Lemon Peel Uses in Gardening: गर्मियों के समय नींबू का इस्तेमाल लगभग हर घर में किया जाता है, जिसके बाद इसके छिलकों को कचरा समझकर फेंक दिया जाता है। हालांकि यह कचरा नहीं है बल्कि इसका इस्तेमाल आप गार्डनिंग या बगीचे में कई तरह से कर सकते हैं। नींबू के छिलकों में मौजूद प्राकृतिक गुण पौधों की देखभाल में मदद कर सकते हैं। अगर आप भी नींबू के छिलकों को कचरा समझते हैं तो रुकिए। आज हम आपको इन छिलकों के अलग-अलग उपयोग के बारे में बताएंगे जिनकी मदद से गार्डनिंग को बेहतर किया जा सकता है।
कीटनाशक के तौर पर इस्तेमाल
गार्डन में अक्सर चींटियां, एफिड्स और अन्य छोटे कीट पौधों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसे में नींबू के छिलकों का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए नींबू के छिलकों को पानी में उबाल लें और इसे स्प्रे बोतल में भरकर पौधों के आसपास कीट वाली जगहों पर स्प्रे करें। इसके अलावा आप नींबू के छिलकों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर मिट्टी में मिला सकते हैं। छिलकों में मौजूद गुण कीटों को दूर रखने में मदद कर सकते हैं।
छिलकों से बनाएं खाद
नींबू के छिलकों का खाद बनाया जा सकता है जो पौधों की वृद्धि में मददगार साबित हो सकते हैं। इसके लिए नींबू के छिलकों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। इसमें आप अन्य सब्जियों के छिलके और चायपत्ती भी मिला सकते हैं। अब इस मिश्रण को मिट्टी में हल्का पानी डालकर मिलाएं और कुछ दिनों के लिए रख दें। इस तरह घर पर जैविक खाद तैयार हो जाएगा जिसे आप पौधों में इस्तेमाल कर सकते हैं।
गार्डन टूल्स की सफाई
गार्डन में पौधों की देखभाल के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले टूल्स या उपकरण को साफ करने के लिए भी नींबू के छिलके इस्तेमाल किए जा सकते हैं। खासकर कटाई या छंटाई के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले टूल्स में बैक्टीरिया और जंग पौधों को नुकसान पहुंचा सकती है। इसके लिए नींबू के छिलकों से टूल्स को पोंछें और फिर पानी से साफ कर लें। सुखाने के लिए इसे कपड़े की मदद से पोंछें ताकि इनमें जंग न लगे।
पौधों की देखभाल के लिए नींबू के छिलकों का इस्तेमाल फायदेमंद हो सकता है लेकिन इसका अधिक इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। इनका ज्यादा इस्तेमाल मिट्टी की गुणवत्ता को प्रभावित कर सकता है।
