गर्मी के मौसम में फ्रिज का इस्तेमाल काफी बढ़ जाता है। इसमें सब्जियां, फल और बचा हुआ खाना लंबे समय तक ताजा रखने के लिए रखा जाता है। लेकिन कई बार यही बचा हुआ खाना, लीक हो रहे कंटेनर और खराब हो चुके खाद्य पदार्थ फ्रिज में बदबू पैदा करने लगते हैं। धीरे-धीरे यह बदबू पूरे फ्रिज में फैल जाती है, जिससे उसमें रखी दूसरी चीजें भी प्रभावित हो सकती हैं। इसके अलावा, ऐसे गंदे और अनदेखे हिस्सों में फंगस, बैक्टीरिया और जिद्दी दाग भी बनने लगते हैं, जिन्हें साफ करना भी मुश्किल हो जाता है। इससे न सिर्फ फ्रिज गंदा और अस्वच्छ दिखता है, बल्कि कई बार हमारी सेहत पर भी बुरा असर पड़ता है। ऐसे में फ्रिज को बेहतर तरीके से साफ करना जरूरी हो जाता है। आप कुछ घरेलू चीजों की मदद से फ्रिज को प्रभावी तरीके से साफ कर सकते हैं।

फ्रिज को साफ करने से पहले ध्यान में रखें ये बातें
1- फ्रिज को बहुत ज्यादा जोर से रगड़ कर साफ नहीं करना चाहिए। इससे फ्रिज की सतह और रबर को नुकसान पहुंच सकता है। हमेशा हल्के क्लीनर, स्पंज और कपड़े का इस्तेमाल करना चाहिए।

2- कोई भी नया क्लीनिंग प्रोडक्ट या तरीका घरेलू नुस्खा इस्तेमाल करने से पहले, उसे पहले एक छोटी जगह पर आजमाएं। इससे पता चल जाएगा कि वह सुरक्षित है या नहीं।

3- खाने को बहुत देर तक फ्रिज के बाहर न रखें। इससे यह जल्दी खराब हो सकते हैं।

जरूरत की चीजें
स्पंज
माइक्रोफाइबर कपड़ा
टूथब्रश
दस्ताने
मल्टी-पर्पस क्लीनर
बर्तन धोने का साबुन
बेकिंग सोडा
सिरका
नींबू का रस

फ्रिज को साफ करने के 7 आसान तरीके

1- सबसे पहले अपनी सभी जरूरी चीजें (ऑल-पर्पस क्लीनर, स्पंज, कपड़ा, टूथब्रश इत्यादि) एक जगह इकट्ठा कर लें।

2- फ्रिज में रखी सभी चीजों को बाहर निकालें और तय करें कि क्या रखना है और क्या फेंकना है। जो खराब हो चुका है या काम का नहीं है उसे तुरंत हटा दें।

3- फ्रिज के स्लाइडिंग ट्रे, शेल्फ और ड्रॉअर बाहर निकाल लें और स्पंज की मदद से डिश सोप और गुनगुने पानी से अच्छी तरह साफ कर दें।

4- फ्रिज के अंदर ऑल-पर्पस क्लीनर स्प्रे करें और एक साफ, बिना रेशा छोड़ने वाले कपड़े से अच्छी तरह पोंछ लें।

5- दाग को साफ करने के लिए सिरका या नींबू के रस में थोड़ा डिश सोप मिलाकर सफाई कर सकते हैं। सफाई के बाद कुछ समय के लिए फ्रिज का दरवाजा खुला छोड़ दें, इससे अंदर की हवा बाहर निकल जाती है।

6- फ्रिज के दरवाजे के चारों तरफ लगी रबर को साफ करने के लिए टूथब्रश का इस्तेमाल कर सकते हैं।

7- अगर ज्यादा गहरा दाग है तो उसे साफ करने के लिए गुनगुने पानी और सफेद सिरके को बराबर मात्रा में मिलाकर पेस्ट तैयार कर लें। इस पेस्ट को प्रभावित जगह पर लगाकर 2-4 मिनट के लिए छोड़ दें, इससे दाग आसानी से साफ हो सकते हैं।

फ्रिज की बदबू को दूर करने के लिए थोड़ा सा बेकिंग सोडा उसमें जगह-जगह पर छिड़क दें। 4-5 मिनट बाद साफ कपड़े से पोंछ दें। इससे दुर्गंध आसानी से दूर हो सकती है। यह प्राकृतिक रूप से बदबू को दूर करने में मदद कर सकता है।

Also Read
सोफे पर जमी धूल और दाग हटाने का आसान तरीका, नमक से ऐसे करें सफाई