साउथ इंडियन डिश इडली कई लोगों को खूब पसंद होती है। हालांकि इसे बार-बार खाने पर हम बोर हो सकते हैं। कई बार ऐसा होता है कि इडली बनाने के बाद उसका बैटर बच जाता है और उसे फ्रिज में रख देते हैं। सोचते हैं कि इसका दोबारा इस्तेमाल कर लेंगे। लेकिन कई बार हमें दोबारा इडली खाने का मन नहीं करता। ऐसे में इडली के बैटर का इस्तेमाल कैसे किया जाए? यह सवाल मन में जरूर आता है। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो चिंता करने की जरूरत नहीं है। आज हम आपको इडली के बैटर से 5 अलग-अलग तरह की डिश बताएंगे, जिन्हें आप सुबह नाश्ते में झटपट तैयार कर सकते हैं।
इडली के बैटर से सिर्फ इडली नहीं बल्कि कई सारी डिशेज बनाई जा सकती हैं। रोजाना सुबह नाश्ते में कुछ अलग और स्वादिष्ट खाना चाहते हैं, तो यहां दी गई रेसिपी आपके काम आ सकती हैं। खास बात यह है कि इन्हें आप कम समय में तैयार कर सकते हैं।
क्रिस्पी डोसा
इडली के बचे हुए बैटर से क्रिस्पी डोसा तैयार किया जा सकता है। जिसे आप सुबह ऑफिस या कॉलेज जाते समय चटनी या सांभर से खा सकते हैं। इसे बनाने के लिए आपको बैटर को थोड़ा सा पानी डालकर पतला करना होगा। ध्यान रखें कि ज्यादा पानी न हो नहीं तो डोसा तवे पर चिपक जाएगा। पैन गर्म करें और बैटर को तवे पर फैलाएं। इस तरह आप आसानी से कम समय में क्रिस्पी और स्वादिष्ट डोसा तैयार कर सकते हैं।
वेजिटेबल उत्तपम
इस डिश के लिए इडली के बैटर की कंसिस्टेंसी को थोड़ा बदलना पड़ेगा। उत्तपम बनाने के लिए बैटर में टमाटर, प्याज, गाजर, हरी मिर्च, नमक, मटर, स्वीट कॉर्न और हरा धनिया डालें। इसे अच्छी तरह मिक्स करें। इसका बैटर थोड़ा सा गाढ़ा रखें। अब इसे नॉन स्टिक पैन पर फैलाएं और धीमी आंच पर पकने दें। दोनों तरफ पकाने के बाद इसे चटनी के साथ सर्व करें। नाश्ते के लिए यह एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है।
अप्पे
अप्पे बच्चों को ही नहीं बल्कि बड़ों को भी पसंद आएंगे। इसे आप इडली के बैटर से आसानी से तैयार कर सकते हैं। इसके लिए बैटर में प्याज, गाजर, मटर, हरी मिर्च और हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। इसका स्वाद बढ़ाने के लिए तड़का लगाएं। तड़के के लिए तेल गर्म करें और उसमें राई और करी पत्ता डालें। इस तरह अप्पे का बैटर तैयार हो जाएगा। इस बैटर को अप्पे पैन में डालें और दोनों तरह अच्छी तरह पकाएं। इसे आप हरी चटनी, लाल चटनी या केचअप के साथ खा सकते हैं।
ढोकला
इसे बनाने के लिए इडली के बैटर में थोड़ा सूजी, नमक, दही, अदरक-लहसुन का पेस्ट और बेकिंग सोडा डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। इसे करीब 5 मिनट के लिए ढककर रख दें। अब बर्तन में तेल लगाकर बैटर को डालें और इसे स्टीम होने दें। जब ढोकले तैयार हो जाएं तो इनमें तड़का लगाएं।
मैसूर बोंडा
इडली के बैटर से आप मैसूर बोंडा बना सकते हैं, जो बहुत ही स्वादिष्ट लगता है। इसके लिए बैटर में थोड़ा चावल का आटा मिलाएं। साथ ही बारीक कटी प्याज, हरी मिर्च, करी पत्ता और थोड़ा सा बेकिंग सोडा मिलाएं। इसका पकौड़ों की तरह घोल तैयार कर लें। अब कड़ाही में तेल गर्म करें और सुनहरे होने तक वडे फ्राई करें।
