काफी लोगों के दिन की शुरुआत एक कप चाय के साथ अखबार से होती है। सुबह-सुबह जब घर में शांति होती है, तब लोग चाय की चुस्कियों के साथ अखबार पढ़ना पसंद करते हैं। इससे न सिर्फ उन्हें ताजा खबरों की जानकारी मिलती है, बल्कि देश-दुनिया में क्या चल रहा है, राजनीति, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों से भी वे जुड़े रहते हैं। अखबार पढ़ना कई लोगों के लिए एक आदत ही नहीं बल्कि दिन की एक अहम शुरुआत होती है। यह समय खासकर घर के बड़े-बुजुर्गों के लिए बेहद खास होता है। ऐसे में हर दिन का अखबार धीरे-धीरे इकट्ठा होने लगता है और कुछ ही दिनों में ढेर लग जाता है।

पुराने अखबार को ज्यादातर लोग या तो फेंक देते हैं या फिर बेच देते हैं। लेकिन इन अखबारों को आप कई तरह से काम में ले सकते हैं। पुराने अखबार घर के काम को आसान बना सकते हैं। आइए जानते हैं इनका इस्तेमाल कैसे करें।

1- सफाई
पुराने अखबार को सफाई के कामों में इस्तेमाल किया जा सकता है। खिड़कियों, शीशों और कांच की टेबल को साफ करने में इसे इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर कांच ज्यादा गंदे हैं तो उन्हें पहले सिरका और पानी के घोल से साफ कर लें। इसके बाद अखबार से पोंछ दें। अखबार कांच पर कोई बिना किसी दाग और रेशा के सफाई करता है।

2- पैकिंग में करें इस्तेमाल
पुराने अखबारों का उपयोग पैकेजिंग में किया जा सकता है। इससे नाजुक चीजें सुरक्षित रहती हैं। शीशे, चीनी मिट्टी और अन्य ऐसे नाजुक वस्तुओं को आप अखबार में लपेटकर एक मोटी परत बना सकते हैं। इससे झटका लगने या गिरने पर सामान टूटने से बच सकता है।

3- पेंटिंग के दौरान करें इस्तेमाल
अगर आप दीवारों पर पेंट कर रहे हैं, तो फर्श को बचाने के लिए अखबार की कई परतें बिछा सकते हैं। इससे पेंट गिरने पर फर्श खराब नहीं होगा। इसके अलावा आप इसे टेबल कवर के रूप में भी इस्तेमाल कर सकते हैं, जिससे प्लास्टिक कवर की जरूरत नहीं पड़ेगी।

4- क्राफ्ट में आएगा काम
पुराने अखबार बच्चों के क्राफ्ट के लिए उपयोगी और किफायती सामग्री साबित हो सकते हैं। बच्चे इससे पेपर कटिंग, ओरिगामी और तरह-तरह के स्कूल प्रोजेक्ट्स आसानी से बना सकते हैं। इससे बच्चों की न सिर्फ रचनात्मकता बढ़ती है, बल्कि वे खेल-खेल में कई नई चीजें भी सीखते हैं।

5- गिफ्ट रैपिंग
पुराने अखबार की मदद से आप गिफ्ट को एक अलग और आकर्षक लुक दे सकते हैं। गिफ्ट पैकिंग में आप इसे और सुंदर बनाने के लिए धागे, रिबन या हाथ से बनाए गए टैग का उपयोग कर सकते हैं।

6- औजारों की सफाई
घर के औजारों पर जमे तेल और चिकनाई को साफ करने के लिए अखबार का इस्तेमाल कर सकते हैं। अखबार तेल और गंदगी सोखने के लिए काफी उपयोगी होते हैं। इसे कपड़े की तरह इस्तेमाल करके ब्लेड, स्क्रूड्राइवर या साइकिल की चेन को साफ कर सकते हैं। इसके साथ ही शेल्फ या दराज में अखबार बिछा सकते हैं, जिससे ये तेल और गंदगी से बचे रहते हैं।

7- जूते की बदबू दूर करने में इस्तेमाल करें
अक्सर नए जूतों में अखबार भरकर रखा जाता है। दरअसल, यह बदबू दूर करने का सबसे सरल और आसान तरीका है। अगर जूतों से बदबू आ रही है, तो उसमें अखबार भरकर रख दें। इससे रातभर में नमी कम हो जाती है और बदबू भी दूर हो सकती है।

इस तरह पुराने और बेकार पड़े अखबारों को फेंकने के बजाए आप उन्हें घर के इस तरह के कई अन्य कामों में फिर से इस्तेमाल कर सकते हैं।

Also Read
टूटे शीशे से बनाएं यूनिक डेकोर आइटम्स, इन 5 तरीकों से घर में करें इस्तेमाल