मानसून की पहली बारिश के साथ ही महाराष्ट्र का प्राकृतिक सौंदर्य अपने सबसे खूबसूरत रूप में नजर आने लगता है। खासकर यहां के लेटराइट पठार (प्लेटोस) और घास के मैदान (ग्रासलैंड) हरियाली, रंग-बिरंगे जंगली फूलों, झरनों और धुंध की चादर से ढक जाते हैं। इनमें से कई जगहें अपनी अनोखी बायोडायवर्सिटी के लिए जानी जाती हैं और मानसून के दौरान प्रकृति प्रेमियों, ट्रेकर्स और फोटोग्राफर्स की पसंदीदा डेस्टिनेशन बन जाती हैं। अगर आप बारिश के मौसम में किसी खूबसूरत जगह घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो महाराष्ट्र की ये 7 जगहें आपकी ट्रैवल लिस्ट में जरूर होनी चाहिए।

कास पठार, सतारा

Kaas Plateau in Satara
मानसून में यहां सैकड़ों जंगली फूल खिलते हैं और पूरा इलाका रंग-बिरंगी चादर से ढक जाता है। (Photo Source: Pexels)

महाराष्ट्र का कास पठार मानसून के दौरान सबसे खूबसूरत पर्यटन स्थलों में गिना जाता है। इसे ‘महाराष्ट्र की वैली ऑफ फ्लावर्स’ भी कहा जाता है। यह पश्चिमी घाट का एक यूनेस्को विश्व प्राकृतिक धरोहर स्थल है। अगस्त से अक्टूबर के बीच यहां सैकड़ों प्रजातियों के जंगली फूल एक साथ खिलते हैं, जिससे पूरा पठार रंग-बिरंगी चादर से ढक जाता है। यहां दुर्लभ ऑर्किड, कीटभक्षी पौधे और कई अनोखी वनस्पतियां भी देखने को मिलती हैं।

चालकेवाड़ी पठार, सतारा

Chalkewadi Plateau in Satara
बारिश के मौसम में चालकेवाड़ी हरी-भरी घास, झरनों और घने कोहरे से भर जाता है। (Photo Source: Unsplash)

चालकेवाड़ी अपने विशाल विंडमिल्स के लिए मशहूर है, लेकिन बारिश के मौसम में इसकी असली खूबसूरती सामने आती है। मानसून के दौरान पूरा इलाका हरी-भरी घास, झरनों और घने कोहरे से ढक जाता है। बादलों के बीच दिखाई देने वाली विंड टर्बाइन और आसपास की घाटियों का नजारा बेहद मनमोहक लगता है।

टेबल लैंड, पंचगनी

Table Land, Panchgani in Satara
एशिया के सबसे बड़े ज्वालामुखीय पठारों में से एक टेबल लैंड मानसून में हरियाली और धुंध से घिर जाता है। (Photo Source: Pexels)

एशिया के सबसे बड़े ज्वालामुखीय पठारों में शामिल टेबल लैंड मानसून में पूरी तरह बदल जाता है। बारिश के बाद यहां हरियाली, ठंडी हवाएं और घना कोहरा छा जाता है। यहां से दिखाई देने वाली कृष्णा घाटी का दृश्य मानसून के दौरान और भी आकर्षक हो जाता है। यह उन लोगों के लिए बेहतरीन जगह है जो बिना कठिन ट्रेकिंग के प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेना चाहते हैं।

कसरसाई पठार, पुणे

Kasarsai Plateau in Pune
कसरसाई पठार बारिश में जंगली फूलों और हरी घास से सज जाता है। (Photo Source: Pexels)

पुणे के पास स्थित कसरसाई पठार बारिश के मौसम में फूलों और हरियाली से भर उठता है। यहां के शांत वॉकिंग ट्रेल्स प्रकृति के बीच सुकून भरा समय बिताने का मौका देते हैं। यह जगह अभी भी अपेक्षाकृत कम भीड़भाड़ वाली है, इसलिए शांत वातावरण पसंद करने वालों के लिए यह एक शानदार विकल्प है। पास में स्थित कसरसाई बांध इसकी खूबसूरती को और बढ़ा देता है।

अंधारबन ग्रासलैंड, पुणे

Andharban Grasslands in Pune
अंधारबन के घास के मैदान मानसून में बेहद खूबसूरत दिखते हैं। (Photo Source: Pexels)

अंधारबन ट्रेक अपनी घने जंगलों के लिए प्रसिद्ध है, लेकिन इसके ऊंचाई वाले घास के मैदान मानसून में बेहद खूबसूरत दिखाई देते हैं। यहां से धुंध से ढकी घाटियां, बहते झरने और सह्याद्रि की हरी-भरी पहाड़ियां देखने को मिलती हैं। जंगल और ग्रासलैंड का यह अनोखा संगम फोटोग्राफी और ट्रेकिंग के शौकीनों को खूब आकर्षित करता है।

घनगढ़ पठार, पुणे

Ghangad Plateau, Pune
घनगढ़ किले के पास स्थित यह पठार बारिश में हरे मैदान और जंगली फूलों से भर जाता है। (Photo Source: Pexels)

मुलशी क्षेत्र में स्थित घनगढ़ किले के पास का यह पठार बारिश के दौरान हरे-भरे मैदान में बदल जाता है। यहां जंगली फूलों की खूबसूरती और बादलों से ढकी सह्याद्रि पर्वतमाला का नजारा देखने लायक होता है। अगर आप छोटे लेकिन रोमांचक मानसून ट्रेक का अनुभव लेना चाहते हैं, तो यह जगह आपके लिए बेहतरीन है।

गारबेट पठार, रायगढ़

Garbett Plateau, Raigad
माथेरान के पास स्थित गारबेट पठार मानसून ट्रेकिंग के लिए मशहूर है। (Photo Source: Pexels)

माथेरान के पास स्थित गारबेट पठार महाराष्ट्र के सबसे लोकप्रिय मानसून ट्रेकिंग स्पॉट्स में से एक है। बारिश के दौरान यहां फैली हरियाली, झरने और बादलों से घिरी पहाड़ियां ट्रेक को यादगार बना देती हैं। रास्ते में दिखाई देने वाले चट्टानी दृश्य और घाटियों का प्राकृतिक सौंदर्य पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर देता है।

Also Read
बारिश में और भी खूबसूरत दिखती हैं मुंबई की ये 5 जगहें, घूमने जाने का है प्लान तो करें एक्सप्लोर