सर्दी-खांसी, जुकाम, मौसमी बीमारियों और अन्य कई समस्याओं में खाए जाने वाली दवाइयां प्लास्टिक और कांच के बोतलों में भी आती हैं। लगभग हर घर में दवा की छोटी और बड़ी बोतलें मिल जाएंगी। इन बोतलों में से जब दवा खत्म हो जाती है, तो अधिकतर लोग इसे कूड़ा समझकर फेंक देते हैं। लेकिन ये बोतलें बेकार नहीं हैं, इन्हें आप फिर से घर के कई कामों में इस्तेमाल कर सकते हैं। आइए जानते हैं किन-किन कामों में इन बोतलों का फिर से इस्तेमाल किया जा सकता है।

अच्छी तरह करें साफ

दवाइयों की बोतलों का दोबारा इस्तेमाल करने से पहले उन्हें साबुन और गर्म पानी से अच्छी तरह धो लें। बिना धोए इस्तेमाल करने पर इसमें से दवाइयों की बदबू आ सकती है। वहीं, बदबू दूर करने के लिए आप बोतल में बेकिंग सोडा वाला पानी भरकर कुछ देर के लिए छोड़ दें और फिर साफ पानी से धो लें। इसके अलावा लेबल हटाकर बोतल को धूप में अच्छी तरह सुखा लें।

रखें ये छोटी चीजें

बटन, मोती, सुई, धागा और सेफ्टी पीन जैसी जरूरी चीजों का इस्तेमाल काफी कम होता है। कई बार ये इधर-उधर फेंकी रहती हैं, जिसके चलते जरूरत पड़ने पर उन्हें ढूंढना काफी मुश्किल हो जाता है। इन चीजों को आप दवाई की खाली बोतलों में डालकर सुरक्षित रख सकते हैं। इसके साथ ही बोतल के ऊपर एक लेबल चिपका दें, ताकि जरूरत पड़ने पर ये आसानी से मिल जाए।

रखें ये मसाले

अगर आपके पास दवाई की थोड़ी बड़ी बोतलें हैं तो उसमें आप कई सारे मसाले रख सकते हैं। दरअसल, काली मिर्च, अजवाइन, सौंफ और लैंग के लिए छोटे डिब्बे की जरूरत पड़ती है। ऐसे में आप दवाई की बोतलों में इन्हें आसानी से रख सकते हैं। हालांकि, इसमें मसाले तभी रखें जब वे पूरी तरह साफ हों और उनमें किसी दवा की गंध न बची हो।

ट्रैवलिंग में आएंगे काम

अगर आपको घूमना-फिरना पसंद है और अक्सर कहीं न कहीं जाते रहते हैं, तो दवा की छोटी बोतलें आपके काफी काम आ सकती हैं। दरअसल, इसमें आप ट्रिप पर जाने से पहले थोड़ी मात्रा में शैंपू, लोशन और हैंडवॉश जैसी चीजें डालकर साथ में ले जा सकते हैं। हर बोतल के ऊपर नाम लिखकर लेबल चिपका दें, ताकि पहचानने में आसानी हो।

यह भी रख सकते हैं

अक्सर ईयरफोन, यूएसबी ड्राइव, अंगूठी, चेन या अन्य छोटे एक्सेसरीज घर में इधर-उधर पड़े रहते हैं। इन्हें सही तरह से रखने के लिए आप दवाई की छोटी बोतलों का इस्तेमाल कर सकते हैं।

बच्चों के लिए पिगी बैंक

दवाई की खाली छोटी बोतलों की मदद से आप बच्चों के लिए आकर्षक पिगी बैंक बना सकते हैं। इसके लिए बोतल को रंगीन पेपर, स्टिकर या पेंट से सजा दें। ढक्कन के बीच में सिक्का डालने लायक एक पतला कट लगा दें। अब बच्चे इसमें रोजाना बचे हुए सिक्के डाल सकते हैं।

ध्यान रखें कि दवाई की खाली बोतलों को फिर से इस्तेमाल करने से पहले अच्छी तरह धोकर सुखा लें। अगर बोतल में पहले कोई तेज गंध वाली या सिरप दवा रखा गया हो और उसकी गंध पूरी तरह नहीं गई है, तो उसे खाने-पीने की चीजों के लिए इस्तेमाल करने से बचना चाहिए।

Also Read
बचे हुए मोमबत्ती के टुकड़ों को फेंके नहीं, इस तरह होम डेकोर में करें इस्तेमाल