Jaldi Banne Wala Nashta: ऑफिस हो या कॉलेज सुबह के समय जल्दी उठने में कई लोगों को समस्या होती है। कई बार ऐसा होता है कि हम जल्दी उठ जाते हैं लेकिन तैयार होने में समय लग जाता है। ऐसे में कई बार नाश्ता स्किप करना पड़ता है या बाहर ब्रेकफास्ट करना पड़ सकता है। हालांकि रोजाना बाहर का खाना सेहत के लिए अच्छा नहीं माना जाता है। अगर आपके साथ भी ऐसा ही होता है, तो यहां दी गई कुछ आसान ब्रेकफास्ट रेसिपीज काम आ सकती हैं।

इन रेसिपीज की खास बात यह है कि इन्हें आप बिना गैस जलाए भी तैयार कर सकते हैं। सुबह जल्दबाजी में आप इन्हें करीब 5 से 10 मिनट के अंदर बना सकते हैं। ये स्वाद के साथ-साथ सेहत का भी ख्याल रखने में मदद कर सकती हैं।

दही-ओट्स बाउल

सुबह जल्दी में हैं और कुछ समझ नहीं आ रहा क्या खाएं। ऐसे में दही ओट्स बाउल बना सकते हैं। इसके लिए आपको गैस जलाने या किसी तरह की कुकिंग करने की जरूरत नहीं होगी। इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक बाउल में दही लें और उसे अच्छी तरह फेंट लें। अब इसमें ओट्स डालें। इसके बाद केला, सेब या अपनी पसंद के अनुसार फलों को काटकर डाल सकते हैं। ऊपर से कटे हुए बादाम, अखरोट और अन्य ड्राई फ्रूट्स डालें। स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें शहद या चिया सीड्स भी डाल सकते हैं। सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स करें। अगर आपके पास समय है, तो इसे 5 मिनट रख सकते हैं। इससे ओट्स नरम हो जाएंगे।

स्प्राउट्स चाट

सुबह के समय कुछ चटपटा और स्वादिष्ट खाना चाहते हैं, तो स्प्राउट्स चाट एक आसान विकल्प हो सकता है। इसे बनाने के लिए पहले से तैयार अंकुरित मूंग या अन्य स्प्राउट्स का इस्तेमाल किया जा सकता है। एक बाउल में अंकुरित मूंग, बारीक कटी प्याज, खीरा और टमाटर मिलाएं। इसके बाद स्वादानुसार नमक, चाट मसाला और थोड़ा भुना जीरा पाउडर मिलाएं। अब हरा धनिया और नींबू का रस मिलाकर सभी चीजों को मिक्स कर लें। इस तरह झटपट स्प्राउट्स चाट तैयार हो जाएगा।

फ्रूट्स स्मूदी

नाश्ते में कुछ ठंडा या हेल्दी ड्रिंक का विकल्प तलाश रहे हैं, तो फ्रूट्स स्मूदी बना सकते हैं। इसमें आप अपनी पसंद के फलों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए केले, सेब और अपनी पसंद के फलों को छोटे टुकड़ों में काट लें। इन्हें मिक्सर जार में डालें और साथ में दही या दूध मिलाएं। अगर आपको मीठा पसंद है, तो इसमें शहद मिला सकते हैं। सभी चीजों को अच्छी तरह ब्लेंड कर लें। इसकी कंसिस्टेंसी अपनी पसंद के अनुसार रखें। तैयार स्मूदी को गिलास में निकाल लें और इसे ड्राई फ्रूट्स डालकर गार्निश करें।