कपड़े पुराने हो जाने के बाद अधिकतर लोग उन्हें फेंक देते हैं, जबकि कुछ का इस्तेमाल पोछा या साफ-सफाई में किया जाता है। टी-शर्ट भी ऐसे ही कपड़ों में शामिल है। हालांकि, पुरानी टी-शर्ट को फेंकने की बजाय आप उन्हें कई नए और उपयोगी तरीकों से इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे न सिर्फ कचरा कम होता है, बल्कि पैसे की बचत भी होती है और आपकी क्रिएटिविटी को भी बढ़ावा मिलता है। आइए जानते हैं कि पुरानी टी-शर्ट को किन-किन तरीकों से दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है।
1- कंबल बना सकते हैं
पुरानी टी-शर्ट की मदद से आप क सुंदर और आरामदायक कंबल बना सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले टी-शर्ट को बराबर आकार के चौकोर टुकड़ों में काट लें। इसके बाद इन सभी टुकड़ों को आपस में सिलकर एक बड़ा कपड़ा तैयार कर लें। आगे और पीछे से मुलायम फ्लैनल या फ्लीस का कपड़ा लगाकर सिल दें। इससे कंबल ज्यादा आरामदायक और गर्म हो जाता है। इस तरह आप अपनी पुरानी टी-शर्ट को फेंकने की बजाय कंबल बना सकते हैं।
2- तकिया
पुरानी टी-शर्ट की मदद से आप तकिया भी बना सकते हैं। तकिया बनाने के लिए टी-शर्ट के आगे और पीछे से बराबर कपड़ा काटकर किनारों से सिल दें और अंदर तकिये की भराई डाल दें। अगर सिलाई नहीं करनी है, तो फ्यूसिबल वेबिंग से भी किनारे चिपकाकर तकिया बना सकते हैं।
3- कुशन कवर
सुंदर कुशन कवर बनाने के लिए टी-शर्ट के आगे और पीछे के हिस्से से कुशन के आकार के बराबर कपड़ा काट लें। अब दोनों टुकड़ों को अंदर की तरफ से किनारों पर सिल दें और एक साइड थोड़ा खुला छोड़ दें। इसके बाद उस खुले हिस्से से कुशन अंदर डाल दें और फिर उसे सिलकर बंद कर दें। इससे आपकी पुरानी टी-शर्ट का इस्तेमाल फिर से हो जाएगा।
4- टोट बैग
पुरानी टी-शर्ट से आप आसानी से एक स्टाइलिश और उपयोगी टोट बैग बना सकते हैं। इसके लिए टी-शर्ट की दोनों आस्तीन और गले का हिस्सा काट लें, ताकि बैग का हैंडल बन सके। इसके बाद टी-शर्ट को उल्टा करके नीचे के हिस्से को अच्छी तरह गांठ लगाकर या सिलकर बंद कर दें। यह बैग हल्का और मजबूत होने के साथ ही धोने में भी आसान होता है। इसका इस्तेमाल सब्जी या रोजमर्रा की छोटी-छोटी चीजें ले जाने के लिए किया जा सकता है।
5- सफाई में करें इस्तेमाल
अगर टी-शर्ट बहुत ज्यादा खराब हो गई है तो उसे करीब 10 इंच के चौकोर टुकड़ों में काटकर सफाई के कपड़े बना सकते हैं। इसका इस्तेमाल शीशे, स्टील और इलेक्ट्रॉनिक चीजों को साफ करने में किया जा सकता है।
6- कालीन भी बना सकते हैं
अगर आपके पास बहुत सारी पुरानी टी-शर्ट हैं, तो उससे एक छोटा कालीन भी बना सकते हैं। इसके लिए टी-शर्ट को लंबी-लंबी पट्टियों में काट लें। इन पट्टियों को आपस में जोड़कर चोटी की तरह गूंथ लें या क्रोशिया की मदद से बुन दें। धीरे-धीरे इन पट्टियों को गोल या आयताकार आकार में बुनते जाएं, जिससे एक मजबूत और मुलायम कालीन तैयार हो जाएगा। टी-शर्ट के कपड़े से बना कालीन हल्का, आरामदायक और धोने में भी आसान होगा। इसे आप घर के दरवाजे के पास, बच्चों के कमरे या फिर लॉन्ड्री एरिया में इस्तेमाल कर सकते हैं।
7- जानवरों के लिए बनाएं खिलौना
अगर घर में पालतू जानवर हैं तो उनके लिए पुरानी टी-शर्ट की मदद से खिलौने बना सकते हैं। इसके लिए टी-शर्ट को लंबी-लंबी पट्टियों में काट लें। फिर इन पट्टियों को आपस में गूंथकर या चोटी की तरह बांधकर एक मजबूत रस्सीनुमा खिलौना तैयार कर लें। यह कु्त्तों के खेलने और खींचतान में अच्छा होता है। टी-शर्ट का कॉटन कपड़ा दांतों के लिए मुलायम होता है, जिससे पालतू जानवरों को नुकसान नहीं होता है। वहीं, गंदा हो जाने पर आप इसे आसानी से धो सकते हैं।
8- पौधों के लिए हैंगर
पुरानी टी-शर्ट से आप घर के पौधों के लिए सुंदर हैंगर भी बना सकते हैं। इसके लिए टी-शर्ट को लंबी-लंबी पट्टियों में काट लें। फिर इन पट्टियों को आपस में गांठ लगाकर या मैक्रमे स्टाइल में बुनकर एक मजबूत हैंगर तैयार कर लें। बीच में इतना गैप रखें कि उसमें छोटा गमला आसानी से रखा जा सके। इस हैंगर में गमला रखकर आप इसे दीवार, बालकनी या खिड़की के पास टांग सकते हैं।
Also Read
कहीं कूड़ा समझकर फेंकने तो नहीं जा रहें पुराने फटे मोजे, ऐसे करें दोबारा इस्तेमाल
