अगर आपको पहाड़ों की खूबसूरती, ठंडी जलवायु और प्रकृति के बीच सुकून भरे पल बिताना पसंद है, तो दक्षिण भारत का तमिलनाडु आपके लिए बेहतरीन डेस्टिनेशन हो सकता है। पश्चिमी और पूर्वी घाट की माउंटेन चेन्स से घिरा यह राज्य दक्षिण भारत में सबसे अधिक हिल स्टेशनों वाला राज्य माना जाता है। नीलगिरि, पलानी, शेवरॉय, कोल्ली और अनामलाई जैसी माउंटेन रेंजेस तमिलनाडु को प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर बनाती हैं। यहां के हर हिल स्टेशन की अपनी अलग पहचान है, कहीं चाय और कॉफी के बागान हैं, तो कहीं झरने, घने जंगल और एडवेंचर का रोमांच। आइए जानते हैं तमिलनाडु के 7 सबसे खूबसूरत हिल स्टेशनों के बारे में।
ऊटी

तमिलनाडु के सबसे लोकप्रिय हिल स्टेशनों में ऊटी का नाम सबसे पहले आता है। समुद्र तल से लगभग 2,240 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह जगह नीलगिरि की पहाड़ियों में बसी है। कोलोनियल दौर में विकसित हुआ यह शहर आज भी अपने सुहावने मौसम, चाय के बागानों, रंग-बिरंगे फूलों के बगीचों और खूबसूरत नजारों के लिए प्रसिद्ध है। फैमिली ट्रिप, हनीमून और नेचर लवर्स के लिए यह एक परफेक्ट डेस्टिनेशन है।
कोडाइकनाल

‘प्रिंसेस ऑफ हिल स्टेशन्स’ के नाम से मशहूर कोडाइकनाल अपनी शांत वादियों, घने देवदार के जंगलों, झीलों और झरनों के लिए जाना जाता है। यहां का ठंडा मौसम गर्मियों में पर्यटकों को खास तौर पर आकर्षित करता है। यदि आप भीड़-भाड़ से दूर प्रकृति के बीच कुछ सुकून के पल बिताना चाहते हैं, तो यह जगह आपके लिए बेहतरीन विकल्प है।
कुन्नूर

ऊटी के पास स्थित कुन्नूर कम भीड़भाड़ वाला लेकिन बेहद खूबसूरत हिल स्टेशन है। चारों ओर फैले चाय के बागान, शांत वातावरण और मनमोहक प्राकृतिक दृश्य इसे खास बनाते हैं। यहां आने वाले पर्यटक आरामदायक छुट्टियों और प्रकृति के करीब समय बिताने का आनंद लेते हैं।
यरकौड
शेवरॉय पहाड़ियों में बसा यरकौड तमिलनाडु का एक शांत और कम व्यावसायिक हिल स्टेशन है। यहां कॉफी और फलों के बागान, खूबसूरत व्यू प्वाइंट्स और हरियाली पर्यटकों को आकर्षित करती है। अगर आप भीड़ से दूर किसी शांत जगह की तलाश में हैं, तो यरकौड आपकी ट्रैवल लिस्ट में जरूर होना चाहिए।
वालपराई

अनामलाई पहाड़ियों में स्थित वालपराई अपनी प्राकृतिक सुंदरता और घने चाय बागानों के लिए प्रसिद्ध है। यहां तक पहुंचने वाला घुमावदार रास्ता अपने शानदार दृश्यों के कारण यात्रा को भी यादगार बना देता है। आसपास के वाइल्डलाइफ सेंचुरीज की वजह से यह जगह एडवेंचर और वाइल्डलाइफ लवर्स के बीच भी काफी लोकप्रिय है।
कोटागिरी
नीलगिरि क्षेत्र का सबसे पुराना हिल स्टेशन माना जाने वाला कोटागिरी अपनी शांति और प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है। यहां के चाय बागान, जंगल और सालभर रहने वाला सुहावना मौसम पर्यटकों को खूब पसंद आता है। कम भीड़ होने के कारण यहां का शांत वातावरण इसकी सबसे बड़ी खासियत है।
येलागिरि
येलागिरि भले ही ऊटी और कोडाइकनाल जितना प्रसिद्ध न हो, लेकिन एडवेंचर पसंद करने वालों के बीच इसकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है। ट्रैकिंग, प्राकृतिक नजारे और शांत माहौल इसे वीकेंड ट्रिप के लिए शानदार विकल्प बनाते हैं। अगर आप कम भीड़ वाले हिल स्टेशन की तलाश में हैं, तो येलागिरि जरूर जाएं।
Also Read
वंदे भारत से करें रॉयल और हेरिटेज ट्रिप, मैसूर-चेन्नई रूट पर हैं ये 6 शानदार डेस्टिनेशन
