चांदी के गहने अपनी खूबसूरती और सफेद चमक के लिए जाने जाते हैं। हालांकि, समय के साथ ये गहने पसीने, परफ्यूम और केमिकल्स के संपर्क में आने से काले हो जाते हैं। इससे इनकी चमक खो जाती है।

वहीं, सफाई के लिए अधिकतर लोग मार्केट में मिलने वाले केमिकल्स का उपयोग करते हैं, जिससे कई बार गहनों की चमक चली जाती है। कई मामलों में तो गहने खराब भी हो जाते हैं। हालांकि, चांदी के गहनों से कालापन हटाने के लिए आप कुछ आसान घरेलू उपायों को फॉलो कर सकते हैं।

नींबू और नमक से करें क्लीन

चांदी के गहनों को साफ करने के लिए आप नींबू और नमक का उपयोग कर सकते हैं। दरअसल, नींबू में साइट्रिक एसिड होता है, जो चांदी की सफाई में मददगार होता है। इसके लिए एक कटोरी में नींबू का रस लें और उसमें थोड़ा सा नमक डालकर मिश्रण तैयार करें। अब इसमें चांदी के गहनों को डालकर कुछ समय के लिए ऐसे ही छोड़ दें। करीब 10 मिनट बाद गहनों को हल्के हाथों से रगड़ते हुए साफ कर लें।

बेकिंग सोडा से हटाएं कालापन

बेकिंग सोडा भी चांदी के गहनों की सफाई के लिए कारगर हो सकता है। इसके लिए एक कटोरी में थोड़ा सा बेकिंग सोडा लें और उसमें पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बनाएं। अब इस पेस्ट को पुरानी टूथब्रश की मदद से गहनों पर हल्के हाथों से रगड़ें। कुछ समय बाद गहनों को साफ पानी से धो लें। इससे गहनों का कालापन धीरे-धीरे हटने लगता है।

एल्युमिनियम फॉयल और गर्म पानी

अगर चांदी के गहने बहुत अधिक काले हो गए हैं, तो एल्युमिनियम फॉयल और गर्म पानी की मदद से इन्हें आसानी से साफ किया जा सकता है। इसके लिए एक बर्तन में एल्युमिनियम फॉयल बिछाएं और उस पर चांदी के गहने रखें। अब इसमें एक से दो चम्मच नमक डालें और ऊपर से गर्म पानी डाल दें। इससे चांदी का कालापन आसानी से हट जाएगा।

सफाई के दौरान इन बातों का रखें ख्याल

चांदी के गहनों को साफ करते समय इसे अधिक नहीं रगड़ना चाहिए। इससे चांदी की गहने खराब हो सकती है। अगर गहनों में स्टोन या मोती लगे हों, तो उन्हें पानी में ज्यादा देर तक न भिगोएं। वहीं, गहनों को साफ करने के बाद इसे पूरी तरह से सुखा लें।