बरसात के मौसम में चेहरे से जुड़ी कई सारी समस्याएं शुरू हो जाती हैं। हवा में बढ़ी नमी और उमस के कारण चेहरे पर अतिरिक्त तेल जमा होने लगता है, जिससे चिपचिपापन, कील-मुंहासे, जलन और रैसेज की समस्याएं होने लगती हैं। अगर इस मौसम में त्वचा की सही देखभाल न की जाए, थोड़ी सी भी लापरवाही इन परेशानियों को बढ़ा सकती है।
अक्सर लोग इससे राहत पाने के लिए तरह-तरह के महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स का सहारा लेते हैं। हालांकि, कई बार बाजार के इन महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स में केमिकल भी मिले होते हैं, जिसके चलते ये फायदा पहुंचाने के बजाए नुकसान भी पहुंचा सकते हैं। ऐसे में आप घर पर ही कुछ देसी चीजों की मदद से फेस पैक तैयार कर सकते हैं।
दरअसल, पुराने समय में जब इतनी सुविधाएं और ब्यूटी प्रोडक्ट्स उपलब्ध नहीं हुआ करते थे, तब भी लोग पारंपरिक तरीके से चेहरे से जुड़ी समस्याओं से राहत पाते थे। हमारे घर में ही कई ऐसी चीजें मौजूद हैं जो बरसात के मौसम में आपकी त्वचा को साफ, ताजा और स्वस्थ बनाए रखने में मदद कर सकते हैं। आप घर पर ही आसानी से कई चीजों से फेस पैक तैयार कर सकते हैं। यहां पर तीन तरह के फेस पैक के बारे में बताया गया है, जिसे आप ट्राई कर सकते हैं।
1- चंदन और कच्चे दूध से बनाएं फेस पैक
मानसून में त्वचा की चिपचिपाहट से परेशान हैं तो आप चंदन और कच्चे दूध का फेस पैक लगा सकते हैं। चंदन त्वचा को ठंडक देने, अतिरिक्त तेल कम करने और चेहरे को फ्रेश रखने में मदद कर सकता है। वहीं, कच्चा दूध त्वचा को मुलायम बनाने में मदद करता है।
सामग्री
1 बड़ा चम्मच चंदन पाउडर
1 बड़ा चम्मच कच्चा दूध
4-5 बूंद गुलाब जल
बनाने और लगाने का तरीका
एक बर्तन में चंदन पाउडर, कच्चा दूध और गुलाब जल डालकर अच्छे से मिलाकर पेस्ट तैयार कर लें। पेस्ट लगाने से पहले चेहरे को धो लें। अब इसे चेहरे और गर्दन पर हल्के हाथों से लगाकर 15-20 मिनट के लिए छोड़ दें फिर ठंडे पानी से धो लें। इसे आप सप्ताह में 2 बार इस्तेमाल कर सकते हैं।
Also Read
नेचुरल तरीके से रखें होंठों का ख्याल, घर पर इस तरह अनार से बनाएं लिप बाम
2- मसूर दाल और गुलाब जल उबटन
बरसात के मौसम में चिपचिपे त्वचा से राहत पाने के लिए आप घर पर मसूर दाल और गुलाब जल से उबटन तैयार कर सकते हैं। यह त्वचा से अतिरिक्त तेल साफ करने के साथ ही मृत कोशिकाओं को हटाने में भी मदद कर सकता है।
सामग्री
2 बड़े चम्मच मसूर दाल का बारीक पाउडर
2-3 बड़े चम्मच गुलाब जल
1 छोटा चम्मच दही
बनाने और लगाने का तरीका
मसूर दाल, गुलाब जल और दही को एक बाउल में डालकर अच्छी तरह पेस्ट तैयार कर लें। चेहरा साफ करने के बाद इसे पूरे फेस पर समान रूप से लगाकर 15 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद हल्के हाथों से मसाज करते हुए साफ कर लें। इसे भी आप सप्ताह में 1-2 बार लगा सकते हैं।
3- पुदीना, तुलसी और चावल का फेस पैक
चेहरे पर अतिरिक्त तेल की समस्या से छुटकारा पाने के लिए पुदीना, तुलसी और चावल का पारंपरिक फेस पैक तैयार कर सकते हैं। पुदीना त्वचा को ठंडक पहुंचाने, तुलसी त्वचा को साफ रखने और चावल का आटा अतिरिक्त तेल हटाने में मदद कर सकता है।
सामग्री
10-12 पुदीने की ताजी पत्तियां
8-10 तुलसी की ताजी पत्तियां
1 छोटा चम्मच चावल का आटा
बनाने और लगाने का सही तरीका
सबसे पहले पुदीना और तुलसी को पीसकर पेस्ट तैयार कर लें। अब इसमें अच्छी तरह चावल का आटा मिला दें। लगाने से पहले चेहरे को साफ पानी से धो लें। अब इस फेस पैक को चेहरे पर लगाकर 15-20 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद ठंडे पानी से त्वचा को साफ कर लें। इसे भी आप सप्ताह में 1-2 बार लगा सकते हैं।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसमें बताए गए घरेलू उपाय पारंपरिक मान्यताओं और सामान्य घरेलू उपयोग पर आधारित हैं। किसी भी फेस पैक या घरेलू नुस्खे का इस्तेमाल करने से पहले त्वचा के एक छोटे हिस्से पर पैच टेस्ट जरूर कर लें। एलर्जी, त्वचा पर जलन, रैशेज या अन्य समस्या होने पर इसे तुरंत साफ कर लें।
Also Read
चावल के आटे से बनाएं 3 तरह के फेस पैक, ऐसे करें इस्तेमाल
