Mango Peel Uses: गर्मियों के मौसम में आम का स्वाद हर किसी को पसंद आता है। ज्यादातर लोग आम खाने के बाद उसके छिलकों को बिना सोच-समझे कचरे में फेंक देते हैं। हालांकि इन छिलकों में कई तरह के तत्व पाए जाते हैं, जिसकी वजह से इन्हें घर से लेकर गार्डन तक कई कामों में इस्तेमाल किया जा सकता है। अगर आप भी आम के छिलकों को फेंक देते हैं, तो इस आदत को बदल सकते हैं। इन छिलकों को आप यहां दिए गए 3 तरीकों से इस्तेमाल कर सकते हैं, जिससे किचन वेस्ट कम होगा और कई काम भी आसानी से पूरे हो सकेंगे।

सफाई के लिए इस्तेमाल करें छिलके

सफाई करने के लिए आम के छिलकों की मदद ली जा सकती है। आम के छिलकों की खटास से तांबे या पीतल के बर्तन चमकाए जा सकते हैं। अगर तांबे या पीतल के बर्तन काले हो गए हैं, तो आम के छिलकों की मदद से उन्हें साफ किया जा सकता है। इसके लिए छिलकों को बर्तन पर रगड़ें और फिर सामान्य पानी से साफ कर लें। बर्तन को सूखे कपड़े से पोंछ लें ताकि पानी के निशान न लगें।

पौधों के लिए तैयार कर सकते हैं खाद

पौधों के लिए घर पर प्राकृतिक खाद तैयार की जा सकती है। इसके लिए आपको आम के छिलकों को करीब 2-3 दिन तक तेज धूप में सुखाना होगा। जब छिलके सूख जाएं तो इन्हें मिक्सी में डालकर अच्छी तरह पीस लें। अब इस पाउडर को एयरटाइट कंटेनर में स्टोर करके रखें। इसे आप समय-समय पर गमले की मिट्टी में छिड़क सकते हैं, जिससे पौधों की ग्रोथ बेहतर हो सकती है।

चेहरे के लिए फेस पैक बनाएं

चेहरे पर ग्लो लाने के लिए आम के छिलके का फेस पैक इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए छिलकों को सबसे पहले पानी में डालकर अच्छे से धो लें। इसके बाद छिलकों को धूप में सुखा लें। सूखने के बाद छिलकों का पाउडर बना लें। अब 1 चम्मच आम के छिलके का पाउडर लें, इसमें गुलाब जल मिक्स करें। इस पेस्ट को चेहरे पर लगाएं और करीब 15-20 मिनट बाद चेहरा धो लें। हालांकि इसे इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। अगर आपकी स्किन सेंसिटिव है या किसी प्रकार की त्वचा संबंधी समस्या है, तो इसका इस्तेमाल करने से पहले एक्सपर्ट की सलाह अवश्य लें।

डिस्क्लेमर: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए विशेषज्ञ से जरूर परामर्श करें।