Skin Care Tips: हाथ हमारे शरीर का सबसे अहम हिस्सा हैं, जिनका इस्तेमाल हम दिनभर कई तरह के कामों को करने के लिए करते हैं। सुबह उठने से लेकर रात को सोने तक खाना बनाने, बर्तन धोने, कपड़े धोने, घर की सफाई और दूसरे छोटे-छोटे कामों के लिए हाथों की मदद लेनी पड़ती हैं। ऐसे में हाथों की त्वचा धूल-मिट्टी, पानी, साबुन और सफाई में इस्तेमाल होने वाले अलग-अलग चीजों के संपर्क में आती है। इसका असर हमारी हाथों की त्वचा पर दिखाई देने लगता है। त्वचा रूखी और बेजान नजर आने लगती है। कुछ लोगों को खिंचाव भी महसूस होने लगता है।
अक्सर लोग चेहरे की त्वचा का पूरा ध्यान रखते हैं लेकिन हाथों की त्वचा को नजरअंदाज कर देते हैं। अगर आप अपने हाथों को साफ और मुलायम बनाए रखना चाहते हैं, तो उनकी देखभाल के लिए थोड़ा समय निकाल सकते हैं। हमेशा महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करना ही जरूरी नहीं है। बल्कि कुछ घरेलू तरीकों की मदद से भी हाथों की देखभाल की जा सकती है। हालांकि अगर आपको किसी तरह की एलर्जी या त्वचा संबंधी समस्या है, तो इन तरीकों का इस्तेमाल करने से पहले एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें। इसके साथ ही किसी भी चीज का इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें।
सबसे पहले करें एक्सफोलिएट
हाथों की त्वचा को एक्सफोलिएट करने के लिए घर पर ही स्क्रब बनाया जा सकता है। इसके लिए एक बाउल में 1 चम्मच चीनी और 1 चम्मच नींबू के रस को अच्छी तरह मिक्स करें। अब इसे लगाकर हल्के हाथों से स्क्रब करें। त्वचा को करीब 1 या 2 मिनट तक स्क्रब करें। इससे डेड स्किन को दूर करने और गंदगी को बाहर निकालने में मदद मिल सकती है।
त्वचा में निखार लाने का तरीका
हाथों की त्वचा लगातार धूप, धूल-मिट्टी, केमिकल युक्त साबुन के संपर्क में रहती है। जिसकी वजह से त्वचा डल, गहरी और गंदी हो जाती है। ऐसे में इसे साफ करने के लिए हल्दी और दही मददगार साबित हो सकता है। इसके लिए एक बाउल में 1 चम्मच हल्दी पाउडर और 2 चम्मच दही को अच्छी तरह मिक्स कर लें। इसे अपने हाथों पर अच्छी तरह लगाएं। इसे लगभग 10 मिनट तक ऐसे ही छोड़ दें। अब पानी से हाथों को साफ कर लें। इस उपाय से त्वचा की टैनिंग कम हो सकती है और निखार आ सकता है।
ऑयल से करें क्लींजिंग
कई लोगों को हाथ बार-बार धोने की आदत होती है, जिसकी वजह से त्वचा की नमी कम होने लगती है। हाथों की त्वचा बार-बार ड्राई होने से बचाने के लिए तेल से हाथों की क्लींजिंग कर सकते हैं। इसके लिए 1 चम्मच शहद में 1 चम्मच ऑलिव ऑयल को अच्छी तरह मिक्स करें। अब इससे हाथों की लगभग 1 मिनट तक धीरे-धीरे मसाज करें। हाथों को गुनगुने पानी से धो लें। यह उपाय त्वचा की नमी को बनाए रखने में मदद कर सकता है।
त्वचा को मुलायम और चमकदार बनाएं
हाथों की त्वचा को चमकदार, मुलायम और हाइड्रेटेड रखने के लिए एलोवेरा जेल की मदद ले सकते हैं। क्लींजिंग करने के बाद फ्रेश एलोवेरा जेल को हाथों पर लगाकर अच्छी तरह मसाज करें। इसे कुछ देर के लिए ऐसी ही छोड़ दें। इसे आपको धोने की जरूरत नहीं है। त्वचा एलोवेरा जेल को सोख सकती है। इससे त्वचा मुलायम और साफ दिख सकती है।
