गर्मी और बरसात के मौसम में मिलने वाली अरबी अपने पोषक तत्वों के लिए जानी जाती है। अरबी में विटामिन सी, विटामिन ई, फाइबर, पोटैशियम और एंटीऑक्सीडेंट जैसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो सेहत के लिए बेहद ही फायदेमंद माने जाते हैं। ज्यादातर लोग अरबी की ग्रेवी वाली सब्जी बनाते हैं, जो बच्चों को अक्सर कम पसंद आती है। हालांकि, अरबी से आप कई तरह के स्वादिष्ट व्यंजन तैयार कर सकते हैं, जो बड़ों से लेकर बच्चों तक को पसंद आ सकती है। यहां अरबी से बनाई जाने वाली तीन आसान और स्वादिष्ट रेसिपी बताई गई हैं। इसे आप बच्चों के टिफिन में भी पैक करके दे सकते हैं।

अरबी कटलेट

अगर बच्चे अरबी की सब्जी खाने से मुंह बनाते हैं तो उनके लिए आप कटलेट बना सकते हैं। यह कटलेट बाहर से कुरकुरे और अंदर से नरम होते हैं। साथ ही इसे आप कम समय में भी आसानी से बना सकते हैं।

अरबी कटलेट बनाने के लिए सामग्री

4-5 उबली हुई अरबी
आधा कप उबली हुई हरी मटर
आधा कप उबले हुए स्वीट कॉर्न
2-3 बड़े चम्मच ब्रेडक्रम्ब्स (मिश्रण के लिए)
आधा छोटा चम्मच जीरा पाउडर
आधा छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
नमक स्वादानुसार
2 बड़े चम्मच बारीक कटी हरी धनिया
2-3 छोटे चम्मच तेल सेंकने के लिए

अरबी कटलेट बनाने की आसान विधि

सबसे पहले उबली हुई अरबी को अच्छी तरह मैश करके इसमें मटर, स्वीट कॉर्न, जीरा पाउडर, काली मिर्च, नमक, हरी धनिया और ब्रेडक्रम्ब्स डालकर अच्छी तरह मिला लें। तैयार मिश्रण से मनचाहे आकार के कटलेट बनाएं और उन्हें ब्रेडक्रम्ब्स में अच्छी तरह लपेट लें। अब नॉन-स्टिक तवा गर्म करें, हल्का सा तेल लगाएं और कटलेट को मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें। इन्हें आप हरी चटनी या दही के साथ बच्चों के टिफिन में पैक कर सकते हैं।

2- अरबी मसाला रोल

सामग्री

4 गेहूं की रोटियां
5 उबली हुई अरबी
1 प्याज (पतला कटा हुआ)
आधा शिमला मिर्च (पतली कटी हुई)
1 छोटा चम्मच चाट मसाला
आधा छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
नमक स्वादानुसार
2-3 बड़े चम्मच टोमैटो सॉस या हरी चटनी
1 बड़ा चम्मच तेल या घी
बारीक कटी हरी धनिया

अरबी मसाला रोल बनाने की आसान विधि

उबली हुई अरबी को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। इसके बाद एक पैन में थोड़ा तेल गर्म कर उसमें प्याज व शिमला मिर्च 2-3 मिनट तक हल्का भून लें। अब इसमें अरबी डालें और चाट मसाला, काली मिर्च, नमक और धनिया मिलाकर 2-3 मिनट तक अच्छी तरह चलाते हुए मिला लें। तैयार मिश्रण को रोटी के बीच में रखें, ऊपर से टोमैटो सॉस या हरी चटनी लगाकर रोटी को अच्छे से रोल कर दें। रोल को बटर पेपर या फॉयल में लपेटकर टिफिन में रख दें। चाहें तो रोल को तवे पर 1-2 मिनट हल्का सेंककर भी परोस सकते हैं।

3- अरबी टिक्की

सामग्री

4 उबली हुई अरबी
2 मध्यम आकार के उबले आलू
2 बड़े चम्मच बारीक कटी हरी धनिया
1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक
1 बारीक कटी हरी मिर्च (वैकल्पिक)
आधा छोटा चम्मच गरम मसाला
आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर (वैकल्पिक)
नमक स्वादानुसार
आधा कप ब्रेडक्रम्ब्स
सेंकने के लिए तेल

अरबी टिक्की बनाने की आसान विधि

उबली हुई अरबी और आलू को अच्छी तरह मैश करके इसमें अदरक, हरी धनिया, हरी मिर्च, गरम मसाला, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें। मिश्रण ज्यादा नरम लगे तो थोड़ा ब्रेडक्रम्ब्स मिला दें। अब छोटे-छोटे हिस्से लेकर गोल या चपटी टिक्की बना लें और उन्हें ब्रेडक्रम्ब्स में लपेट दें। तवे पर हल्का तेल डालकर टिक्कियों को दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेंक लें। इन्हें हरी चटनी या दही के साथ बच्चों को परोस सकते हैं साथ ही टिफिन में भी पैक कर सकते हैं।

Also Read
घर पर बनानी है बाजार जैसी नान रोटी, मटके में इस आसान तरीके से करें तैयार