दिवाली से पहले लोग अपने घर की साफ-सफाई करने के साथ ही रंगोली, लाइटिंग और सजावटी सामान जैसी कई चीजों की खरीदारी भी शुरू कर देते हैं। आजकल पुरानी चीजों का दोबारा इस्तेमाल करने का चलन बढ़ रहा है। लोग कई पुरानी चीजों से तरह-तरह के जरूरी सामान और सजावटी चीजें बनाते हैं। इन्हीं में से एक पेपर कप है, जिसका अक्सर इस्तेमाल चाय या पानी पीने के लिए किया जाता है। अक्सर लोग इन्हें बेकार समझकर फेंक देते हैं, लेकिन पेपर कप की मदद से दिवाली के मौके पर कई तरह की सजावटी चीजें बनाई जा सकती हैं।

1- बनाएं लटकन

दिवाली पर लोग घर के दरवाजे, खिड़कियों और बालकनी को सजाने के लिए लटकन का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में आप पेपर कप से भी सुंदर और रंगीन लटकन तैयार कर सकते हैं। इसके लिए कुछ पेपर कप लें और अपनी पसंद के रंग से पेंट कर दें। अब कप के बाहरी हिस्से पर चमकीले सितारे, मोती, गोटा-पट्टी या छोटे सजावटी फूल चिपकाएं। कप के निचले किनारे पर रंगीन कागज की पतली पट्टियां या झालर लगा दें। इसके बाद कप के ऊपरी हिस्से में छेद करके उसमें धागा या रिबन डालकर एक खूबसूरत लटकन तैयार कर लें।

2- सजावटी फूल

दिवाली के मौके पर आप सजावटी फूल बनाने के लिए पेपर कप का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए पेपर कप के किनारों को कैंची की मदद से पतली-पतली पट्टियों में काट लें। कप का निचला हिस्सा साबुत रखना है। अब इन पट्टियों को हल्का सा बाहर की ओर मोड़कर फूल की पंखुड़ियों जैसा आकार दें। इसके बाद फूल को गुलाबी, पीले, लाल या सुनहरे रंग से पेंट करें। बीच में एक छोटा मोती या चमकीला स्टोन चिपका दें। तैयार फूलों को लकड़ी की स्टिक या स्ट्रॉ पर लगाकर गुलदस्ते का आकार दे सकते हैं।

3- झालर

पेपर कप की मदद से झालर भी तैयार किया जा सकता है। इसके लिए अलग-अलग आकार के पेपर कप लें और उन्हें लाल, पीले, हरे, नीले या सुनहरे रंग से रंग दें। अब कप के निचले हिस्से में छोटा सा छेद करें। इसके बाद सभी कप को एक मजबूत धागे या सजावटी रिबन में पिरो दें। चाहें तो हर कप के बीच में मोती, सितारे या छोटे कागजी फूल भी लगा सकते हैं। इस झालर को दीवार, दरवाजे या खिड़की के ऊपर लगा सकते हैं।

4- बनाएं खूबसूरत दीया होल्डर

दिवाली में दीयों का खास स्थान रहता है। ऐसे में आप पेपर कप से भी दीयों के लिए सजावटी होल्डर तैयार कर सकते हैं। इसके लिए एक पेपर कप लें और उसे बाहर से सुनहरे या लाल रंग से रंग दें। अब कप के बाहरी हिस्से पर मोती, लेस, गोटा-पट्टी या छोटा सा स्टोन चिपकाकर सजा दें। कप को उल्टा करके उसके ऊपर एक छोटी प्लेट रखें, जिस पर मिट्टी का दीया रखा जा सके।

5- वॉल हैंगिंग से सजाएं दीवार

पेपर कप की मदद से दीवारों को सजाने के लिए वॉल हैंगिंग भी बनाया जा सकता है। इसके लिए 5-7 पेपर कप लें और अपने पसंद के मुताबिक पेंट कर लें। अब कप को बीच से काटकर अलग-अलग आकार की पंखुड़ियां तैयार कर लें। इन पंखुड़ियों को एक गोल कार्डबोर्ड के टुकड़े पर फूल या मंडला के आकार में चिपका दें। बीच में बड़ा सजावटी मोती या शीशा लगाएं। इसके बाद पीछे की तरफ एक रिबन या धागा चिपका दें, ताकि इसे आसानी से दीवार पर टांगा जा सके।

6- छोटा झूमर

झूमर बनाने के लिए 8-10 पेपर कप लें और उन्हें सुनहरे या सिल्वर रंग से रंग दें। अब कप के निचले हिस्से को काटकर फूल जैसी आकृति बनाएं। सभी कप को एक गोल कार्डबोर्ड या मजबूत गोल रिंग के चारों ओर चिपका दें। इनके बीच में मोती, चमकीली झालर और रिबन लगाएं। ऊपर की तरफ तीन-चार धागे बांधकर उन्हें एक साथ जोड़ दें। अब इसे आप छत या बालकनी में टांग सकते हैं।

7- सजावटी टोकरियों से करें सजावट

पेपर कप से छोटी-छोटी सजावटी टोकरियां भी बना सकते हैं। इसके लिए पेपर कप के ऊपरी हिस्से को बराबर दूरी पर काटकर पट्टियां बना लें। अब इन पट्टियों को एक-एक करके अंदर की तरफ मोड़ें और चिपका दें। एक मोटे रिबन या रंगीन कागज की पट्टी से इसका हैंडल बनाएं। बाहर से मोती, लेस और छोटे फूल लगाकर सजा दें। इसमें टॉफियां, चॉकलेट या छोटे सजावटी फूल रख सकते हैं।

यह भी पढ़ें
दिवाली पर थर्माकोल से सजाएं घर, बनाएं ये खूबसूरत सजावटी चीजें