Parwal Recipes: अगर आप एक ही तरीके से परवल की सब्जी खाते-खाते बोर हो गए हैं तो यहां इसकी 3 स्वादिष्ट रेसिपी शेयर की गई हैं। भरवां परवल, परवल की भाजी और आलू-परवल जैसी ये 3 आसान रेसिपी आपके खाने का स्वाद बढ़ा सकती हैं। इन्हें बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता और ये लंच या डिनर, दोनों के लिए बेहतरीन विकल्प हो सकती हैं।
भरवां परवल
इसे बनाने के लिए सबसे पहले परवल को अच्छे से धोकर हल्का-हल्का छील लें। अब इन्हें बीच से चीरा लगाकर तैयार कर लें। अब मसाला तैयार करने के लिए एक पैन में सरसों का तेल गर्म करें। इसमें जीरा, चुटकी भर हींग और बेसन डालकर खुशबू आने तक भून लें। आंच को धीमा रखें फिर इसमें सौंफ, धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, जीरा पाउडर डालकर अच्छे से मिक्स कर लें। हरी मिर्च, कद्दूकस किया अदरक, आमचूर पाउडर और गरम मसाला डालकर मिक्स कर लें। इसमें आप स्वादानुसार नमक डालकर मिला लें। अब इस मसाले को सभी कटे हुए परवल के बीच में भर दें।
अब पैन में करीब 3 चम्मच तेल डालकर गर्म करें और इसमें मसाला भरे हुए परवल को धीमी आंच पर पकने दें। इसे आप चारों तरफ पलटकर सेंक लें। इसमें आप थोड़ा सा पानी डाल सकते हैं जिससे परवल सॉफ्ट हो जाएंगे। इस तरह स्वादिष्ट भरवां परवल तैयार हो जाएंगे।

परवल की भाजी
इस रेसिपी को बनाने के लिए सबसे पहले परवल को अच्छे से धोकर छील लें। अब इन्हें लंबा-लंबा काट लें। एक पैन में तेल गर्म करें और उसमें जीरा, हींग, मेथी दाने, सूखी लाल मिर्च और कटे हुए परवल डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब इसमें कटी हुई प्याज, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, नमक और गरम मसाला डालकर अच्छे से मिक्स कर लें। अब इसे धीमी आंच पर पकने दें। इस तरह आप झटपट परवल की भाजी तैयार कर सकते हैं जिसे रोटी या पराठे के साथ परोसा जा सकता है।

आलू परवल
इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में तेल गरम करें। इसमें कटे हुए परवल को डालकर फ्राई कर लें। इसी तरह आलू को डालकर पका लें और एक प्लेट में निकाल लें। प्याज, हरी मिर्च, लहसुन, अदरक का पेस्ट तैयार कर लें। अब कड़ाई में तेल गरम करें और इसमें हींग, जीरा, दालचीनी, लौंग, इलायची, जायफल, सूखी लाल मिर्च और प्याज-लहसुन का पेस्ट डालकर पकाएं। अब इसमें हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर डालें और थोड़ा पानी डालकर अच्छी तरह भून लें। जब मसाले अच्छी तरह पक जाएं तो इसमें आलू और परवल डालकर मिलाएं। इसमें स्वादानुसार नमक मिलाएं और हरा धनिया डालकर गार्निश करें।

