काले चने को सुपरफूड माना जाता है, क्योंकि इसमें प्रोटीन, फाइबर, आयरन और कई जरूरी पोषक तत्व भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। काले चने का सेवन अक्सर लोग सुबह के वक्त उबालकर या भिगोकर नाश्ते में खाना पसंद करते हैं। इसके साथ ही कई लोग काले चने की ग्रेवी वाली सब्जी भी बनाते हैं। लेकिन आप इससे कई सारी और भी डिश तैयार कर सकते हैं, जो न सिर्फ स्वादिष्ट होती हैं बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद होते हैं। आइए जानते हैं काले चने से बनाई जाने वाली 3 आसान रेसिपीज कौन-कौन सी हैं।
काला चना टिक्की
शाम के समय हल्की भूख लगने पर आप काले चने की टिक्की बना सकते हैं। यह बाहर से तो कुरकुरी होती है लेकिन अंदर से बिल्कुल नरम, जिसे बच्चे से लेकर बड़े तक पसंद करते हैं।
सामग्री
1 कप उबले हुए काले चने
1/4 कप ओट्स पाउडर या 1/4 कप सूजी
1 उबला हुआ आलू (मैश किया हुआ)
1 बारीक कटा प्याज (वैकल्पिक)
2 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
1 छोटा चम्मच अदरक का पेस्ट
2 बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
आधा छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
आधा छोटा चम्मच गरम मसाला
आधा छोटा चम्मच अमचूर पाउडर या 1 छोटा चम्मच नींबू का रस
नमक स्वादानुसार
1-2 छोटे चम्मच तेल (सेंकने के लिए)
काला चना टिक्की बनाने की आसान विधि
सबसे पहले उबले हुए काले चनों को मिक्सर में हल्का दरदरा पीस लें। अब इसमें मैश किया हुआ आलू, ओट्स पाउडर या सूजी, प्याज, हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया और सभी मसाले डालकर अच्छी तरह मिला लें। मिश्रण ज्यादा नरम लगे, तो थोड़ा और पाउडर या सूजी मिलाकर इसे बांध लें। तैयार मिश्रण की टिक्कयां बनाकर एक प्लेट में रख लें।
अब एक नॉन-स्टिक तवा गर्म करें और उस पर हल्का तेल लगाएं। टिक्कियों को मध्यम आंच पर दोनों तरफ से 3-4 मिनट तक सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें। इसे आप दही या फिर हरी चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं।
काला चना पकौड़ा
बारिश के मौसम में शाम के वक्त लोग अक्सर कुछ चटपटा खाने के लिए खोजते हैं। ऐसे में आप काला चना पकौड़ा बना सकते हैं। इस स्वादिष्ट स्नैक्स को बनाना भी काफी आसान है।
काला चना पकौड़ा के लिए सामग्री
1 कप उबले हुए काले चने
आधा कप बेसन
1 मध्यम आकार का प्याज (बारीक कटा हुआ)
2 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
1 छोटा चम्मच अजवाइन
आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1/4 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
आधा छोटा चम्मच धनिया पाउडर (वैकल्पिक)
2 बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
स्वादानुसार नमक
2-3 बड़े चम्मच पानी (जरूरत अनुसार)
तलने के लिए तेल
काला चना पकौड़ा बनाने की आसान विधि
उबले चने को हल्का मैश कर एक बाउल में डाल लें। अब इसमें प्याज, बेसन, हरी मिर्च, अजवाइन, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, हरा धनिया और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें। जरूरत के अनुसार 2-3 बड़े चम्मच पानी डालकर गाढ़ा मिश्रण तैयार कर लें। अब एक कड़ाई में तेल गर्म करें और मिश्रण के छोटे-छोटे हिस्से डालकर मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें। इसे टिश्यू पेपर पर निकाल लें, ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए। अब आप इसे हरी चटनी या दही के साथ सर्व कर सकते हैं।
मसाला क्रंची काला चना
सामग्री
1 कप उबले हुए काले चने (अच्छी तरह सूखे हुए)
2 बड़े चम्मच कॉर्नफ्लोर
2 बड़े चम्मच चावल का आटा
1 छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
आधा छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
नमक स्वादानुसार
आधा छोटा चम्मच चाट मसाला
आवश्यकतानुसार तेल
मसाला क्रंची काला चना बनाने की आसान विधि
उबले हुए काले चनों को कपड़े या टिश्यू पेपर से अच्छी तरह सुखा लें। अब इसमें कॉर्नफ्लोर, चावल का आटा, कश्मीरी लाल मिर्च, काली मिर्च, नमक और थोड़ा सा तेल डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब एक कड़ाई में तेल डालकर मध्यम आंच पर इसे डीप फ्राई कर लें। तैयार क्रंची चनों पर ऊपर से चाट मसाला छिड़कर और नींबू का रस डालकर सर्व कर सकते हैं।
Also Read
मखाना से बनाएं 3 तरह की चटपटी डिश, स्वाद बढ़ाने के लिए मिलाएं ये चीजें
