रसोई में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाली चीजों में किचन टॉवल भी शामिल है। गैस चूल्हे को पोंछने से लेकर बर्तन साफ करने, डिब्बे की बाहरी सतह चमकाने और काउंटरटॉप की सफाई तक में किचन टॉवल को इस्तेमाल में लिया जाता है। इतना ही नहीं, कई बार गर्म बर्तन उतारने या हाथ जल्दी पोंछने के लिए भी इसका उपयोग किया जाता है। लगातार और अलग-अलग कामों में इस्तेमाल होने की वजह से किचन टॉवल जल्दी गंदा हो जाता है। धीरे-धीरे इसमें तेल और मसालों की चिकनाई जमने लगती है, हल्दी और लाल मिर्च के पीले-लाल दाग पड़ जाते हैं और नमी की वजह से इसमें बदबू भी आने लगती है।
कई बार साधारण साबुन या डिटर्जेंट से धोने के बाद भी ये दाग पूरी तरह साफ नहीं होते और टॉवल में चिपचिपाहट बनी रहती है। अगर ऐसे टॉवल का बार-बार इस्तेमाल किया जाए, तो यह साफ-सफाई की जगह बैक्टीरिया फैलाने का कारण भी बन सकता है। ऐसे में जरूरी है कि किचन टॉवल को सामान्य तरीके से धोने के बजाए कुछ आसान और असरदार घरेलू उपाय अपनाए जाएं। इन तरीकों की मदद से न सिर्फ जिद्दी चिकनाई और मसालों के दाग हटाए जा सकते हैं, बल्कि टॉवल से आने वाली बदबू भी दूर हो सकती है।
1- बेकिंग सोडा और गर्म पानी
एक बाल्टी या बर्तन में गर्म पानी लें और उसमें 1-2 चम्मच बेकिंग सोडा डाल दें। अब इसमें किचन टॉवल को 20-30 मिनट के लिए भिगोकर छोड़ दें। इसके बाद हल्के डिटर्जेंट की मदद से धो लें। इससे टॉवल की बदबू दूर होने के साथ ही चिपचिपाहट भी साफ हो सकती है।
2- नींबू और नमक
एक बर्तन में गर्म पानी लें और उसमें 1 नींबू का रस और 1 चम्मच नमक मिला दें। अब टॉवल को इसमें कुछ देर भिगो दें। इसके बाद दाग वाली जगह को हल्के से रगड़कर धो लें। इससे हल्दी, मसालों के साथ अन्य दाग साफ हो सकते हैं।
3- डिशवॉश लिक्विड और गर्म पानी
एक बाल्टी में गर्म पानी डालकर उसमें बर्तन धोने वाला लिक्विड मिला दें। अब इसमें किचन टॉवल को 15-20 मिनट के लिए भिगोकर छोड़ दें। गर्म पानी की वजह से जमी हुई चिकनाई ढीली पड़ जाती है। इसके बाद कपड़े को रगड़ कर साफ कर लें। इससे चिकनाई और बदबू दोनों ही दूर हो सकती है।
4- सिरका भी आ सकता है काम
अगर किचन टॉवल पर दाग ज्यादा लगे हैं और तेज बदबू आ रही है तो सिरका का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए एक बाल्टी पानी में आधा कप सफेद सिरका मिलाएं। अब टॉवल को इसमें 15-20 मिनट तक भिगोकर रखें, फिर सामान्य तरीके से धो लें। इससे दाग और बदबू दोनों दूर हो सकते हैं।
5- सबसे आसान तरीका
किचन टॉवल की चिपचिपाहट और बदबू दूर करने का सबसे आसान तरीका है गर्म पानी से डीप क्लीनिंग। इसके लिए एक बड़े बर्तन में पानी गर्म करें और उसमें थोड़ा डिटर्जेंट और नींबू डाल दें। अब किचन टॉवल को 5-10 मिनट तक उबाल लें। ठंडा होने पर इसे धोकर सुखा दें। इससे जिद्दी दाग, बैक्टीरिया और बदबू की समस्या दूर हो सकती है।
डिस्क्लेमर: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए विशेषज्ञ से जरूर परामर्श करें।
Also Read
कांच के जार और बोतलों के जिद्दी दाग हटाने के 5 असरदार तरीके
