सुबह के समय अक्सर घरों में पोहा, पराठा या चीला बनाया जाता है। हर बार एक ही जैसा नाश्ता करके हम बोर हो जाते हैं, जिसकी वजह से नई-नई चीजें खोजने लगते हैं। अगर आप भी सुबह अलग और स्वादिष्ट खाना चाहते हैं, तो इस बार कुछ अलग बना सकते हैं। दरअसल हम आपको नाश्ते की कुछ ऐसी रेसिपी बताने जा रहे हैं, जिन्हें आसानी से कम समय में बनाया जा सकता है। आइए, जानते हैं इन्हें बनाने का तरीका क्या है।
मूंगलेट
सुबह के समय हेल्दी और स्वादिष्ट नाश्ता करना चाहते हैं, तो मूंगलेट बेहतरीन विकल्प हो सकता है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले मूंगदाल को रातभर भिगोकर रखें। अब इसे मिक्सर में डालकर हरी मिर्च, अदरक और पानी डालकर पीस लें। अब इस बैटर में हल्दी, जीरा, नमक और चाट मसाला डालकर अच्छी तरह मिला लें। इसमें बारीक कटी प्याज, गाजर और शिमला मिर्च डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। अब इसमें बेकिंग सोडा डालें और अच्छी तरह मिलाएं। अब तवे पर हल्का तेल लगाएं और बैटर को इसपर अच्छी तरह फैलाएं। इसे ढककर कुछ देर पकाएं और फिर पलटकर दूसरी तरफ भी पकाएं। इसे दोनों तरफ अच्छी तरह पकाएं। मूंगलेट तैयार है, इसे गार्निश करने के लिए ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया और सेव डालें। इसे चटनी या केचप के साथ खा सकते हैं।
ओट्स का चीला
बेसन या सूजी का चीला खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार ओट्स का चीला बना सकते हैं। इसे बनाना बहुत ही आसान है। सुबह ही नहीं बल्कि इसे शाम के समय भी हल्की भूख के दौरान खा सकते हैं। इसे बनाने के लिए सबसे पहले प्याज, शिमला मिर्च, गाजर, लहसुन, हरी मिर्च और टमाटर को बारीक काट लें। अब एक बाउल में थोड़ा सा बेसन लें। इसमें लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, हल्दी, नमक और कटी हुई सब्जियों को डालें। हरा धनिया और थोड़ा पानी डालकर मिश्रण को अच्छी तरह मिलाएं। इस मिश्रण में ओट्स डालें और अच्छी तरह मिक्स करें। अब इस बैटर को तवे पर फैलाकर चीला बनाएं। चीले को दोनों तरफ से अच्छी तरह पकने दें। इसके ऊपर हल्का तेल डाल सकते हैं ताकि यह तवे पर चिपके न। इसे हरी चटनी के साथ गरम-गरम सर्व करें।
सेवई उपमा
सबसे पहले एक पैन में जरा सा घी डालें और इसमें एक कप सेवई डालकर रोस्ट कर लें। ध्यान रखें कि इसे धीमी आंच पर भूनना है। अब इसे बाउल में निकाल कर रख लें। अब पैन लें और इसमें घी गरम करें। जब घी गरम हो जाए तो इसमें काजू और मूंगफली डाल दें। इन्हें अच्छी तरह फ्राई करके निकाल लें। इसमें राई, चना दाल, उड़द दाल, हींग, करी पत्ते और कटी हुई प्याज, अदरक और मिर्च डाल दें। प्याज को नरम होने तक पकाएं। अब इसमें गाजर, शिमला मिर्च काटकर डालें। ऊपर से नमक और हल्दी पाउडर डालें। इसे अच्छी तरह मिलाएं। एक से दो मिनट तक पकाने के बाद इसमें हल्का पानी डाल दें। जब पानी उबलने लगे तो इसमें चुटकीभर चीनी डाल दें। साथ ही रोस्टेड सेवई भी मिलाएं। इसे धीमी आंच पर एक मिनट पकाएं। अब ढक्कन लगाकर इसे करीब 5 मिनट पकाएं। अब गैस बंद कर दें और इसे कुछ देर ऐसे रही ढका रहने दें। अब ऊपर से नींबू का रस, कद्दूकस किया नारियल, हरा धनिया और भुने हुए काजू और मूंगफली को डालें।
