त्योहार हो कोई खास अवसर मेहमानों का आना-जाना घर पर लगा रहता है। ऐसे में उन्हें चाय-नाश्ता सर्व किए जाता है। इसके लिए नमकीन और मीठा कई बार हम जल्दबाजी में बाजार से खरीद लेते हैं। हालांकि घर पर बने स्नैक्स का स्वाद अलग ही होता है। जिसे खाने के बाद हर कोई तारीफ करता है। घर के बच्चे ही नहीं बल्कि बड़े भी बहुत चाव से खाते हैं। इसके लिए आप कुछ झटपट बनने वाले स्नैक्स की रेसिपी ट्राई कर सकती हैं।

अगर आप कुछ हटके और स्वादिष्ट बनाना चाहती हैं, तो यहां दी गई रेसिपी से स्नैक्स तैयार कर सकती हैं। जिन्हें स्टोर करके लंबे समय तक रखा जा सकता है। जिन्हें आप दिवाली या हल्की भूख के लिए चाय के साथ सर्व कर सकती हैं। आइए, जानते हैं इन्हें बनाने का तरीका।

चकली बनाने का तरीका

इसे बनाने के लिए सबसे पहले भुनी हुई एक कप चना दाल को अच्छी तरह बारीक पीस लें। अब इस पाउडर को छलनी से छान लें। इसमें 3 कप चावल का आटा, 1/4 हल्दी, आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, हींग, दो चम्मच तिल और स्वादानुसार नमक डाल दें। साथ ही इसमें 1/4 चम्मच अजवाइन भी मिलाएं। इसमें तीन चम्मच गरम तेल डालें और अच्छी तरह मिक्स करें। इससे चकली क्रिस्पी बनती है। अब गुनगुना पानी डालकर आटा लगाएं। आटा ज्यादा सख्त या ढीला न रखें। अब चकली मेकर में स्टार के आकार का मोल्ड फिक्स करें। अब इसमें हल्का तेल लगाकर आटे को डाल दें। अब आराम से चकली का आकार दें। अब चकली को मध्यम आंच तेल पर डालकर सेंक लें। जब यह ऊपर आने लगे तो दोनों तरफ से इसे अच्छी तरह सेंक लें। अब इसे ठंडा करके एयरटाइट कंटेनर में स्टोर करें।

खस्ता नमकपारा बनाएं

कुरकुरी और मसालेदार नमकपारा बनाने के लिए आपको मैदा की जरूरत होगी। सबसे पहले एक परात में दो कप मैदा लें और इसमें दो चम्मच रवा (सूजी) मिलाएं। लाल मिर्च पाउडर, जीरा पाउडर, तिल, नमक और अजवाइन डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें। अब इसमें गरम तेल डाल दें। इससे नमक पारा क्रिस्पी और खस्ता बनते हैं। अब गुनगुने पानी से इसे अच्छी तरह गूंथ लें। इसमें पानी को एक साथ न डालें। इस आटे को लगभग 15 मिनट तक रेस्ट करने के लिए रख दें। अब इसकी लोई बनाकर पतला-पतला बेल लें। अब कटर या चाकू की मदद से इसे आकार दें। गरम तेल में मीडियम आंच पर इसे अच्छी तरह तल लें। ध्यान रखें कि फ्राई करते समय इसे ज्यादा डार्क न करें। इस तरह नमकपारा तैयार किया जा सकता है।

पापड़ी बनाने की विधि

स्नैक्स में पापड़ी चाय के साथ बहुत ही स्वादिष्ट लगती है। इसे साउथ इंडियन स्टाइल में बनाने के लिए एक जार में लहसुन, सूखी लाल मिर्च और करी पत्ते लें और इसे अच्छी तरह पीस लें। अब एक पैन में दो कप चावल का आटा लें और इसे धीमी आंच पर ड्राई रोस्ट करें। इसे बस हल्का गरम करना है ताकि इसकी नमी दूर हो जाए। अब इसे निकाल लें और 3 चम्मच उड़द दाल का आटा, तिल, कलौंजी, जीरा, भिगोई हुई चना दाल और तैयार किया मसाला डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें। अब एक पैन में पानी, नमक और बटर लें। इसे अच्छी तरह मिक्स करें और उबाल आने दें। इस पानी को आटे में थोड़ा-थोड़ा करके डालें और मिक्स कर लें। इसे अच्छी तरह गूंथ लें। अब इसकी छोटी बॉल लें और बटर पेपर पर रख दें। ऊपर से फिर बटर पेपर रख दें और छोटी कटोरी की मदद से इसे गोल आकार दें। इस तरह आप बाकी की पापड़ी तैयार कर लें। अब इसे गरम तेल में डालकर मीडियम आंच पर फ्राई कर लें। दोनों तरफ अच्छी तरह तल लें। पापड़ी तैयार हो जाएगी, जिसे स्टोर करके चाय के साथ खा सकते हैं।

क्रिस्पी सेव बनाने का तरीका

बिना ज्यादा मेहनत के इसे तैयार किया जा सकता है। एक बाउल में दो चम्मच अजवाइन को पानी में करीब 30 मिनट के लिए रख दें। अब दो कप बेसन, तीन चम्मच चावल का आटा, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, हींग और नमक डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। अब गरम तेल डालकर इसे अच्छी तरह मिक्स करें। अब भिगोए हुए अजवाइन का पानी छानकर डाल दें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स करके आटा गूंथ लें। अब चकली मेकर में छोटे छेद वाला मोल्ड फिक्स करें। इसे ग्रीस कर लें और फिर आटे को डालें। अब गरम तेल में सेव को प्रेस करके निकाल लें। इसे अच्छी तरह तल लें और फिर प्लेट में निकाल लें। इसमें ऊपर से फ्राई किए हुए करी पत्ता डाल सकते हैं।