DIY Cucumber Face Pack: गर्मियों में रोजाना धूप, धूल-मिट्टी, पसीना और प्रदूषण की वजह से चेहरा बेजान दिखने लगता है। ऐसे में कई लोग महंगे स्किन केयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं जो त्वचा को नुकसान भी पहुंचा सकते हैं। अगर आप इस मौसम में अपनी त्वचा का ध्यान रखना चाहते हैं तो घरेलू तरीके मददगार साबित हो सकते हैं। चेहरे को फ्रेश और हाइड्रेट बनाए रखने के लिए खीरे का इस्तेमाल कर सकते हैं जो बहुत फायदेमंद माना जाता है। सलाद में खाने और आंखों पर लगाने के अलावा खीरे से फेस पैक बनाया जा सकता है जो स्किन को ग्लोइंग और फ्रेश बनाए रखने में मदद कर सकता है।
खीरे में पानी की मात्रा ज्यादा होती है जो स्किन को हाइड्रेट रखने में मदद कर सकता है। इसके अलावा चेहरे को ताजगी या फ्रेश बनाए रखने में भी मदद करता है। अगर आप गर्मी में स्किन केयर रूटीन और नेचुरल ऑप्शन तलाश रहे हैं तो खीरे से बने ये 3 फेस पैक ट्राई कर सकते हैं।
खीरा-दही फेस पैक
इस फेस पैक को बनाने के लिए आधे खीरे का पेस्ट बनाकर उसमें 2 चम्मच दही मिलाएं। दोनों को मिलाकर स्मूद पेस्ट तैयार कर लें। इस फेस पैक को लगाने से पहले चेहरे को पानी से धो लें और पेस्ट को गर्दन और चेहरे पर लगाएं। सूखने के बाद इसे ठंडे पानी से धो लें। यह फेस पैक गर्मियों में होने वाली चेहरे की जलन को कम कर सकता है।
खीरा-शहद फेस पैक
चेहरे को फ्रेश और हाइड्रेट रखने के लिए खीरा और शहद का फेस पैक बना सकते हैं। इसके लिए आधे खीरे का पेस्ट बना लें या इसे कद्दूकस कर लें। अब इसमें 1 चम्मच शहद मिक्स करें और चेहरे पर लगाएं। करीब 15 से 20 मिनट बाद इसे गुनगुने पानी से साफ कर लें।
खीरा-एलोवेरा जेल फेस पैक
खीरा और एलोवेरा जेल स्किन के लिए फायदेमंद माने जाते हैं, जिनका इस्तेमाल करके आप फेस पैक तैयार कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले खीरे का रस निकाल लें और इसमें 2 चम्मच एलोवेरा जेल मिक्स करें। इसमें आप थोड़ा सा गुलाब जल भी मिक्स कर सकते हैं। अब इसे चेहरे और गर्दन पर करीब 10 मिनट तक लगाकर रखें। अब चेहरे को ठंडे पानी से साफ कर लें। यह फेस पैक चेहरे की स्किन को ठंडक पहुंचाने और हाइड्रेट रखने में मदद कर सकता है।
फेस पैक लगाते समय बरतें सावधानी
अगर आपकी स्किन सेंसिटिव है तो इन फेस पैक को लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। फेस पैक को आंखों के आसपास लगाने से बचें। खीरे में दही, शहद और एलोवेरा जेल मिलाकर लगाना फायदेमंद हो सकता है लेकिन अगर आपको किसी प्रकार की त्वचा संबंधी समस्या है, तो इसे लगाने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए एक्सपर्ट से जरूर परामर्श करें।
