डोसा दक्षिण भारत के प्रसिद्ध व्यंजनों में से एक है। डोसा का सेवन न सिर्फ भारत बल्कि दुनिया के कई अन्य देशों में भी किया जाता है। कई बार डोसा बनाने के बाद उसका बैटर बच जाता है, ऐसे में लोगों को समझ नहीं आता कि इसका क्या करें। हालांकि, बचे हुए बैटर से आप तीन तरह के स्वादिष्ट व्यंजन तैयार कर सकते हैं। इन व्यंजनों को बनाने में बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती। आप घर पर मौजूद सब्जियों की मदद से ये स्वादिष्ट व्यंजन तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं बचे हुए डोसा के बैटर से क्या-क्या बनाया जा सकता है।

1- डोसा बैटर से बनाएं अप्पे

सुबह के वक्त नाश्ते में अगर कुछ स्वादिष्ट और हेल्दी खाना चाहते हैं तो डोसे के बचे हुए बैटर से हल्के कुरकुरे और अंदर से नरम अप्पे बना सकते हैं।

सामग्री

2 कप डोसा बैटर
1 बारीक कटा प्याज
1 बारीक कटी हुई हरी मिर्च
1 कद्दूकस की हुई छोटी गाजर
थोड़ा हरा धनिया
आधा चम्मच जीरा
आधा चम्मच राई
स्वादानुसार नमक
थोड़ा तेल
5-6 करी पत्ते

डोसा बैटर से अप्पे बनाने की आसान विधि

अप्पे बनाने के लिए सबसे पहले एक कटोरे में डोसा बैटर लें और इसमें प्याज, हरी मिर्च, गाजर, हरा धनिया और नमक मिला दें। पैन में थोड़ा तेल गर्म करके राई, जीरा और करी पत्ते का तड़का लगाएं और इसे बैटर में मिला दें। अब अप्पे पैन को गर्म करके हर खांचे में थोड़ा तेल या घी डालें। उसमें बैटर डालकर धीमी से मध्यम आंच पर पका लें। नीचे से सुनहरा होने पर उसे दूसरी तरफ पलटकर अच्छी तरह सेंक लें। इस अप्पे को आप नारियल की चटनी या धनिया की चटनी के साथ परोस सकते हैं।

2- वेजिटेबल पैनकेक

बचे हुए डोसा के बैटर से अगर कुछ अलग रेसिपी ट्राई करना चाहते हैं तो इससे नमकीन पैनकेक बना सकते हैं। यह बच्चों को भी पसंद आ सकता है।

जरूरत के सामान

डेढ़ कप डोसा बैटर
कद्दूकस की हुई 1 छोटी गाजर
1 बारीक कटा प्याज
1 बारीक कटी छोटी शिमला मिर्च
1 हरी मिर्च
थोड़ा हरा धनिया
स्वादानुसार नमक
थोड़ा-सा तेल या घी

इस तरह बनाएं डोसा बैटर से पैनकेक

डोसा बैटर में सभी सब्जियों और नमक को अच्छी तरह मिला दें। अब तवा गर्म करके उस पर थोड़ा तेल लगाएं। इसके बाद एक कलछी बैटर डालकर उसे गोल आकार में फैला लें। ऊपर से थोड़ा तेल डालें और धीमी से मध्यम आंच पर पकाएं। जब नीचे की सतह सुनहरी हो जाए और ऊपर का हिस्सा भी अच्छी तरह पक जाए, तो इसे पलट दें। दूसरी तरफ से भी अच्छी तरह पका लें। तैयार पैनकेक को आप नारियल की चटनी या हरी चटनी के साथ परोस सकते हैं।

3- सब्जियों वाला उत्तपम

डोसे के बैटर में अपनी पसंद की सब्जियां डालकर उत्तपम भी तैयार कर सकते हैं। इसे आप नाश्ते में परोस सकते हैं।

सामग्री

2 कप डोसा बैटर
1 बारीक कटा प्याज
1 बारीक कटा टमाटर
आधी बारीक कटी शिमला मिर्च
1 हरी मिर्च
थोड़ा हरा धनिया
तेल
स्वादानुसार नमक

सब्जियों वाला उत्तपम बनाने की विधि

सबसे पहले बैटर को एक बड़े कटोरे में निकालकर इसमें नमक मिला लें। अब तवे को गर्म करके थोड़ा तेल लगाएं और बैटर को डालकर उसे मोटा फैला लें। ऊपर से प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च, हरी मिर्च और धनिया डालें। किनारों पर थोड़ा तेल या घी डालते हुए मध्यम आंच पर पका लें। नीचे से सुनहरा और कुरकुरा होने लगे तो इसे पलटकर दूसरी तरफ से भी सुनहरा होने तक पका लें। तैयार उत्तपम को आप टमाटर चटनी, सांभर और नारियल चटनी के साथ परोस सकते हैं।

यह भी पढ़ें
सख्त क्यों बनती हैं कढ़ी की बड़ियां, नरम बनाने के लिए अपनाएं ये आसान तरीके