Plastic Bag Reuses Ideas: बाजारों से जब भी हम कोई सामान खरीदते हैं, तो उसे कई दुकानदार प्लास्टिक की थैली में रखकर देते हैं। धीरे-धीरे ऐसी कई थैलियां घर पर जमा हो जाती हैं। इन्हें बेकार समझकर फेंकने की बजाय, आप कई तरह से दोबारा इस्तेमाल कर सकते हैं। रोजमर्रा के कामों को आसान बनाने से लेकर सफर तक चीजों को व्यवस्थित रखने में इनका इस्तेमाल किया जा सकता है।

डोरमेट बनाएं

सामान के साथ घर आई प्लास्टिक की थैलियों को आप दोबारा क्रिएटिव तरीके से इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे आप वॉटरप्रूफ डोरमेट बना सकते हैं, जो बारिश के मौसम में घर के अंदर कीचड़, मिट्टी और बारिश के पानी को आने से काफी हद तक रोक सकता है। इसके लिए आप थैलियों को पतला-पतला पट्टियों में काटकर उन्हें सिलकर या चोटी बनाकर अपनी पसंद का आकार दे सकते हैं।

जूते-चप्पल रखें

कई बार रखे-रखे जूते-चप्पल धूल-मिट्टी से गंदे हो जाते हैं, ऐसे में आप इन्हें साफ रखने के लिए प्लास्टिक की थैली का इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर आप सफर में जा रहे हैं, तो प्लास्टिक की थैली में उन्हें आसानी से रख सकते हैं। इससे बैग में रखा बाकी सामान गंदा नहीं होगा।

डलिया बनाएं

सामान रखने के लिए डलिया बहुत ही काम आती है। इसे आप प्लास्टिक की थैलियों से घर पर बना सकते हैं। कई बार घर पर ढेर सारी प्लास्टिक इकट्ठा हो जाती हैं, जिसे इधर-उधर फेंकने की बजाय आप डलिया बनाने में इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए कोई कार्डबोर्ड या बॉक्स लें और उस पर प्लास्टिक की थैलियों को काटकर लगाएं।

सफर में आएंगी काम

सफर के दौरान कई बार कपड़े धोने या सुखाने का समय नहीं मिलता है। ऐसे में आप गीले कपड़ों को प्लास्टिक की थैली में रख सकते हैं। यात्रा के दौरान जरूरत पड़ने पर यह बहुत काम आ सकती है। इसमें आप अपने गंदे और साफ कपड़ों को अलग-अलग रख सकते हैं। जिससे बाकी के कपड़े सुरक्षित रखेंगे।

फर्श को साफ रखने में आएंगी काम

गमले, लोहे की टेबल, सिलेंडर या किसी भारी सामान के नीचे कई बार पानी, मिट्टी या जंग के निशान फर्श पर पड़ सकते हैं। ऐसे में प्लास्टिक की थैली को मोड़कर इनके नीचे रख सकते हैं। इससे फर्श पर गंदगी या नमी सीधे नहीं पहुंचेगी। साथ ही सफाई करने में भी आसानी होगी।

डस्टबिन कवर बनाएं

कचरा रखने के लिए इस्तेमाल होने वाला डस्टबिन जल्दी गंदा हो जाता है। ऐसे में प्लास्टिक की थैली को कवर की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं, जिससे बार-बार डस्टबिन को साफ करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। साथ ही सफाई के दौरान थैली को निकालकर कचरा आसानी से अलग किया जा सकता है।

सामान रखने के लिए करें इस्तेमाल

घर की साफ-सफाई, पेंटिंग या मरम्मत के दौरान सामान पर धूल-मिट्टी जमने लगती है। ऐसे में प्लास्टिक की थैलियों का इस्तेमाल छोटे इलेक्ट्रॉनिक सामान, किताबों, खिलौनों या अन्य चीजों को ढकने के लिए किया जा सकता है। इससे सामान पर धूल कम जमती है और उसे साफ रखने में आसानी हो सकती है।