बरसात के मौसम में घर में अगर छोटी-छोटी चीजों पर ध्यान न दिया जाए तो कई सारी समस्याएं शुरू हो सकती हैं। कई ऐसे घरेलू सामान होते हैं, जिनमें से बदबू भी आने लगती है। इन्हीं में से एक है जूतों से आने वाली बदबू। कई बार बारिश में भीगने या लंबे समय तक जूते पहनने की वजह से जूतों के अंदर नमी जमा हो जाती है। खासकर बरसात के मौसम में जूतों के अंदर नमी की समस्या अधिक रहती है। अगर नमी लंबी समय तक बनी रहे, तो इससे जूतों में बैक्टीरिया और फंगस पनपने का खतरा बढ़ जाता है, जिससे तेज दुर्गंध आने लगती है।
बारिश के मौसम में जब जूतों से बदबू आने लगती है तो लोग इसके लिए कई महंगे प्रोडक्ट्स का सहारा लेते हैं। लेकिन आप घर में मौजूद कुछ चीजों की मदद से भी आसानी से जूतों की बदबू से राहत पा सकते हैं। आइए जानते हैं 3 ऐसे असरदार उपाय जो काम आ सकते हैं।
बेकिंग सोडा
बेकिंग सोडा का इस्तेमाल न सिर्फ खाने बल्कि साफ-सफाई में भी खूब किया जाता है। इसमें ऐसे गुण होते हैं जो बदबू की समस्या से निजात दिला सकते हैं। इसमें नमी और दुर्गंध को सोखने की क्षमता होती है। ऐसे में आप रात में सोने से पहले दोनों जूतों के अंदर थोड़ा सा बेकिंग सोडा छिड़क दें और पूरी रात के लिए छोड़ दें। सुबह जूतों को अच्छी तरह से झाड़ लें। इससे नमी कम होने के साथ ही काफी हद तक बदबू से भी छुटकारा मिल सकता है।
चायपत्ति भी आ सकती है काम
चायपत्ति की मदद से भी आप जूतों से आ रही बदबू को दूर कर सकते हैं। इसके लिए इस्तेमाल किए हुए टी-बैग्स को अच्छी तरह सुखा लें और कुछ घंटों के लिए जूतों के अंदर रख दें। अगर टी-बैग्स उपलब्ध नहीं है तो सूखी चायपत्ती को कपड़े की छोटी पोटली में बांधकर भी जूतों में रख सकते हैं। इससे काफी हद तक बदबू से राहत मिल सकती है।
नीम की पत्तियां
भारतीय घरों में नीम की पत्तियों का इस्तेमाल पुराने समय से कई कामों में होता आ रहा है। इसमें प्राकृतिक एंटीबैक्टीरियल और एंटीफंगल गुण पाए जाते हैं, जो बदबू को दूर करने में मदद कर सकते हैं। इसके लिए 8-10 सूखी नीम की पत्तियां जूतों के अंदर रख दें और पूरी रात के लिए छोड़ दें। सुबह इन पत्तियों को निकाल दें।
Also Read
चार्जर का सफेद केबल हो गया है काला और चिपचिपा, इन आसान तरीकों से करें साफ
