गर्मियों में तेज धूप और लू का असर सिर्फ सेहत पर नहीं, बल्कि हमारी त्वचा पर भी पड़ता है। तेज धूप में मौजूद हानिकारक यूवी किरणें स्किन की नमी को तेजी से कम कर देती हैं, जिससे त्वचा रुखी, बेजान और डिहाइड्रेट हो जाती है। इसके अलावा लंबे समय तक धूप में रहने से टैनिंग, रैशेज, सनबर्न, पिग्मेंटेशन और जलन जैसी समस्याएं बढ़ने लगती हैं। गर्मी और पसीने के कारण स्किन के पोर्स बंद हो जाते हैं, जिससे मुंहासे और इंफेक्शन का खतरा भी बढ़ जाता है। इसके साथ ही त्वचा की प्राकृतिक चमक भी धीरे-धीरे कम होने लगती है। यही वजह है कि इस मौसम में त्वचा की खास देखभाल करना बेहद जरूरी हो जाता है।
ऐसे में कुछ आसान और असरदार तरीकों को अपनी डेली रूटीन में शामिल करके आप अपनी त्वचा को न सिर्फ धूप के नुकसान से बचा सकते हैं, बल्कि उसे हेल्दी, ग्लोइंग और फ्रेश भी बनाए रख सकते हैं। आइए जानते हैं गर्मियों के मौसम में किस तरह अपनी त्वचा का ख्याल रखें।
1- शरीर को हाइड्रेट रखें
गर्मी के मौसम में सबसे जरूरी शरीर को हाइड्रेट रखना है। जब शरीर में पर्याप्त पानी नहीं होता है, तो इसका असर सिर्फ सेहत ही नहीं बल्कि त्वचा और ऊर्जा स्तर पर भी पड़ता है। पसीने के जरिए शरीर से पानी के साथ-साथ मिनरल्स (जैसे सोडियम और पोटैशियम) भी बाहर निकल जाते हैं। अगर इनकी पूर्ति न की जाए, तो कमजोरी, चक्कर आना और थकान जैसी समस्याएं हो सकती हैं। हाइड्रेट रखने से शरीर का तापमान संतुलित रहता है और ब्लड सर्कुलेशन सही बना रहता है। इससे त्वचा में नमी बनी रहती है, जिससे स्किन हेल्दी, सॉफ्ट और ग्लोइंग दिखती है। ऐसे में दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए। साथ ही नारियल पानी, नींबू पानी या छाछ जैसी चीजों को भी डाइट में शामिल करना चाहिए।
2- तेज धूप में न निकलें
गर्मी के मौसम में तेज धूप में निकलने से बचना चाहिए। तेज धूप का सबसे अधिक असर सेहत और त्वचा पर पड़ता है। ऐसे में अपने सारे काम सुबह जल्दी या शाम के समय निपटा लें। अगर दोपहर में घर से बाहर निकलते हैं तो इस दौरान, छाता, दुपट्टा या स्कार्फ, सनग्लासेस और हल्के ढील कपड़े पहनें। इससे आपकी त्वचा सीधी धूप और गर्म हवा के संपर्क में आने से बचती है।
3- गर्मी में ऐसे करें चेहरे की सफाई
गर्मी के मौसम में धूल, पसीना और अतिरिक्त ऑयल त्वचा के पोर्स को बंद कर देते हैं, जिससे मुंहासे, रैशेस और स्किन इंफेक्शन की समस्या बढ़ सकती है। ऐसे में चेहरे की सही तरीके से सफाई करना बेहद जरूरी हो जाता है। दिन में 2-3 बार माइल्ड फेस वॉस से चेहरा धोएं, ताकि त्वचा पर जमी गंदगी और अतिरिक्त तेल साफ हो सके। इससे स्किन साफ, फ्रेश और हेल्दी बनी रहती है।
4- प्राकृतिक तरीकों से करें त्वचा की देखभाल
गर्मी के मौसम में घर पर आप प्राकृतिक तरीकों से भी अपनी त्वचा की देखभाल कर सकते हैं। इसके लिए एलोवेरा जेल, गुलाब जल और खीरे के रस का इस्तेमाल करें। ये त्वचा को ठंडक देने के साथ ही हाइड्रेट भी रखते हैं।
5- कितनी देर में लगाना चाहिए सनस्क्रीन
गर्मी के मौसम में घर से बाहर निकलते वक्त 15-20 मिनट पहले SPF 30 या उससे ज्यादा वाला सनस्क्रीन जरूर लगाना चाहिए। अगर ज्यादा देर तक धूप में रहते हैं, तो इसे हर 2-3 घंटे में दोबारा लगा सकते हैं। इससे त्वचा का बचाव होता है, जिससे वह हेल्दी और चमकदार बनी रहती है। साथ ही आंखों को बचाने के लिए यूवी प्रोटेक्शन वाले सनग्लासेस जरूर पहनें।
6- सही कपड़े पहनें
गर्मी के मौसम में कॉटन और हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनने चाहिए। इससे शरीर का तापमान संतुलित रहता है और साथ ही पसीना भी कम आता है। इससे स्किन इरिटेशन और घमौरियों की समस्या से बच सकते हैं।
7- इन चीजों का करें सेवन
गर्मी के मौसम में उन चीजों का सेवन करना चाहिए जो शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करें। इसके लिए अपनी डाइट में तरबूज, खीरा, ककड़ी, छाछ जैसी चीजें शामिल कर सकते हैं।
Also Read
गर्मियों की छुट्टियों में बच्चों को सिखाएं कुछ नया, करवाएं ये 5 क्रिएटिव और लर्निंग एक्टिविटीज
