मौसम बदलने के साथ ही कई सारी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। खासकर वायरल इन्फेंक्शन, सर्दी-खांसी और जुकाम जैसी समस्याओं का खतरा अधिक रहता है। ऐसे में इस समय खान-पान में भी बदलाव करने की सलाह दी जाती है। बदलते मौसम में ऐसी चीजों का सेवन करना चाहिए जो सेहत के लिए फायदेमंद हों। मानसून में खुद को ध्यान रखने के लिए और मौसमी बीमारियों से बचने के लिए आप घर पर ही तीन तरह का सूप बनाकर पी सकते हैं।

सूप न सिर्फ शरीर को गर्माहट देते हैं, बल्कि इसमें मौजूद विटामिन, मिनरल्स और एंटऑक्सीडेंट्स शरीर को जरूरी पोषण भी देते हैं। आइए जानते हैं इस मौसम में कौन-कौन से सूप सेहत के लिए फायदेमंद होते हैं और कैसे बनाएं।

1- मिक्स वेजिटेबल सूप

बदलते मौसम में अपनी सेहत का ध्यान रखने के लिए आप मिक्स वेजिटेबल सूप बना सकते हैं। इसमें कई तरह की सब्जियां मिलाई जाती हैं, जिससे शरीर को फाइबर, विटामिन्स, आयरन और कई जरूरी मिनरल्स मिलते हैं।

सामग्री

1 गाजर
9-10 बीन्स
आधा कप पत्तागोभी
1/4 कप मटर (वैकल्पिक)
1 छोटा प्याज
2 लहसुन की कलियां
1 छोटा अदरक का टुकड़ा
1 छोटा चम्मच घी या ऑलिव ऑयल
4 कप पानी
नमक स्वादानुसार
काली मिर्च पाउडर
थोड़ा सा हरा धनिया

मिक्स वेजिटेबल सूप बनाने की विधि

सभी सब्जियों को अच्छी तरह धोकर बारीक काट लें। एक पैन में घी या ऑलिव ऑयल गर्म करें और इसमें अदरक-लहसुन को हल्का भून लें। इसके बाद प्याज को भी भून लें। अब सब्जियां डालकर 3-4 मिनट तक चलाएं और फिर पानी डालकर ढक्कन लगा दें। इसे 15-20 मिनट के लिए पकाएं। अब इसमें नमक और काली मिर्च डाल दें। गाढ़ा सूप पसंद है तो आधे मिश्रण को पीसकर वापस मिला दें। ऊपर से हरा धनिया डालकर सर्व कर दें।

2- स्वीट कॉर्न सूप

स्वीट कॉर्न में फाइबर, फोलेट, विटामिन बी और कई एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं। यह हल्का होने के साथ ही पेट को लंबे समय तक भरा रखने में भी मदद करता है।

सामग्री

1 कप उबला हुआ स्वीट कॉर्न
2 बड़े चम्मच गाजर (बारीक कटी)
1 बड़े चम्मच बीन्स (बारीक कटी)
1 बड़े चम्मच शिमला मिर्च
4 कप पानी
1 छोटा चम्मच कॉर्नफ्लोर
2 बड़े चम्मच पानी (कॉर्नफ्लोर घोलने के लिए)
नमक स्वादानुसार
काली मिर्च
1 छोटा चम्मच मक्खन

स्वीट कॉर्न सूप बनाने की विधि

सबसे पहले आधे स्वीट कॉर्न को मिक्सर में पीस लें और आधा साबुत रखें। अब पैन में मक्खन गर्म करें और इसमें गाजर, बीन्स और शिमला मिर्च डालकर 2-3 मिनट तक हल्का भून लें। अब पिसा हुआ और साबुत कॉर्न डाल दें और फिर पानी डालकर 10 मिनट तक उबलने दें। कॉर्नफ्लोर को पतला घोल बनाकर धीरे-धीरे सूप में मिलाएं। लगातार चलाते रहें ताकि गुठलियां न बनें। अब नमक और काली मिर्च डालकर 3-4 मिनट और पका लें। आपका सूप तैयार है, अब इसे गरमागरम परोस सकते हैं।

3- मशरूम सूप

प्रोटीन, फाइबर, विटामिन बी कॉम्प्लेक्स, सेलेनियम, पोटैशियम और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर मशरूम पेट के लिए हल्का होने के साथ ही पौष्टिक भी होता है।

सामग्री

200 ग्राम मशरूम (अच्छी तरह धोकर पतले स्लाइस में कटे हुए)
1 मध्यम आकार का प्याज (बारीक कटा)
5-6 लहसुन की कलियां (बारीक कटी)
1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक (वैकल्पिक)
1 बड़ा चम्मच मक्खन या ऑलिव ऑयल
2 कप पानी
आधा कप लो-फैट दूध (वैकल्पिक)
आधा छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
नमक स्वादानुसार
1 बड़ा चम्मच बारीक कटा हरा धनिया

मशरूम सूप बनाने की आसान विधि

एक पैन में मक्खन या ऑलिव ऑयल गर्म करें। अब इसमें लहसुन और प्याज डालकर 2-3 मिनट तक हल्का सुनहरा होने तक भून लें। अब अदरक और कटे हुए मशरूम डालें और 5-6 मिनट तक मध्यम आंच पर हल्का सुनहरा होने तक पका लें। अब पानी डालकर 10-12 मिनट तक धीमी आंच पर उबलने दें। गैस बंद कर इसे ठंडा होने दें। इसके बाद मिक्सर में डालकर इसे मुलायम प्यूरी तैयार कर लें। अब इसे फिर से पैन में डालकर क्रिमी स्वाद के लिए उसमें दूध मिला दें। 2-3 मिनट तक इसे धीमी आंच पर पका लें। अंत में नमक और काली मिर्च डालकर अच्छी तरह मिक्स करें और ऊपर से हरा धनिया डालकर गरमागरम सर्व कर दें।

Also Read
खट्टा और चटपटा होता है करौंदा, देसी स्टाइल में इस तरह बनाएं अचार