतरीन लगते हैं।
पोस्तो बोरा

खसखस (पोस्तो), प्याज और मसालों से तैयार यह पारंपरिक बंगाली पकौड़ा बाहर से कुरकुरा और अंदर से मुलायम होता है। इसका हल्का मीठा स्वाद इसे बाकी स्नैक्स से अलग बनाता है और चाय के साथ इसका स्वाद दोगुना हो जाता है।
Also Read
नाश्ते को बनाएं हेल्दी और टेस्टी, घर पर तैयार करें 8 तरह के पौष्टिक चीले
