अगर आप वजन को कंट्रोल रखते हुए स्वादिष्ट और पौष्टिक स्नैक्स का आनंद लेना चाहते हैं या फिर वीगन डाइट अपनाने की सोच रहे हैं, तो टोफू आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकता है। सोया मिल्क को जमाकर तैयार किया जाने वाला टोफू प्रोटीन, कैल्शियम और आवश्यक अमीनो एसिड से भरपूर होता है। यही वजह है कि इसे मांस का एक अच्छा शाकाहारी विकल्प भी माना जाता है।

टोफू न केवल कम कैलोरी वाला होता है, बल्कि यह मांसपेशियों के विकास और शरीर को ऊर्जा देने में भी मदद करता है। शाम की भूख मिटाने के लिए आप टोफू से बने ये 5 हेल्दी और टेस्टी स्नैक्स ट्राई कर सकते हैं।

चिली गार्लिक टोफू

Chilli Garlic Tofu
चिली गार्लिक टोफू ब्रेकफास्ट के लिए है परफेक्ट स्नैक्स। (Photo Source: Pexels)

अगर आपको मसालेदार और चटपटा स्वाद पसंद है, तो चिली गार्लिक टोफू आपके लिए परफेक्ट स्नैक है। इसे बनाने के लिए टोफू के टुकड़ों को तेल में सुनहरा होने तक सेंक लें। फिर लहसुन, नमक और काली मिर्च डालकर भूनें। एक कटोरी में चिली गार्लिक सॉस, शहद और सोया सॉस मिलाकर तैयार मिश्रण को टोफू पर डालें। साथ में स्टीम की हुई ब्रोकली और भुने हुए तिल मिलाएं। कुछ मिनट तक अच्छी तरह चलाने के बाद गर्मागर्म सर्व करें। यह रेसिपी स्वाद और पोषण का बेहतरीन मेल है।

एशियन स्टर-फ्राइड टोफू सलाद

Asian Stir Fried Tofu Salad
पौष्टिक नाश्ता करना है तो एशियन स्टर-फ्राइड टोफू सलाद बिल्कुल परफेक्ट विकल्प है। (Photo Source: Pexels)

यह सलाद उन लोगों के लिए परफेक्ट है जो हल्का लेकिन पौष्टिक नाश्ता चाहते हैं। इसे बनाने के लिए एक पैन में तिल का तेल गर्म करें और उसमें स्प्रिंग अनियन, लहसुन, टोफू, मशरूम, ब्रोकली और शिमला मिर्च डालकर 2-3 मिनट तक स्टर-फ्राई करें। इसके बाद सोया सॉस, सिरका और थोड़ा गुड़ डालकर अच्छी तरह मिलाएं। आखिर में तुलसी के पत्ते, नमक, काली मिर्च, भुने हुए तिल और फ्लैक्स सीड्स डालें। यह रंग-बिरंगा सलाद स्वाद के साथ-साथ फाइबर और प्रोटीन से भी भरपूर होता है।

त्रिपुरा स्टाइल सॉटे टोफू एंड ग्रीन बीन्स

Tripura Style Sauteed Tofu and Green Beans
त्रिपुरा स्टाइल सॉटे टोफू एंड ग्रीन बीन्स भूख मिटाने के साथ शरीर को जरूरी पोषण भी देता है। (Photo Source: Unsplash)

पूर्वोत्तर भारत के स्वाद से भरपूर यह रेसिपी बेहद आसान और हेल्दी है। सबसे पहले टोफू के टुकड़ों को हल्के तेल में दोनों तरफ से सुनहरा होने तक भून लें। उसी पैन में प्याज, लहसुन और हरी मिर्च को भूनें जब तक उनकी कच्ची महक खत्म न हो जाए। अब उबली हुई फ्रेंच बीन्स और टोफू डालकर कुछ मिनट तक सॉटे करें। स्वादानुसार नमक और काली मिर्च मिलाएं। यह हाई-प्रोटीन स्नैक शाम की भूख मिटाने के साथ शरीर को जरूरी पोषण भी देता है।

शावरमा स्पाइस्ड टोफू पीटा रैप

Shawarma-Spiced Tofu Pita Wraps
कुछ इंटरनेशनल फ्लेवर ट्राई करना है तो घर पर बनाएं शावरमा स्पाइस्ड टोफू पीटा रैप। (Photo Source: Pexels)

अगर आप कुछ इंटरनेशनल फ्लेवर ट्राई करना चाहते हैं, तो शावरमा स्पाइस्ड टोफू पीटा रैप बेहतरीन विकल्प है। टोफू को दबाकर उसका अतिरिक्त पानी निकाल लें और टुकड़ों में तोड़ लें। फिर इसमें ऑलिव ऑयल, धनिया पाउडर, पप्रिका, दालचीनी, रेड पेपर फ्लेक्स और नमक मिलाकर 20-25 मिनट तक बेक करें। दूसरी ओर दही और कद्दूकस किया हुआ लहसुन मिलाकर डिप तैयार करें। अब गर्म पीटा ब्रेड में दही, बेक्ड टोफू, खीरे के स्लाइस, सिरके में भिगोया प्याज और पुदीने की पत्तियां भरकर रोल बनाएं। यह स्वादिष्ट और पेट भरने वाला हेल्दी स्नैक है।

टोफू क्वेसाडिला

Quesadilla
टोफू क्वेसाडिला बच्चों और बड़ों दोनों को पसंद आने वाली डिश है। (Photo Source: Pexels)

टोफू क्वेसाडिला बच्चों और बड़ों दोनों को पसंद आने वाली पौष्टिक डिश है। इसे बनाने के लिए एक पैन में तेल गर्म करें और उसमें मशरूम, पालक, प्याज तथा लहसुन को हल्का भून लें। दूसरी ओर टोफू, बादाम का दूध, न्यूट्रिशनल यीस्ट, हल्दी, बेकिंग पाउडर और नमक को ब्लेंड कर स्मूद मिश्रण तैयार करें। अब इस मिश्रण को मफिन ट्रे या बेकिंग डिश में डालें, ऊपर से सब्जियां और सूखे टमाटर डालें। 190 डिग्री सेल्सियस पर लगभग 30 मिनट तक बेक करें। तैयार होने पर इसे हरी चटनी या पेस्टो के साथ परोसें।

Also Read
समय नहीं है तो फटाफट नाश्ते में बना लें क्विनोआ वेजिटेबल खिचड़ी, ये है आसान रेसिपी