घर का सबसे आरामदायक कोना आपका बेडरूम होता है, जहां दिनभर की थकान के बाद सुकून के पल बिताए जाते हैं और बेहतर नींद ली जाती है। लेकिन जब कमरा भरा-भरा और बिखरा हुआ लगता है, तो आराम कम और बेचैनी ज्यादा महसूस होने लगती है। खासकर छोटे बेडरूम में यह समस्या ज्यादा होती है, जहां सीमित जगह के कारण कमरा तंग और असुविधाजनक लगने लगता है। इसका असर सिर्फ नींद पर ही नहीं, बल्कि आपके मूड और मानसिक आराम पर भी पड़ता है। हालांकि, सही डेकोर और स्मार्ट प्लानिंग की मदद से छोटे बेडरूम को भी बड़ा, खुला और व्यवस्थित दिखाया जा सकता है। यहां कुछ स्मार्ट डेकोर आइडियाज बताए गए हैं जिनकी मदद से कम खर्च में भी आप अपने छोटे बेडरूम को स्पेशियस बना सकते हैं।
1- सही रंग का चुनाव
छोटे बेडरूम को बड़ा दिखाने के लिए हल्के रंग सबसे असरदार होते हैं। सफेद, ऑफ-व्हाइट, क्रीम, हल्का ग्रे या पेस्टल शेड्स दीवारों पर इस्तेमाल करें। ये रंग रोशनी को रिफ्लेक्ट करते हैं, जिससे कमरा खुला और बड़ा दिखाई देता है। अगर आप रंग जोड़ना चाहते हैं, तो एक दीवार पर हल्का एक्सेंट कलर रखें और बाकी दीवारों को न्यूट्रल रखें।
2- ऐसा होना चाहिए शीशा
दीवार पर बड़ा शीशा छोटे कमरों को बड़ा दिखाने का सबसे आसान तरीका है। दीवार पर बड़ा शीशी लगाने से कमरे में डेप्थ बढ़ती है और रोशनी रिफ्लेक्ट होकर स्पेस ज्यादा लगता है। आप दीवारों के साथ अलमारी के दरवाजे पर भी मिरर लगवा सकते हैं।
3- सही फर्नीचर का चुनाव
छोटे बेडरूम में भारी और ज्यादा फर्नीचर लगाने से बचना चाहिए। इनके बजाए स्टोरेज वाला बेड, फोल्डेबल टेबल, वॉल माउंटेड शेल्फ और ड्रॉअर वाली साइड टेबल का इस्तेमाल करना चाहिए। इससे सामान व्यवस्थित रहता है और फर्श की जगह भी खाली दिखती है, जिससे कमरा बड़ा लगता है।
4- फर्श पर सामान न रखें
फर्श पर ज्यादा सामान रखने से कमरा छोटा दिखता है। इसलिए चीजों को दीवार के सहारे रखें। जैसे वॉल शेल्फ, हैंगिंग लैंप और फ्लोटिंग साइड टेबल। इससे फ्लोर स्पेस खुला रहता है और कमरे में हल्कापन महसूस होता है।
5- सही डेकोरेशन भी जरूरी
छोटे कमरे में ज्यादा सजावट करने से जगह भरी-भरी लगने लगती है। इसलिए कम लेकिन स्टाइलिश डेकोर चुनें। एक बड़ा वॉल आर्ट, छोटा प्लांट या मिनिमल फोटो फ्रेम ही रखें। इससे कमरा साफ और खुला दिखता है। दीवार पर ज्यादा फोटो फ्रेम टांग देने से कमरा भरा-भरा लगने लगता है। ऐसे में एक-दो ही फोटो फ्रेम टांगें।
6- लाइटिंग का चुनाव
छोटे बेडरूम को बड़ा दिखाने के लिए अच्छी लाइटिंग बेहद जरूरी है। छत पर ब्राइट लाइट के साथ वॉल लाइट या बेड के पास सॉफ्ट लाइट लगाएं। वार्म और व्हाइट लाइट का कॉम्बिनेशन कमरे को बड़ा और आरामदायक बनाता है।
7- इस तरह लगवाएं शेल्फ
छोटे कमरे को बड़ा रखने में शेल्फ भी अहम भूमिका निभाते हैं। छोटे बेडरूम में ऊंचाई वाले शेल्फ इस्तेमाल करने चाहिए। दीवार पर ऊपर तक शेल्फ लगवाएं और कम इस्तेमाल होने वाले सामान को ऊपर रखें। इससे नीचे की जगह खाली रहेगी और कमरा बड़ा लगेगा।
Also Read
किचन छोटा हो या बड़ा, ये 7 रंग देंगे मॉडर्न और एलिगेंट फील
