पुराने कप को फेंकने की बजाय आप उनका इस्तेमाल घर की खूबसूरत सजावट के लिए कर सकते हैं। अक्सर घर में चाय या कॉफी के कप टूट-फूट जाते हैं या सेट पूरा नहीं रहता, तो लोग उन्हें बेकार समझकर अलग रख देते हैं या फिर फेंक देते हैं। लेकिन थोड़ी सी क्रिएटिविटी के साथ यही पुराने कप आपके घर को थोड़ा आकर्षक बना सकते हैं। इनसे आप मिनी प्लांटर, कैंडल होल्डर, हैंगिंग डेकोर या डेस्क ऑर्गेनाइजर जैसी कई चीजें बना सकते हैं। इसके साथ ही आप कम खर्च में घर को यूनिक व स्टाइलिश लुक दे सकते हैं। आइए जानते हैं पुराने कप को किस तरह सजावट में इस्तेमाल करें।
1- कप प्लांटर बनाएं
पुराने कप को प्लांटर के रूप में इस्तेमाल करना सबसे आसान और खूबसूरत तरीका है। इसके लिए कप में थोड़ी मिट्टी भरें और उसमें छोटे पौधे जैसे सक्युलेंट्स मनी प्लांट या कैक्टस लगा सकते हैं। कप के नीचे छोटा छेद करके ड्रेनेज भी बना सकते हैं। इन मिनी प्लांटर्स को खिड़की, बालकनी, सेंटर टेबल या वर्क डेस्क पर रख सकते हैं।
2- हैंगिंग कप डेकोर
दीवार या बालकनी को अलग लुक देना चाहते हैं, तो पुराने कप से हैंगिंग डेकोर बना सकते हैं। कप के हैंडल में मजबूत रस्सी या जूट का धागा बांधकर इन्हें टांग दें। इसमें छोटे पौधे, आर्टिफिशियल फूल या रंगीन स्टोन डाल सकते हैं। कई कप को अलग-अलग ऊंचाई पर टांग देने से घर का लुक थोड़ा बदल जाता है।
3- कैंडल होल्डर
पुराने कप में पिघला हुआ वैक्स डालें और बीच में बाती लगा दें। जब वैक्स सेट हो जाए तो इन्हें डाइनिंग टेबल, बेडसाइड या लिविंग रूम में रखने से कमरे का एंबियंस बेहतर हो जाता है। इसमें आप अलग-अलग रंग के वैक्स का इस्तेमाल कर और भी आकर्षक बना सकते हैं।
4- पेन स्टैंड
पुराने कप को पेन स्टैंड के रूप में इस्तेमाल करना सबसे आसान तरीका है। इसमें पेन, पेंसिल, मार्कर, पेंट ब्रश या मेकअप ब्रश आसानी से रखे जा सकते हैं। चाहें तो कप को पेंट, स्टिकर या रिबन से सजाकर इसे और ज्यादा स्टाइलिश लुक दे सकते हैं।
5- फेयरी लाइट
घर को यूनिक लुक देने के लिए पुराने कप में फेयरी लाइट लगाकर सजा सकते हैं। इसके लिए कई कप एक लाइन में रखें या दीवार पर टांग दें और उनमें फेयरी लाइट डाल दें। लाइट की हल्की रोशनी से कप का डिजाइन और भी ज्यादा खिल जाता है। इसे आप लिविंग रूम से लेकर बालकनी और बेडरूम में रख सकते हैं।
Also Read
साबुन के छोटे-छोटे टुकड़ों को फिर से करें इस्तेमाल, बनाएं बाजार जैसा पेपर सोप
