sofa ki badbu kaise dur kare: परिवार के साथ समय बिताना हो, मेहमानों का स्वागत करना हो या आराम करना हो, ज्यादा समय लोग सोफे पर बैठना पसंद करते हैं। घर को खूबसूरत लुक देने में सोफा अहम भूमिका निभाता है। लेकिन कई बार धूल-मिट्टी, नमी, खाने-पीने की चीजों के दाग, पालतू जानवरों की वजह से समय के साथ सोफे से बदबू आने लगती है। कई लोग इस समस्या से छुटकारा पाने के लिए महंगे क्लीनर का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि आप कुछ आसान घरेलू तरीकों की मदद से सोफे को साफ और सुरक्षित रख सकते हैं।
बारिश के मौसम में लगातार रहने वाली नमी की वजह से फैब्रिक वाले सोफे से अक्सर बदबू आने लगती है। ऐसे में आप यहां दिए गए तरीकों की मदद से सोफे को ताजा और फ्रेश रख सकते हैं।
बेकिंग सोडा का इस्तेमाल
सोफे की बदबू दूर करने के लिए बेकिंग सोडा एक आसान और असरदार तरीका हो सकता है। सबसे पहले सोफे की सतह से धूल हटाने के लिए वैक्यूम क्लीनर या सूखे कपड़े का इस्तेमाल करें। अब पूरे सोफे पर हल्की मात्रा में बेकिंग सोडा छिड़क दें। इसे करीब 20 से 25 मिनट तक लगा रहने दें, ताकि यह बदबू और अतिरिक्त नमी को सोख ले। अब वैक्यूम क्लीनर की मदद से बेकिंग सोडा को साफ कर दें। इससे सोफा पहले की तुलना में ज्यादा फ्रेश नजर आ सकता है।
लिक्विड डिटर्जेंट या शैंपू से दूर करें बदबू
अगर सोफे पर दाग-धब्बे या गंदगी जमा हो गई है, तो फैब्रिक से बदबू आना लाजमी है। इसके लिए आप लिक्विड डिटर्जेंट या शैंपू और गुनगुने पानी का घोल तैयार कर लें। इसे सोफे पर स्प्रे करें और कुछ देर ऐसे ही रहने दें। इसके बाद माइक्रोफाइबर कपड़े की मदद से सोफे को साफ करें। इसके बाद सूखे कपड़े से अतिरिक्त नमी को पोंछ लें। सफाई के बाद सोफे को पूरी तरह से सूख जाने दें। इस तरीके से सोफे की बदबू दूर करने में मदद मिल सकती है।
सफेद सिरका आ सकता है काम
सोफे के फैब्रिक की बदबू दूर करने के लिए सफेद सिरका मदद कर सकता है। इसके लिए एक स्प्रे बोतल में पानी और सफेद सिरके को बराबर मात्रा में मिलाएं। आप इसमें कुछ बूंदें एसेंशियल ऑयल की डाल सकते हैं। अब इसे सोफे पर हल्का-हल्का स्प्रे करें। ध्यान रखें कि सोफा ज्यादा गीला न हो। इसके बाद खिड़कियों को खोल दें या पंखा चला दें। ताकि सोफा अच्छी तरह सूख जाए। इस तरह सोफे की बदबू दूर की जा सकती है।
