मशरूम सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है, जिसका उपयोग भारत में कई तरह के व्यंजनों में किया जाता है। ज्यादातर मशरूम मानसून (बारिश) के मौसम में सबसे अधिक उगते हैं। हालांकि, पर्याप्त नमी के कारण ठंडे वातावरण में भी यह आसानी से उग जाता है। आप मशरूम से सुबह के नाश्ता से लेकर रात के खाने तक के लिए कई सारे डिश बना सकते हैं।

मशरूम को हाई-प्रोटीन, लो-फैट और कम कैलोरी वाला खाद्य पदार्थ माना जाता है। इसमें फाइबर, विटामिन बी, विटामिन डी, पोटैशियम, सेलेनियम और एंटीऑक्सीडेंट जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जिसके चलते ये सेहत के लिए बेहद ही लाभकारी साबित हो सकता है। आप मशरूम से तीन तरह का झटपट स्वादिष्ट डिश तैयार कर सकते हैं।

1- मशरूम टिक्का

शाम की हल्की भूख के दौरान या फिर घर पर आए मेहमानों से लेकर छोटी पार्टी के दौरान आप मशरूम टिक्का बना सकते हैं। यह खाने में स्वादिष्ट होने के साथ ही कम समय में भी बन जाता है।

मशरूम टिक्का बनाने की सामग्री (2-3 लोगों के लिए)

250 ग्राम मशरूम
आधा कप गाढ़ा दही
2 बड़े चम्मच हल्का भुना हुआ बेसन
1 बड़ा चम्मच अदरक लहसुन का पेस्ट
1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1 छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च
एक चुटकी हल्दी
1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
आधा छोटा चम्मच गरम मसाला
आधा छोटा चम्मच चाट मसाला
एक छोटा चम्मच कसूरी मेथी (हाथ से मसलकर)
1 बड़ा चम्मच नींबू का रस
1 बड़ा चम्मच सरसों का तेल या रिफाइंड
नमक स्वादानुसार
1-1 शिमला मिर्च और प्याज (चौकोर टुकड़ों में)

मशरूम टिक्का बनाने की आसान विधि

सबसे पहले मशरूम को अच्छी तरह धोकर कपड़े से सुखा लें। बड़े मशरूम हों तो आधा काट लें। अब एक बाउल में दही, बेसन, अदरक-लहसुन पेस्ट, सभी मसाले, कसूरी मेथी, तेल, नींबू का रस और नमक मिलाकर गाढ़ा मैरिनेट तैयार कर लें। अब इसमें मशरूम, प्याज और शिमला मिर्च डालकर अच्छी तरह मिला लें और 20-30 मिनट के लिए छोड़ दें।

अब इन्हें सीक (स्क्यूअर) में लगाएं और सीधे तवे पर रख दें। मध्यम आंच पर 10-12 मिनट तक पलटते हुए सेंक लें। अब इसे एक प्लेट में निकाल लें और ऊपर से चाट मसाला-नींबू का रस डालकर हरी चटनी के साथ परोस सकते हैं।

मशरूम सूप

अगर आप शाम को कुछ हल्का खाना चाहते हैं तो मशरूम सूप बना सकते हैं। यह हल्का होने के साथ ही पोषक तत्वों से भरपूर होता है। आइए जानते हैं इसमें डाली जाने वाली सामग्री और बनाने की विधि।

मशरूम सूप बनाने के लिए सामग्री (3-4 लोगों के लिए)

200 ग्राम मशरूम बारीक कटे हुए
2 बड़े चम्मच मक्खन
1 बड़ा चम्मच ऑलिव ऑयल या रिफाइंड तेल
1 मध्यम प्याज (बारीक कटा हुआ)
4-5 लहसुन की कलियां बारीक कटी हुई
1 बड़ा चम्मच मैदा
1 कप दूध
2 कप पानी या वेजिटेबल स्टॉक
1/4 कप फ्रेश क्रीम
आधा छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
स्वादानुसार नमक
बारीक कटा हरा धनिया
आधा छोटा चम्मच ओरिगैनो या मिक्स्ड हर्ब्स (वैकल्पिक)

मशरूम सूप बनाने की आसान विधि

सबसे पहले मशरूम को अच्छी तरह धोकर सुखा लें और फिर बारीक काट लें। अब एक पैन में मक्खन और थोड़ा तेल गर्म करें। इसमें प्याज और लहसुन को 2-3 मिनट तक भून लें। अब कटे हुए मशरूम डालकर 5-7 मिनट तक पका लें, जब तक उसका पानी पूरी तरह सूख न जाए।

अब मैदा डालकर 1 मिनट तक भूनें और फिर धीरे-धीरे पानी या वेजिटेबल स्टॉक और दूध मिलाएं। मिश्रण को 8-10 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं। गैस बंद कर हल्का ठंडा होने दें। इसके बाद मिक्सर में स्मूद पीस लें। सूप को फिर से पैन में डालें और इसमें फ्रेश क्रीम, नमक और काली मिर्च मिलाकर 2 मिनट तक पका लें। अब तैयार मशरूम सूप के ऊपर से हरा धनिया डालकर गरमागरम परोस दें।

मशरूम मसाला

रात के खाने में अगर कुछ स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं तो मशरूम मसाला ट्राई कर सकते हैं। इसे आप लंच में भी बना सकते हैं। मशरूम मसाला को आप रोटी, नान, पराठे या जीरा राइस के साथ परोस सकते हैं।

मशरूम मसाला बनाने के लिए सामग्री (3-4 लोगों के लिए)
250 ग्राम मशरूम (धोकर दो टुकड़ों में कटे हुए)
2 बारीक कटे हुए प्याज
2 बारीक कटे हुए टमाटर
1 बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
2 बारीक कटी हुई हरी मिर्च
2 बड़े चम्मच तेल या घी
1 छोटा चम्मच जीरा
एक चुटकी या जरूरत के अनुसार हल्दी
1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1.5 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
आधा छोटा चम्मच जीरा पाउडर
आधा छोटा चम्मच गरम मसाला
1 छोटा चम्मच कसूरी मेथी (हाथ से मसलकर)
2 बड़े चम्मच ताजी क्रीम (वैकल्पिक)
स्वादानुसार नमक
आधा से 1 कप पानी (ग्रेवी के अनुसार)
2 बड़े चम्मच हरा धनिया

मशरूम मसाला बनाने की आसान विधि

एक कड़ाही में तेल गर्म कर जीरा डालकर उसे चटकने दें। इसके बाद प्याज डालकर सुनहरा होने तक भून लें। अब अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालकर 1 मिनट तक पका लें। अब इसमें टमाटर, हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, जीरा पाउडर और नमक डालकर अच्छे से मिला दें। मसाले को तेल अलग होने तक भूनें।

इसमें कटे हुए मशरूम डालकर 4-5 मिनट तक मध्यम आंच पर पका लें। अब जरूरत के अनुसार पानी डालें और 5 मिनट तक उबाल लें। अंत में गरम मसाला, कसूरी मेथी और क्रीम डालकर अच्छे से मिला लें और 2 मिनट तक पकाएं। आपका मशरूम मसाला तैयार है, ऊपर से हरा धनिया डालकर गरमागरम सर्व कर सकते हैं।

Also Read
महाराष्ट्र में बिना पकाए बनता है दडपे पोहे, जानें मिनटों में तैयार होने वाली रेसिपी