कई बार घर पर अचानक मेहमान आ जाते हैं, तो समझ में नहीं आता कि क्या बनाएं। इसके साथ ही कई बार घर में पहले से कोई खास तैयारी नहीं होती और बाजार से कुछ मंगवाने का समय भी नहीं मिलता। हालांकि, कुछ चीजें हैं जिनकी मदद से अचानक घर आए मेहमानों के लिए स्वादिष्ट स्नैक्स बना सकते हैं। इन्हें बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता। आइए जानते हैं 7 ऐसे व्यंजनों के बारे में जिन्हें झटपट बनाया जा सकता है।
1- ब्रेड पकोड़ा
ब्रेड और आलू की मदद से आप झटपट स्वादिष्ट ब्रेड पकोड़े तैयार कर सकते हैं। इसके लिए उबले आलू में हरी मिर्च, हरा धनिया, लाल मिर्च और नमक मिलाकर मसाला तैयार करें। अब ब्रेड के बीच आलू का मसाला लगाकर तिकोने टुकड़े काट लें और बेसन के घोल में डुबोकर गर्म तेल में तलें। इन्हें हरी चटनी या टमाटर सॉस के साथ गरमागरम परोसें।
2- सूजी के इंस्टेंट अप्पे
सूजी, दही और कुछ सब्जियों की मदद से स्वादिष्ट अप्पे तैयार किए जा सकते हैं। इसके लिए एक कप सूची में आधा कप दही और थोड़ा पानी मिलाकर 10 मिनट के लिए रख दें। अब इसमें बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया, नमक और ईनो मिलाएं। अप्पे के सांचे में थोड़ा तेल लगाकर घोल डालें और दोनों तरफ से सुनहरा होने तक पकाएं।
3- आलू के क्रिस्पी फिंगर्स
आलू के क्रिस्पी फिंगर्स बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आते हैं। इन्हें बनाने के लिए उबले आलू को मैश करके उसमें कॉर्नफ्लोर, चावल का आटा, काली मिर्च, चिली फ्लेक्स और नमक मिलाएं। अब इस मिश्रण से लंबे फिंगर्स तैयार करें और गर्म तेल में सुनहरा व कुरकुरा होने तक तलें। इन्हें टोमैटो सॉस या मेयोनीज के साथ परोस सकते हैं।
4- पनीर टिक्का
अगर घर में पनीर मौजूद है तो आप तवे पर आसानी से पनीर टिक्का बना सकते हैं। इसके लिए आपको गाढ़े दही में लाल मिर्च, धनिया पाउडर, गरम मसाला, चाट मसाला और अदरक-लहसुन का पेस्ट मिलाएं। इसमें पनीर, प्याज और शिमला मिर्च के टुकड़े डालकर 10-15 मिनट रखें। अब तवे पर थोड़ा तेल लगाकर इन्हें चारों तरफ से सुनहरा होने तक सेंकें और हरी चटनी के साथ परोसें।
5- वेजिटेबल सैंडविच
अगर कम समय में स्वादिष्ट नाश्ता तैयार करना है तो वेजिटेबल सैंडविच बना सकते हैं। इसके लिए ब्रेड स्लाइस पर हरी चटनी लगाएं और ऊपर से उबले आलू, खीरा, टमाटर और प्याज के पतले टुकड़े रखें। अब नमक, काली मिर्च और चाट मसाला छिड़ककर दूसरी ब्रेड स्लाइस से ढक दें। तवे पर मक्खन लगाकर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें।
6- पनीर ब्रेड रोल
पनीर ब्रेड रोल बच्चों और बड़ों दोनों को पसंद आते हैं। इसके लिए कद्दूकस किए हुए पनीर में बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया, काली मिर्च और नमक मिलाएं। ब्रेड स्लाइस के किनारे काटकर हल्का बेलें और उसमें पनीर का मिश्रण भरकर रोल बना लें। इन्हें तवे पर मक्खन लगाकर सुनहरा होने तक सेंकें या गर्म तेल में तल लें। इसे आप हरी चटनी या सॉस के साथ परोस सकते हैं।
7- सूजी के वेजिटेबल कटलेट
\सूजी और सब्जियों से स्वादिष्ट कटलेट तैयार किए जा सकते हैं। इसके लिए कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करके सूजी भूनें और उसमें पानी, नमक, गाजर, मटर और बारीक कटी शिमला मिर्च मिलाएं। मिश्रण गाढ़ा होने पर ठंडा करें और कटलेट का आकार देकर तवे पर तेल लगाकर दोनों तरफ से सुनहरा सेंक लें। इन्हें हरी चटनी के साथ परोसें।
यह भी पढ़ें
इतने मुलायम कैसे होते हैं गलौटी कबाब? जानिए बनाने का खास तरीका
