मखाने को पोषक तत्वों का खजाना माना जाता है। कम कैलोरी वाले मखाने में प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, फाइबर, कैल्शियम और मैग्नीशियम अच्छी मात्रा में पाया जाता है। मखाना एक सुपरफूड माना जाता है। ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने से लेकर वजन तक को कंट्रोल करने के लिए लोग मखाने का खूब सेवन करते हैं। ज्यादातर लोग मखाना को भुनकर खाना पसंद करते हैं। लेकिन इसके जरिए आप कई सारी स्वादिष्ट डिश तैयार कर सकते हैं। यहां पर मखाने से बनने वाली तीन चटपटी डिश की रेसिपी बताई गई है, जिसे आप कम समय में आसानी से बना सकते हैं।

मखाना करी

अगर आप कुछ अलग और स्वादिष्ट सब्जी खाना चाहते हैं, तो मखाना करी बना सकते हैं। बनने के बाद यह मसालेदार हो जाती है, जिसे आप चावल से लेकर रोटी के साथ परोस सकते हैं।

मखाना करी बनाने के लिए सामग्री

2 कप मखाना
2 बारीक कटी प्याज
2 बारीक कटे टमाटर
1 बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
1 बारीक कटी हरी मिर्च
2 बड़े चम्मच तेल या घी
1 छोटा चम्मच जीरा
आधा छोटा चम्मच हल्दी
1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
आधा छोटा चम्मच गरम मसाला
2 बड़े चम्मच काजू का पेस्ट (वैकल्पिक)
2 बड़े चम्मच ताजी क्रीम (वैकल्पिक)
स्वादानुसार नमक
जरूरत के अनुसार पानी
सजावट के लिए हरा धनिया

मखाना करी बनाने की आसान विधि

मखाने को 1 छोटा चम्मच घी में 4-5 मिनट तक हल्का कुरकुरा होने तक भूनकर अलग रख दें। कड़ाही में तेल या घी गर्म करें और जीरा चटकाएं। अब प्याज डालकर सुनहरा होने तक भून लें। इसके बाद अदरक-लहसुन पेस्ट और हरी मिर्च डालकर 1 मिनट पकाएं। इसके बाद टमाटर डालकर मसाले को तेल छोड़ने तक पकाएं। अब इसमें हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च और नमक डालकर 2 मिनट तक भून लें। ग्रेवी को रिच बनाने के लिए काजू का पेस्ट डालकर 2 मिनट और पका सकते हैं। अब पानी डालकर ग्रेवी को उबाल आने दें। अंत में भुने हुए मखाने और गरम मसाला डालकर 3-4 मिनट धीमी आंच पर पका लें। इसके बाद क्रीम डालकर गैस बंद कर दें। ऊपर से हरा धनिया डालकर गरमागरम परोस सकते हैं।

मखाना चाट

सामग्री

3 कप मखाना
2 छोटे टुकड़ों में कटे उबले आलू
1 बारीक कटा टमाटर
1 बारीक कटा प्याज
1 बारीक कटी हरी मिर्च
2 बड़े चम्मच हरा धनिया
2 बड़े चम्मच हरी चटनी
2 बड़े चम्मच इमली की मीठी चटनी
1 बड़ा चम्मच नींबू का रस
1 छोटा चम्मच चाट मसाला
आधा छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
आधा छोटा चम्मच काला नमक
सजावट के लिए सेव या अनार के दाने (वैकल्पिक)

मखाना चाट बनाने की आसान विधि

मखानों को धीमी आंच पर 5 मिनट तक कुरकुरा होने तक भून लें। इसके बाद एक बड़े बाउल में आलू, टमाटर, प्याज और हरी मिर्च डालकर मिक्स कर लें। अब इसमें भुने हुए मखाने डालकर अच्छी तरह मिला लें। ऊपर से हरी चटनी, इमली की चटनी, नींबू का रस, चाट मसाला, भुना जीरा और काला नमक डालकर अच्छी तरह मिला दें। अब ऊपर से हरा धनिया, सेव या अनार के दाने डालकर परोस सकते हैं।

मखाना टिक्की

सामग्री

मखाना 2 कप
3 उबले आलू
2 बारीक कटी हरी मिर्च
1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक
2 बड़े चम्मच हरा धनिया
आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
आधा छोटा चम्मच धनिया पाउडर
आधा छोटा चम्मच गरम मसाला
आधा छोटा चम्मच चाट मसाला
नमक स्वादानुसार
2 बड़े चम्मच बाइंडिंग के लिए कॉर्नफ्लोर या ब्रेडक्रम्ब्स
सेंकने के लिए तेल

मखाना टिक्की बनाने की आसान विधि

मखाने को 5 मिनट भूनकर ठंडा कर लें और फिर मिक्सर में दरदरा पीस लें। अब उबले आलू को अच्छी तरह मैश कर लें। आलू में मखाने का पाउडर, हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया, नमक और सारे मसाले डालकर अच्छे से मिक्स कर लें। मिश्रण ढीला लगे तो कॉर्नफ्लोर या ब्रेडक्रम्ब्स मिलाकर अच्छी तरह गूंध लें। अब छोटे-छोटे हिस्से लेकर गोल या चिपटी टिक्की बना लें। तवा गर्म करें और उस पर थोड़ा तेल लगा दें। अब टिक्कियों को मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें। मखाना टिक्की को आप हरी चटनी या दही के साथ गरमागरम परोस सकते हैं।

Also Read
कुछ क्रिस्पी खाने का मन करे तो सूजी से बना लें 3 टेस्टी डिश, काफी आसान है रेसिपी