जब कमरा छोटा होता है तो चीजों को व्यवस्थित रखने में काफी परेशानी होती है। खासकर बेडरूम में कपड़े, जूते, सजावटी सामान और रोजमर्रा की दूसरी चीजों के लिए पर्याप्त जगह बनाना मुश्किल लगता है। ऐसे में कई बार कुछ जरूरी सामानों के साथ समझौता करना पड़ता है और उन्हें किसी दूसरे कमरे में रखना पड़ता है। हालांकि, आज के समय में छोटे कमरे को व्यवस्थित रखने के लिए ज्यादा जगह की जरूरत नहीं होती। क्योंकि कई ऐसे स्टोरेज आइडियाज हैं, जिनकी मदद से कमरे में जरूरत के अनुसार चीजों को रखा जा सकता है। इससे बेडरूम में बिखराव कम होता है और छोटा कमरा भी साफ-सुथरा, व्यवस्थित और पहले से ज्यादा खुला-खुला नजर आता है।

1- दीवारों पर लगाएं फ्लोटिंग शेल्फ

अगर आपका बेडरूम छोटा है तो फर्श पर ज्यादा सामान रखने की जगह आप दीवारों पर फ्लोटिंग शेल्फ लगवा सकते हैं। आजकल मॉडर्न घरों और अपार्टमेंट में इसका इस्तेमाल खूब होता है। इन पर आप किताबें, छोटी सजावटी चीजें, परफ्यूम, ब्यूटी केयर प्रोडक्ट्स या रोजाना इस्तेमाल होने वाली चीजों को आसानी से रख सकते हैं। इससे फर्श की जगह खाली बचती है और कमरा ज्यादा खुला नजर आता है।

2- बेड के नीचे का हिस्सा आएगा काम

अक्सर लोग बेड के नीचे वाले खाली हिस्से को ऐसे ही छोड़ देते हैं या वहां पर कोई बेकार की चीजें रख देते हैं। लेकिन इस खाली जगह को आप स्टोरेज के तौर पर इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर आपके बेड के नीचे पर्याप्त जगह है तो आप यहां पर बॉक्स, बास्केट या स्लाइडिंग स्टोरेज ड्रॉअर रख सकते हैं। इसमें आप मौसम के अनुसार इस्तेमाल होने वाले कपड़े, अतिरिक्त चादरें, कंबल, तकिए या बैग रखे जा सकते हैं। इससे आपके अलमारी में पर्याप्त जगह बचेगी और वहां पर आप रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली जरूरी चीजों को रख सकते हैं।

3- अलमारी की खाली ऊंचाई का करें इस्तेमाल

अक्सर लोग अलमारी के ऊपर की खाली जगह को वैसे ही छोड़ देते हैं, लेकिन आप इस जगह का इस्तेमाल स्टोरेज के रूप में कर सकते हैं। अगर आपका बेडरूम छोटा है तो अलमारी के ऊपर वाली खाली जगह पर स्टोरेज बॉक्स या बास्केट रखकर उसमें ऐसे कपड़े रख सकते हैं, जिनका रोजाना इस्तेमाल न होता हो।

4- दरवाजे के पीछे

अक्सर लोग दरवाजे के पीछे वाली जगह को भी खाली छोड़ देते हैं। लेकिन यहां पर आप ओवर-द-डोर ऑर्गनाइजर या हुक लगाकर स्मार्ट तरीके से इस्तेमाल कर सकते हैं। यहां आप बेल्ट, स्कार्फ, बैग, टोपी, छोटे पर्स और दूसरी एक्सेसरीज रख सकते हैं।

5- कोनों का सही इस्तेमाल करें

बेडरूम का कोना भी आप स्टोरोज के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए आप किसी खाली कोने में वर्टिकल कॉर्नर शेल्फ लगाकर उसमें किताबें, पौधे, छोटी सजावटी चीजें या जरूरी सामान रख सकते हैं। इससे फर्श की काफी जगह बच जाती है और वहां आप दूसरी जरूरत की चीजें रख सकते हैं। आजकल मार्केट में अलग-अलग डिजाइन की कॉर्नर शेल्फ उपलब्ध हैं, आप अपने दीवारों के रंग और जगह के अनुसार इसका चुनाव कर सकते हैं।

6- बास्केट और बॉक्स आएंगे काम

अक्सर हम छोटी-छोटी चीजों को ऐसे ही रख देते हैं, जिससे कमरा ज्यादा भरा हुआ दिखाई देता है। ऐसे में आप इन चीजों को रखने के लिए स्टोरेज बॉक्स और बास्केट का इस्तेमाल कर सकते हैं। इनमें आप एक्सेसरीज, जरूरी दस्तावेज और रोजाना इस्तेमाल होने वाली छोटी चीजें रख सकते हैं।

7- खिड़की के नीचे का हिस्सा करें इस्तेमाल

अगर आपके बेडरूम में खिड़की है, तो उसके नीचे वाले हिस्से को आप कई जरूरी सामान को रखने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं। खिड़की के नीचे खाली जगह में आप लो-कैबिनेट या ड्रॉअर बनवा सकते हैं। इसमें आप किताबें, बेडशीट, छोटे बैग या अन्य सामान रख सकते हैं।

यह भी पढ़ें
लिविंग रूम की दीवारों को खाली न छोड़ें, लग्जरी लुक के लिए इस तरह करें सजावट