Small Hill Stations in India: शिमला, मनाली या ऊटी जैसे प्रसिद्ध हिल स्टेशन पर ज्यादातर लोग छुट्टियां बिताने जाते हैं। यही वजह है कि यहां पर कई बार ट्रैफिक जाम और व्यूपॉइंट्स पर भीड़भाड़ देखने को मिलती है। ऐसे में भारत के उन हिल स्टेशनों पर जाने का प्लान किया जा सकता है, जहां कम भीड़भाड़ हो। अगर आप शांत वादियों और खूबसूरत नजारों के बीच समय बिताना चाहते हैं, भारत के कुछ छोटे हिल स्टेशनों को अपनी ट्रैवल लिस्ट में शामिल कर सकते हैं।

जीरो, अरुणाचल प्रदेश

अगर आप शांत माहौल, बांस के घरों और हरे-भरे धान के खेतों का शानदार नजारा देखना चाहते हैं, तो जीरो घूमने का प्लान कर सकते हैं। यह पहाड़ी इलाका प्राकृतिक खूबसूरती और शांत माहौल के लिए जाना जाता है। स्थानीय संस्कृति और प्राकृतिक नजारों के बीच समय बिताने के लिए यह जगह बेहतरीन है।

लैंसडाउन, उत्तराखंड

अगर आप शांत और खूबसूरत पहाड़ी क्षेत्र का आनंद लेना चाहते हैं, तो उत्तराखंड का लैंसडाउन एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। चाय की चुस्की लेते हुए गढ़वाल पहाड़ियों के शानदार दृश्यों का आनंद ले सकते हैं। टिप एंड टॉप, भुल्ला ताल, दरवान सिंह म्यूजियम और सेंट मैरी चर्च को एक्सप्लोर कर सकते हैं।

कलिम्पोंग, पश्चिम बंगाल

भारत के सबसे शांत और कम प्रसिद्ध पहाड़ी इलाकों में शामिल कलिम्पोंग बहुत शांत और खूबसूरत हिल स्टेशन है। कंचनजंगा पर्वतमाला, बौद्ध मठों और सुहावने मौसम का आनंद लेना चाहते हैं, तो यहां पर घूमने का प्लान बना सकते हैं। यहां डेलो पार्क, दुर्पिन दारा हिल, मैंगेल धाम जैसी जगहों को एक्सप्लोर कर सकते हैं।

यरकौड, तमिलनाडु

कम भीड़भाड़ और शांत जगह पर जाना चाहते हैं, तो यरकौड बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है। तमिलनाडु में ऊटी और कोडाइकनाल जैसे हिल स्टेशनों को ज्यादा एक्सप्लोर किया जाता है, लेकिन सुकून भरे पल बिताने के लिए येरकौड घूमने का प्लान कर सकते हैं। यहां पर कॉफी के बागान, संतरे के बाग और येरकौड झील देखने लायक जगहें हैं।

चिखलदरा, महाराष्ट्र

लोनावला और महाबलेश्वर की तुलना में कम प्रसिद्ध चिखलदरा एक शांत हिल स्टेशन है, यहां पर आप अपनी ट्रिप प्लान कर सकते हैं। मानसून के समय यहां का मौसम बहुत सुहावना होता है। यह जगह घने जंगलों, झरनों और वन्यजीवों से घिरी हुई है। यहां गाविलगढ़ किला, सनसेट पॉइंट और मेलघाट टाइगर रिजर्व में सफारी का आनंद ले सकते हैं।