कई बार दीवारों पर धूल-मिट्टी, हाथों के निशान या अन्य तरह के जिद्दी दाग लग जाते हैं, जिन्हें साफ करना आसान नहीं होता। इन्हें हटाते समय सबसे बड़ी चिंता यह रहती है कि कहीं दीवार का पेंट खराब न हो जाए। इसलिए दीवारों की सफाई करते समय सही तरीका अपनाना बेहद जरूरी होता है, ताकि दाग भी साफ हो जाएं और पेंट भी सुरक्षित रहे।

जरूरी सामान

  • मल्टी सरफेस फ्लोर स्वीपर
  • लिक्विड डिश सोप
  • क्लीनिंग स्पंज
  • ड्राई क्लीनिंग स्पंज

बिना पेंट हटाए साफ करने का तरीका
एगशेल, फ्लैट और सैटिन फिनिश पेंट सबसे नाजुक होते हैं, इसलिए इन्हें साफ करते समय हल्के हाथ का इस्तेमाल करना चाहिए। वहीं, ग्लॉस और सेमी-ग्लॉस पेंट थोड़े मजबूत होते हैं और इन्हें साफ करते समय थोड़ा ज्यादा दबाव या मजबूत क्लीनर इस्तेमाल किया जा सकता है।

धूल साफ करने का तरीका
दीवार की धूल साफ करने के लिए लंबे हैंडल वाले ड्राई फ्लोर मॉप का इस्तेमाल करें, जिसमें माइक्रोफाइबर पैड या डिस्पोजेबल कपड़ा लगा हो। या फिर कॉटन का कपड़ा ले लें। मॉप पर कॉटन का कपड़ा लगाकर ऊपर से नीचे की ओर दीवार को पोंछें। कपड़ा गंदा होने पर उसे झाड़ दें, ताकि धूल दोबारा दीवार पर न लगे।

गंदगी और उंगलियों के निशान साफ कैसे करें
इसके लिए गुनगुने पानी में थोड़ा सा लिक्विड डिश सोप मिलाकर घोल तैयार कर लें। एक साफ स्पंज या कपड़ा इस घोल में डुबोकर निचोड़ लें। अब दाग वाली जगह पर हल्के हाथ से साफ करें। फिर स्पंज को साफ पानी से धोकर हल्के हाथों से दीवार को एक बार फिर से पोंछ दें। दीवार को ज्यादा गीला न करें और न ही जोर से रगड़ें। इससे पेंट खराब हो सकता है।

जिद्दी दाग और निशान कैसे हटाएं
कई बार बच्चे दीवार पर पेंसिल या फिर पेन चला देते हैं, जो दिखने में काफी भद्दे लगते हैं। इसे साफ करने के लिए मैजिक इरेजर काम आ सकता है। जहां पर पेन, पेंसिल या फिर अन्य जिद्दी दाग हैं वहां पर मैजिक इरेजर को हल्के हाथ से रगड़ दें। हालांकि, इससे पहले कहीं पर टेस्ट कर लें कि पेंट तो नहीं छूट रहा।

क्रेयॉन और अन्य कलर का दाग कैसे छुड़ाएं
बच्चों का हाथ जहां तक जाता है वहां तक की दीवार पर दाग जरूर होते हैं। खासकर बच्चों के पढ़ाई वाले कमरों में क्रेयॉन, पेंसिल, पेन या अन्य रंगों के दाग जरूर होते हैं। इन रंगों को साफ करने के लिए बेकिंग सोडा काम आ सकता है। इसके लिए थोड़े से पानी में बेकिंग सोडा डालकर पेस्ट बना लें। इस पेस्ट को पहले बालकनी या किसी ऐसी जगह की दीवार पर लगाकर टेस्ट कर लें, जो ज्यादा दिखा नहीं देती। इसके बाद जहां-जहां दाग लगे हैं वहां पर कपड़े या फिर स्पंज क्लीनर की मदद से सोडा के पेस्ट को लगाकर हल्के हाथों से रगड़ दें। इसके बाद साफ हल्के गीले कपड़े से दीवार को पोंछ दें।

Also Read
लेदर के जूते हो गए हैं गंदे, चमकाने के लिए इस तरह करें साफ