घर की अन्य चीजों के मुकाबले पर्दों को साफ करते समय खास सावधानी बरतना जरूरी होता है, क्योंकि ये आमतौर पर हल्के, नाजुक और अलग-अलग तरह के फैब्रिक जैसे कॉटन, सिल्क, शीयर या पॉलिएस्टर से बने होते हैं। गलत तरीके से धोने या साफ करने से इनका रंग फीका पड़ सकता है, कपड़ा सिकुड़ सकता है या उनकी फॉल और शेप खराब हो सकती है।

पर्दों को साफ करते समय पहले उनके फैब्रिक के अनुसार तरीका चुनना चाहिए। कुछ पर्दे ड्राई क्लीन कराए जा सकते हैं, जबकि कुछ को हल्के डिटर्जेंट से हाथ से धोया जा सकता है। लेकिन कुछ ऐसे आसान तरीके हैं जिनकी मदद से आप पर्दों को बिना उतारे साफ कर सकते हैं।

1- फैब्रिक स्प्रे या होममेड क्लीन
फैब्रिक स्प्रे या होममेड क्लीन की मदद से पर्दों की सफाई करना सबसे आसान तरीका है। इसके लिए हल्के गुनगुने पानी में थोड़ा सा माइल्ड लिक्विड डिटर्जेंट मिलाकर एक सॉल्यूशन तैयार कर लें और इसे स्प्रे बोतल में भर लें। अब इस मिश्रण को पर्दों पर दूर से हल्के-हल्के स्प्रे करें, ताकि कपड़ा बस थोड़ा नम हो, पूरी तरह गीला न हो। इसके बाद एक साथ, मुलायम कपड़े या माइक्रोफाइबर कपड़े से धीरे-धीरे पोंछें, जिससे धूल, दाग और बदबू हट जाए।

2- स्टीम क्लीनिंग
पर्दों की सफाई का एक और आसान और सुरक्षित तरीका है स्टीम क्लीनिंग, खासकर मोटे, हैवी या लंबे पर्दों की सफाई में यह प्रभावी ढंग से काम कर सकता है। इसके लिए हैंडहेल्ड स्टीमर का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए पर्दों को ऊपर से नीचे तक धीरे-धीरे स्टीम दें। इसकी गर्म भाप कपड़े के अंदर तक जाकर जमी धूल, बैक्टीरिया और बदबू को हटाने में मदद कर सकती है। साथ ही हल्के दाग और सिलवटें भी कम हो सकती हैं।

3- लिंट रोलर या सॉफ्ट ब्रश से करें साफ
पर्दों की हल्की सफाई के लिए लिंट रोलर या सॉफ्ट ब्रश का इस्तेमाल किया जा सकता है। इलके लिए आप लिंट रोलर को ऊपर से नीचे की दिशा में धीरे-धीरे चलाएं, जिससे धूल, छोटे कण और बाल आसानी से हट जाते हैं। अगर लिंट रोलर उपलब्ध न हो तो मुलायम ब्रश या कपड़े से भी हल्के हाथों से साफ किया जा सकता है।

4- वैक्यूम क्लीनर
अगर आपके पास वैक्यूम क्लीनर है तो उससे भी पर्दों की सफाई कर सकते हैं। यह धूल हटाने का बेहद आसान तरीका है। इसके लिए वैक्यूम के सॉफ्ट ब्रश अटैचमेंट का इस्तेमाल करें, ताकि कपड़े को कोई नुकसान न पहुंचे। सफाई करते समय मशीन को ऊपर से नीचे की दिशा में धीरे-धीरे चलाएं, जिससे धूल, मिट्टी और छोटे कण आसानी से निकल जाते हैं।

5- कपड़े से ऐसे करें साफ
अगर आपके पास ये सारी चीजें उपलब्ध नहीं हैं तो माइक्रोफाइबर कपड़े की मदद से भी पर्दों की सफाई कर सकते हैं। इसके लिए हल्के हाथों से पर्दों को ऊपर से नीचे की रगड़ते हुए साफ करें। अगर दाग या ज्यादा गंदगी हो, तो कपड़े को थोड़ा गुनगुने पानी में हल्का सा नम करके इस्तेमाल करें।

Also Read
बिना सीढ़ी के सीलिंग फैन साफ करने का तरीका, इस तरह मिनटों में दूर करें धूल और गंदगी