November Me Ghumne ki Jagah: परिवार के साथ अक्सर हम समय निकालकर घूमने जाते हैं, लेकिन जो समय हम दोस्तों के साथ बिताते हैं उनका अलग अनुभव होता है। खासतौर पर किसी ऐसी जगह पर बिताया गया समय जहां पर शांति, सुकून, प्रकृति और हसीन वादियां हों। अगर आप अपने दोस्तों से मिल नहीं पा रहे हैं या किसी खास मौके का इंतजार कर रहे हैं, तो ट्रिप प्लान कर सकते हैं। इसके लिए नवंबर का महीना बेहतरीन साबित हो सकता है। इस समय ज्यादातर जगहों का मौसम बहुत सुहावना होता है और घूमने में भी अच्छा लगता है।

ऑफिस से छुट्टी मिलने को लेकर चिंता है, तो ऐसी जगह चुन सकते हैं जहां वीकेंड ट्रिप की जा सके। दरअसल हम आपको ऐसी ही कुछ जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां पर दोस्तों के साथ वीकेंड ट्रिप की जा सकती है। आइए, जानते हैं इन जगहों के बारे में जहां यादगार और सुहाने पल बिताए जा सकते हैं।

अलीबाग

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में स्थित अलीबाग घूमने की बेहतरीन जगह है। मुंबई या आसपास रहने वाले लोगों के लिए यह अच्छी जगह साबित हो सकती है। अगर आप यहां नवंबर में घूमने आ रहे हैं, तो हरियाली, प्राकृतिक सुंदरता और शांत समुद्री तटों के नजारों का लुत्फ ले सकते हैं।

कुर्ग

कर्नाटक के पश्चिमी घाट में स्थित कुर्ग बहुत ही खूबसूरत और शानदार हिल स्टेशन है। ट्रेकिंग, रिवर राफ्टिंग और नेचर वॉक के लिए इस जगह को चुना जा सकता है। यहां पर दोस्तों के साथ एक या दो दिन की ट्रिप आराम से प्लान कर सकते हैं।

हम्पी

कर्नाटक का ऐतिहासिक और प्राचीन शहर हम्पी उन लोगों के लिए बेस्ट है, जो इतिहास में रुचि रखते हैं। यह जगह यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर स्थल में शामिल है। यहां पर कई ऐतिहासिक मंदिरों को एक्सप्लोर कर सकते हैं। अगर आप कर्नाटक या आसपास रहते हैं, तो यहां पर वीकेंड की ट्रिप की जा सकती है।

ग्वालियर

मध्य प्रदेश के खूबसूरत शहरों में से एक ग्वालियर वीकेंड पर ट्रिप के लिए अच्छी जगह साबित हो सकती है। यहां पर एक या दो दिन में पूरा शहर अच्छी तरह घूम सकते हैं। कम बजट में ग्वालियर किला, जयविलास पैलेस, इटालियन गार्डन और आसपास की जगहों को एक्सप्लोर कर सकते हैं। यहां पर आप दिल्ली से बस, ट्रेन या फ्लाइट से भी जा सकते हैं।

जयपुर

राजस्थान का जयपुर शहर गर्मियों में घूमने की बजाय सर्दियों में घूमना बेहतर माना जाता है। इस दौरान आप आराम से ऐतिहासिक किलों, प्रसिद्ध जगहों और पारंपरिक भोजन का लुत्फ ले सकते हैं। इसे पिंक सिटी के नाम से भी जाना जाता है। अगर आप दोस्तों के साथ यादगार समय बिताना चाहते हैं, तो इस जगह पर ट्रिप प्लान कर सकते हैं।

ऋषिकेश

वीकेंड ट्रिप के लिए ऋषिकेश बेहतरीन डेस्टिनेशन साबित हो सकती है। यहां पर गंगा घाट के किनारे बैठकर शांति से समय बिताया जा सकता है। नवंबर के समय यहां दिन में घूमने के लिए मौसम सुहावना हो जाता है। ऐसे में आप आसपास की कई जगहों को भी एक्सप्लोर कर सकते हैं। बजट ट्रिप के लिए इस जगह को चुना जा सकता है। साथ ही यहां एडवेंचर एक्टिविटीज भी की जा सकती हैं।

मसूरी

मसूरी उत्तराखंड के जिले देहरादून से लगभग 33 से 35 किलोमीटर दूर है। इस खूबसूरत जगह को नवंबर के महीने में एक्सप्लोर किया जा सकता है। दोस्तों के साथ यादगार समय बिताने के लिए यह बेहतरीन जगह है। यहां पर जाने के लिए आप ज्यादा बजट की जरूरत नहीं है। लगभग 5 से 7 हजार रुपए में यहां की ट्रिप की जा सकती है।